UCC का मकसद देश के 18 करोड़ मुसलमानों को टारगेट करना, अमित शाह पर भड़के असदुद्दीन ओवैसी
AIMIM प्रमुख ने बीजेपी से यह भी सवाल किया कि उसके शासन वाले राज्यों में डिस्टर्ब्ड एरियाज एक्ट जैसे कानून क्यों हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे कानूनों के तहत कई जगह हिंदू और मुस्लिम के बीच संपत्ति की खरीद-बिक्री पर रोक लगती है।

AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने समान नागरिक संहिता (UCC) को लेकर बीजेपी पर तीखा हमला बोला। सोमवार को उन्होंने कहा कि यूसीसी बराबरी के लिए नहीं लाया जा रहा, बल्कि इसका मकसद भारत के 18 करोड़ मुसलमानों को निशाना बनाना है। भाजपा और अमित शाह का यह कदम संविधान के अनुच्छेद 25, 14, 26 और 29 की भावना के खिलाफ है। ओवैसी ने कहा कि देश की असली ताकत उसकी बहुलता में है। UCC लागू होने का मतलब गैर-हिंदुओं पर हिंदू कानून थोपना होगा। BJP के सहयोगी दलों को यह दिखाना चाहिए कि उनकी अपनी स्वतंत्र राजनीतिक आवाज है और वे सिर्फ छोटी बीजेपी नहीं हैं।
असदुद्दीन ओवैसी ने कहा कि मोदी सरकार ने खुद विधि आयोग का गठन किया था और उसकी रिपोर्ट में कहा गया था कि देश में UCC जरूरी नहीं है। उन्होंने BJP शासित राज्यों में लागू डिस्टर्ब्ड एरियाज एक्ट का भी जिक्र किया। ओवैसी ने सवाल उठाया कि ऐसे कानून क्यों हैं, जिनके तहत हिंदू और मुस्लिमों के बीच संपत्ति की खरीद-बिक्री पर रोक लगती है। उन्होंने लव जिहाद से जुड़े कानूनों पर भी सवाल उठाया और दावा किया कि इनका इस्तेमाल खास तौर पर ईसाइयों और मुसलमानों के खिलाफ किया गया है।
NRC को लेकर भी सरकार पर साधा निशाना
ओवैसी ने NRC को लेकर भी केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि 2019 में CAA और NRC के खिलाफ आंदोलन की एक वजह अमित शाह की गलत सोच और क्रोनोलॉजी थी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को खुद कहना पड़ा था कि NRC नहीं लाया जाएगा। ओवैसी ने मौजूदा SIR का जिक्र करते हुए कहा कि आम लोगों को दस्तावेज लेकर सुनवाई में शामिल होना पड़ रहा है। इससे खास तौर पर अल्पसंख्यकों, SC/ST और प्रवासियों को परेशानी हो रही है। ओवैसी ने कहा कि असम में NRC के नतीजे पहले ही काफी परेशान करने वाले रहे हैं और देशभर में NRC लागू हुआ तो स्थिति इससे 100 गुना ज्यादा खराब हो सकती है।
असदुद्दीन ओवैसी ने कहा कि NRC लागू होने पर हर व्यक्ति को लाइन में लगकर अपनी नागरिकता साबित करनी पड़ेगी। उन्होंने सवाल किया कि जिस देश में 80 करोड़ लोग राशन के सहारे भोजन पाते हैं, वहां उनसे नागरिकता साबित करने के लिए दस्तावेज जुटाने की उम्मीद कैसे की जा सकती है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार लोगों को किसी न किसी अधिकारी की दया पर निर्भर करना चाहती है। ओवैसी की यह टिप्पणी केंद्रीय मंत्री अमित शाह के रविवार के बयान के बाद आई है। शाह ने कहा था कि चुनाव से पहले मणिपुर में 1951 को आधार वर्ष मानकर NRC लागू किया जाएगा। उन्होंने कहा था कि देशभर में NRC लागू करने की समयसीमा को लेकर सरकार अपने सहयोगियों और मणिपुर के राजनीतिक दलों से चर्चा कर रही है।

