गलती या सोची समझी साजिश! पाकिस्तान कैसे पहुंच गया एयर इंडिया का विमान? पायलट पर ऐक्शन

लाइव हिन्दुस्तान
Follow us on Google News
share

एयर इंडिया की एक फ्लाइट पाकिस्तान के हवाई क्षेत्र में पहुंच गई। पायलट को पाकिस्तान  पहुंचने का पता तब चला, जब पाकिस्तानी एयर कंट्रोल अथॉरिटी ने चेतावनी संदेश भेजने शुरू कर दिए। अब पायलट पर ऐक्शन हुआ है।

Air India

भारत और पाकिस्तान के खराब रिश्तों की वजह से आमतौर पर भारतीय विमानों के लिए पाकिस्तान के और पाकिस्तानी विमानों के लिए भारतीय हवाई क्षेत्र के दरवाजे बंद हैं। लेकिन सोमवार रात हुई एक घटना से लोगों की परेशानी उस वक्त बढ़ गई, जब दिल्ली से अमृतसर के लिए निकला एयर इंडिया का विमान AI-321 अपने रास्ते से भटककर पाकिस्तानी हवाई क्षेत्र में पहुंच गया। इसके बाद पाकिस्तान के एयर ट्रैफिक कंट्रोल ने इसे चेतावनी देकर वापस लौटने के लिए कहा।

रिपोर्ट्स के मुताबिक एयर इंडिया का एयरबस AI-321 ने सोमवार को रात करीब 9:18 पर नई दिल्ली से अमृतसर के लिए उड़ान भरी थी। लेकिन रास्ता भटककर यह पाकिस्तान पहुंच गया। सूत्रों के मुताबिक, पायलट को पाकिस्तान पहुंचने की जानकारी तब मिली, जब कंट्रोल सिस्टम पर पाकिस्तान की एयर ट्रैफिक अथॉरिटी की चेतावनी आने लगी। इसके बाद स्थानीय एयर ट्रैफिक कंट्रोल ने विमान को दिल्ली लौटने का निर्देश दिया। इसके बाद विमान दिल्ली लौट आया।

दिल्ली वापस लाया गया विमान

सूत्रों के मुताबिक, नई दिल्ली से निकला यह विमान करीब एक घंटे के अंदर अमृतसर पहुंचने वाला था। लेकिन यह रास्ता भटककर पाकिस्तान पहुंच गया। इसके बाद यह करीब 11:30 तक दिल्ली लौट आया। बाद में 2 घंटे की जांच के बाद इसे दोबारा उड़ान भरने की इजाजत दी गई। फिर वह देर रात करीब 2:20 पर अमृतसर के श्री राम दास जी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर उतरा। एयरपोर्ट अथॉरिटी के मुताबिक विमान में उड़ाने के दौरान नेवीगेशन सिस्टम में खराबी आ गई थी। इसलिए यह रास्ता भटक गया।

एयरपोर्ट अधिकारी बोले- छोटी घटना

एयरपोर्ट अधिकारी भूपेंद्र सिंह के मुताबिक विमान पाकिस्तानी हवाई क्षेत्र में करीब डेढ़ मील तक अंदर चला गया था। उन्होंने इसे छोटी घटना बताते हुए कहा कि यह असामान्य नहीं है। हालांकि, जब उनसे पूछा गया कि पाकिस्तान से वापस आते समय विमान को अमृतसर में ही क्यों नहीं रोक लिया गया? इसका जवाब देते हुए सिंह ने कहा कि वापस आते समय विमान स्टेबलाइज नहीं हो सका था इसलिए इसे वापस भेज दिया गया।

पायलट पर ऐक्शन

अधिकारियों की तरफ से बताया गया कि पायलट को भारतीय सीमा के भीतर ही 13 DME (डिस्टेंस मेसरिंग इक्यूपमेंट) प्वाइंट पर चक्कर लगाने के लिए कहा गया था। लेकिन पायलट ने विमान को लगातार आगे बढ़ाना जारी रखा और फिर बाईं ओर मुड़ गया। इसकी वजह से वह पाकिस्तान पहुंच गया। इस घटना के सामने आने के बाद एयरलाइंस ने जांच के आदेश दे दिए हैं। साथ ही पायलट को भी ड्यूटी रोस्टर से हटा दिया गया है।

बता दें, भारत और पाकिस्तान के बीच असामान्य रिश्तों की वजह से दोनों देशों के बीच में हवाई संपर्क नहीं है। पहलगाम आतंकी हमले के बाद दोनों देशों ने हवाई क्षेत्र के उपयोग पर पाबंदी लगाई हुई है, जिसकी वजह से दोनों ही देशों के विमानों को लंबा रास्ता तय करके जाना पड़ता है।

Upendra Thapak

लेखक के बारे में

Upendra Thapak

उपेंद्र ने डिजिटल पत्रकारिता की शुरुआत लाइव हिन्दुस्तान से की है। पिछले एक साल से वे होम टीम में कंटेंट प्रोड्यूसर के तौर पर कार्यरत हैं। उन्होंने लोकसभा चुनाव 2024, ऑपरेशन सिंदूर और कई राज्यों के विधानसभा चुनावों की कवरेज की है। पत्रकारिता की पढ़ाई भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC), नई दिल्ली (बैच 2023-24) से पूरी करने वाले उपेंद्र को इतिहास, अंतर्राष्ट्रीय संबंध, राजनीति, खेल, विज्ञान और समसामयिक घटनाओं से जुड़े विषयों में गहरी रुचि है। स्नातक स्तर पर बायोटेक्नोलॉजी की पढ़ाई करने के कारण उन्हें मेडिकल और वैज्ञानिक विषयों की भाषा की भी अच्छी समझ है। वे मूल रूप से मध्यप्रदेश के भिंड जिले के निवासी हैं।

और पढ़ें
Hindi News , इंडिया न्यूज़ , आज का मौसम , विधानसभा चुनाव और Sawan 2026 से जुड़ी ताज़ा खबरों व पल-पल के अपडेट के लिए लाइव हिन्दुस्तान के साथ जुड़े रहें। UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Vidhan Sabha Candisates से जुड़ी सभी महत्वपूर्ण खबरें और जानकारी यहां पढ़ें। सभी बड़ी खबरें सबसे पहले पाने के लिए लाइव हिन्दुस्तान ऐप अभी डाउनलोड करें।