बांग्लादेश में भूकंप से 6 लोगों की मौत, ढाका में गिरी बिल्डिंग; भारत के इन हिस्सों में भी झटके
आंकड़ों से पता चलता है कि 2025 में अब तक पाकिस्तान में 295, बांग्लादेश में 419 और पश्चिम बंगाल के आसपास 588 मध्यम भूकंप के झटके दर्ज हुए। यह क्षेत्र इंडियन और यूरेशियन प्लेट्स के संघर्ष क्षेत्र में स्थित होने के कारण जोखिम भरा है।
बांग्लादेश के नरसिंगडी में शुक्रवार सुबह 5.7 तीव्रता का तेज भूकंप आया। भूकंप के चलते कम से कम 6 लोगों की मौत की खबर है। भूकंप इतना तेज था कि इसके झटके पश्चिम बंगाल और पूर्वोत्तर के कुछ हिस्सों में भी महसूस किए गए। भारतीय भूकंप विज्ञान केंद्र ने बताया कि बांग्लादेश के नरसिंगडी से 13 किलोमीटर दक्षिण-दक्षिणपश्चिम में सुबह 10 बजकर आठ मिनट पर भूकंप का झटका महसूस किया गया। इसका केंद्र जमीन से 10 किलोमीटर की गहराई में था। कोलकाता और असम के गुवाहाटी समेत पश्चिम बंगाल और पूर्वोत्तर में कई लोग एहतियात के तौर पर सड़कों पर निकलते देखे गए।
ढाका में 6 लोगों की मौत
ढाका के DBC टेलीविजन ने बताया कि बांग्लादेश की राजधानी में कम से कम छह लोगों की मौत हो गई, जिसमें तीन की मौत एक बिल्डिंग की छत और दीवार गिरने से हुई। वहीं तीन लोगों की मौत ढाका में ही बिल्डिंग की रेलिंग गिरने से हुई।
‘जिंदगी का सबसे तेज भूकंप महसूस किया’
कोलकाता के कई लोगों ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर कहा कि यह एक तेज भूकंप था। एक X यूजर ने दावा किया कि उसकी बिल्डिंग 30 सेकंड तक हिलती रही। अन्य ने X पर लिखा- मुझे लगता है कि मैंने अभी अपनी जिंदगी का सबसे तेज भूकंप महसूस किया है, कोलकाता एक नाज़ुक प्लास्टिक टनल की तरह कांप रहा था। एक और ने लिखा- वह भूकंप इतना तेज था कि कोई नींद से जाग जाए।
पाकिस्तान में भी हिली धरती
इससे पहले पाकिस्तान में गुरुवार रात को करीब 5.3 तीव्रता का भूकंप आया जिससे लोगों में अफरा-तफरी मच गई। इस भूकंप के झटके अफगानिस्तान सीमा के पास के इलाकों में महसूस किए गए, लेकिन पाकिस्तान के इस्लामाबाद और पेशावर जैसे शहरों में कोई क्षति की सूचना नहीं मिली।
हिमालयन टेक्टोनिक प्लेट्स में टकराव
विशेषज्ञों का कहना है कि यह क्षेत्र हिमालयन टेक्टोनिक प्लेट्स के टकराव के कारण अत्यधिक संवेदनशील है, जहां प्रति वर्ष दर्जनों मध्यम तीव्रता के भूकंप आते रहते हैं। एजेंसियों के अनुसार, इन घटनाओं से कोई बड़ा नुकसान या हताहत होने की खबर नहीं है, लेकिन विशेषज्ञों ने क्षेत्रवासियों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
आंकड़ों से पता चलता है कि 2025 में अब तक पाकिस्तान में 295, बांग्लादेश में 419 और पश्चिम बंगाल के आसपास 588 मध्यम भूकंप दर्ज हो चुके हैं। यह क्षेत्र इंडियन और यूरेशियन प्लेट्स के संघर्ष क्षेत्र में स्थित होने के कारण जोखिम भरा है।





