दिल्ली जा रही फ्लाइट में उठा धुआं, लखनऊ में इमरजेंसी लैंडिंग; 148 यात्री थे सवार
दिल्ली जा रही एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट में उड़ान के दौरान धुआं उठने के बाद लखनऊ में इमरजेंसी लैंडिंग हुई। इस विमान में कुल 148 यात्री सवार थे।

पश्चिम बंगाल के बागडोगरा (सिलीगुड़ी) से दिल्ली जा रहे एयर इंडिया एक्सप्रेस के एक विमान को कॉकपिट के इलेक्ट्रिक पैनल से धुआं निकलने के कारण सोमवार शाम को लखनऊ के चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर आपात् स्थिति में उतारना पड़ा। हवाई अड्डे के सूत्रों ने यह जानकारी दी। सूत्रों के मुताबिक विमान को कॉकपिट के इलेक्ट्रिक पैनल (एवियोनिक्स बे) में धुआं देखे जाने के बाद आपात स्थिति में लखनऊ की ओर मोड़ दिया गया।
पायलट ने की थी ‘मेडे’ कॉल
जानकारी के मुताबिक पायलट ने संकट का संकेत करते हुए ‘मे डे’ कॉल किया था । इसे एक अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मान्यता प्राप्त संकट संकेत माना जाता है और जिसका इस्तेमाल आपात स्थितियों में किया जाता है। सूत्रों के अनुसार विमान यातायात नियंत्रण कक्ष (एटीसी) को विमान को लखनऊ की तरफ मोड़ने के बारे में अलर्ट किया गया और विमान शाम लगभग पांच बजकर 18 मिनट पर सुरक्षित रूप से उतर गया। उन्होंने बताया कि विमान में चालक दल के छह सदस्यों सहित कुल 148 लोग सवार थे।
सुरक्षित हैं सभी यात्री
सूत्रों ने बताया कि विमान के उतरने के बाद सभी यात्रियों को सुरक्षित रूप से बाहर निकाल लिया गया और किसी के घायल होने की खबर नहीं है। उन्होंने बताया कि एयरलाइन ने ज्यादातर यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए दूसरे विमानों में जगह दी। सूत्रों ने बताया कि कुछ यात्रियों को उनके टिकट की पूरी रकम वापस की गई। जबकि कई अन्य को होटल में रहने की सुविधा दी गई और बाद की उड़ानों में उनकी बुकिंग दोबारा की गई।
लेखक के बारे में
Deepak Mishraमूल रूप से आजमगढ़ के रहने वाले दीपक मिश्रा के लिए पत्रकारिता में आना कोई संयोग नहीं था। घर में आने वाली तमाम मैगजीन्स और अखबार पढ़ते-पढ़ते खुद अखबार में खबर लिखने तक पहुंच गए। हालांकि सफर इतना आसान भी नहीं था। इंटरमीडिएट की पढ़ाई के बाद जब घरवालों को इस इरादे की भनक लगी तो खासा विरोध भी सहना पड़ा। फिर मन में ठाना कि चलो जमीनी अनुभव लेकर देखते हैं। इसी मंशा के साथ ग्रेजुएशन की पढ़ाई के दौरान आजमगढ़ के लोकल टीवी में काम करना शुरू किया। कैमरे पर शहर की गतिविधियां रिकॉर्ड करते, न्यूज बुलेटिन लिखते और कुछेक बार उन्हें कैमरे के सामने पढ़ते-पढ़ते इरादा मजबूत हो गया कि अब तो मीडिया में ही जाना है।
आजमगढ़ के डीएवी डिग्री कॉलेज से इंग्लिश, पॉलिटिकल साइंस और हिस्ट्री विषयों में ग्रेजुएशन के बाद वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय से मास कम्यूनिकेशन में मास्टर डिग्री। इसके बाद अखबारों में नौकरी का सिलसिला शुरू हुआ आज अखबार से। फिर दैनिक जागरण के बाइलिंगुअल अखबार आई नेक्स्ट में वाराणसी में डेस्क पर नौकरी। वहां से सेंट्रल डेस्क कानपुर का सफर और फिर पत्रिका अखबार के इवनिंगर न्यूज टुडे में सेंट्रल डेस्क हेड की जिम्मेदारी। बाद में पत्रिका अखबार के लिए खेल डेस्क पर भी काम करने का मौका मिला। पत्रिका ग्रुप में काम करते हुए 2014 फीफा वर्ल्ड कप की कवरेज के लिए अवॉर्ड भी मिला।
यूपी में वापसी हुई फिर से दैनिक जागरण आई नेक्स्ट में और जिम्मेदारी मिली गोरखपुर में डेस्क हेड की। आई नेक्स्ट की दूसरी पारी में दो बार गोरखपुर एडिशन के संपादकीय प्रभारी की भी भूमिका निभाई। वहीं, कुछ अरसे तक इलाहाबाद में डेस्क हेड की जिम्मेदारी भी संभाली। दैनिक जागरण आई नेक्स्ट में काम करने के दौरान, डिजिटल फॉर्मेट के लिए वीडियो स्टोरीज करते रहे। इसमें कुंभ 2019 के लिए वीडियो स्टोरीज भी शामिल हैं। बाद में यहां पर पॉडकास्ट के दो शो किए। जिनमें से एक आईपीएल रिकॉर्ड बुक और दूसरा शहर का किस्सा रहा।
जून 2021 से लाइव हिन्दुस्तान में होम टीम का हिस्सा। इस दौरान तमाम चुनाव, राष्ट्रीय-अंतर्राष्ट्रीय घटनाक्रमों की खबरें की। साथ ही क्रिकेट टीम के साथ सहभागिता निभाते हुए आईपीएल और टी-20 विश्वकप, चैंपियंस ट्रॉफी के दौरान कवरेज में सक्रिय भूमिका निभाई। कुंभ 2025 के दौरान लाइव हिन्दुस्तान के लिए वीडियो स्टोरीज कीं।
अगर रुचि की बात करें तो फिल्में देखना, किताबें पढ़ना, कुछ नई स्किल्स सीखते रहना प्रमुख हैं। मिररलेस कैमरे के साथ वीडियो शूट करना और प्रीमियर प्रो पर एडिटिंग में दक्षता। प्रिय विषयों में सिनेमा और खेल दिल के बेहद करीब हैं।


