पश्चिम एशिया में शांति नहीं... पीएम मोदी के बाद केंद्रीय मंत्री ने भी तेल बचाने और WFH पर दिया जोर

Upendra Thapak लाइव हिन्दुस्तान
Follow us on Google News
share

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बाद केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने भी लोगों से तेल बचाने और वर्क फ्रॉम होम को प्राथमिकता देने पर जोर दिया है। उन्होंने जोर देकर कहा कि पश्चिम एशिया में शांति अभी दूर की बात नजर आती है। इसलिए सभी को पीएम मोदी की बात को सुनना चाहिए।

पश्चिम एशिया में शांति नहीं... पीएम मोदी के बाद केंद्रीय मंत्री ने भी तेल बचाने और WFH पर दिया जोर

पश्चिम एशिया में बढ़ते संकट ने भारत समेत तमाम देशों में स्थिति को विकट कर दिया है। रविवार को प्रधानमंत्री मोदी ने देश की जनता से तेल बचाने, WFH समेत सात अपील कीं। पीएम मोदी की अपील का समर्थन करते हुए केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने भी लोगों से इन पर ध्यान देने का अनुरोध किया। सोमवार को एक कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय मंत्री ने कहा कि पश्चिम एशिया में संकट का सुलझना अभी दूर की बात है। ऐसे में सभी भारतीयों को प्रधानमंत्री मोदी की अपील पर ध्यान देना चाहिए और जितना हो सके उतना सहयोग करना चाहिए।

एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि भले ही भारत जैसे देश पश्चिम एशिया के हालात के लिए जिम्मेदार नहीं है, लेकिन इसका असर हमारे ऊपर भी पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि दुनिया अभी बहुत ही ज्यादा उथल-पुथल वाले दौर से गुजर रही है।

पश्चिम एशिया में अभी शांति नहीं: केंद्रीय मंत्री

केंद्रीय मंत्री ने कहा, "पश्चिम एशिया में युद्ध विराम अभी दूर की कौड़ी लग रहा है। ऐसे में हर नागरिक का कर्तव्य है कि वह सरकार द्वारा किए जा रहे इस प्रयास में अपनी भूमिका को निभाए। मैं आप सभी से प्रधानमंत्री की राष्ट्र के नाम की अपील पर ध्यान देने का अनुरोध करता हूं। अपने घरों और व्यवसायों में जितना हो सके उतना अच्छा करने की कोशिश करें।"

गौरतलब है कि केंद्रीय मंत्री की तरह से यह बयान ऐसे समय में सामने आया है, जब कल रविवार को प्रधानमंत्री मोदी ने लोगों से तेल को बचाने और सोने को कम खरीदने समेत सात अपील की थीं। प्रधानमंत्री ने तर्क दिया था कि इससे भारत के विदेश मुद्रा भंडार पर पड़ने वाले असर को कम किया जा सकता है।

पीएम मोदी ने किया था आह्वान

एक रैली को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने पूरे देश से अपील की कि पश्चिम एशिया संकट की वजह से पूरी दुनिया आर्थिक संकट से जूझ रही है। भारत भी इससे अछूता नहीं है। ऐसे में सभी लोगों को ज्यादा से ज्यादा पब्लिक ट्रांसपोर्ट, मेट्रो, बस और ट्रेन का इस्तेमाल करना चाहिए। उन्होंने कहा कि लोगों ने कोरोना काल के दौरान ऐसे नियमों का पालन किया था। इसलिए एक बार फिर से ऐसे नियमों का पालन करना कठिन नहीं है।

इसके साथ ही प्रधानमंत्री मोदी ने देश के नागरिकों से विदेश मुद्रा भंडार को भी बचाने की अपील की। उन्होंने कहा कि मौजूदा संकट को देखते हुए देश को विदेशी मुद्रा को बचाने की जरूरत है। उन्होंने कहा, "हमें तय करना होगा कि जब तक यह संकट चल रहा है और हमारी देश भक्ति हमें ललकार रही है, तो कम से कम एक साल के के लिए हमें विदेशों में जाने की बातों को टालना चाहिए। भारत में बहुत सारी जगह हैं, हम वहां जा सकते हैं।" पीएम ने कहा कि हमें विदेशी मुद्रा को बचाना होगा। इसके लिए जो भी रास्ते होंगे, हमें उन पर चलना होगा।

इसके अलावा पीएम मोदी ने गोल्ड की खरीद को भी एक साल के लिए कम करने की अपील की। उन्होंने कहा कि इसकी वजह से भारत का बहुत सारा विदेशी मुद्रा भंडार कम होता ह। ऐसी स्थिति में हमें तय करना होगा कि आने वाले एक साल तक हम सोना नहीं खरीदेंगे।

कृपया अपने अनुभव को रेट करें

Upendra Thapak

लेखक के बारे में

Upendra Thapak

उपेंद्र ने डिजिटल पत्रकारिता की शुरुआत लाइव हिन्दुस्तान से की है। पिछले एक साल से वे होम टीम में कंटेंट प्रोड्यूसर के तौर पर कार्यरत हैं। उन्होंने लोकसभा चुनाव 2024, ऑपरेशन सिंदूर और कई राज्यों के विधानसभा चुनावों की कवरेज की है। पत्रकारिता की पढ़ाई भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC), नई दिल्ली (बैच 2023-24) से पूरी करने वाले उपेंद्र को इतिहास, अंतर्राष्ट्रीय संबंध, राजनीति, खेल, विज्ञान और समसामयिक घटनाओं से जुड़े विषयों में गहरी रुचि है। स्नातक स्तर पर बायोटेक्नोलॉजी की पढ़ाई करने के कारण उन्हें मेडिकल और वैज्ञानिक विषयों की भाषा की भी अच्छी समझ है। वे मूल रूप से मध्यप्रदेश के भिंड जिले के निवासी हैं।

और पढ़ें