
होम के बाद स्पीकर भी BJP के पास, शाहनवाज बोले- खुदा जाने तेजस्वी कब तक रहेंगे नेता प्रतिपक्ष, टॉप-5
बिहार में सत्ता और सदन दोनों पर NDA की मजबूत पकड़, बीजेपी ने गृह मंत्रालय के बाद अब स्पीकर का पद भी अपने पास रखा है। तेजस्वी यादव को नेता प्रतिपक्ष बनने की बधाई तो मिली, मगर शाहनवाज हुसैन ने तंज कसा कि यह कुर्सी कितने दिन टिकेगी, कहना मुश्किल है।
बिहार में सत्ता और सदन दोनों पर NDA की मजबूत पकड़, बीजेपी ने गृह मंत्रालय के बाद अब स्पीकर का पद भी अपने पास रखा है। तेजस्वी यादव को नेता प्रतिपक्ष बनने की बधाई तो मिली, मगर शाहनवाज हुसैन ने तंज कसा कि यह कुर्सी कितने दिन टिकेगी, कहना मुश्किल है। दूसरी ओर पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान के बेटे कासिम ने फिर अपने पिता के जिंदा होने का सबूत मांगा है। ऐसे में एक बार अटकलों का बाजार गर्म हो गया है। पढ़ें आज की बड़ी खबरें...
खुदा जाने तेजस्वी कब तक विपक्ष के नेता बने रहेंगे : शाहनवाज हुसैन
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता सैयद शाहनवाज हुसैन ने तंज कसते हुए कहा कि तेजस्वी यादव बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष जरूर बन गए हैं, लेकिन यह पद वे कब तक संभाल पाएंगे, यह कहना मुश्किल है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय जनता दल अब काफी सिकुड़ चुकी है, इसलिए तेजस्वी को यह पद बड़ी मुश्किल से मिला है। शाहनवाज ने यह भी दावा किया कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार विपक्ष की बात को दिल से सुनते हैं। पढ़ें पूरी खबर...
गृह मंत्रालय के बाद अब स्पीकर पद भी बीजेपी के पास
बिहार बीजेपी के वरिष्ठ विधायक और नीतीश सरकार में पूर्व मंत्री डॉ प्रेम कुमार बिहार विधानसभा के नए स्पीकर होंगे। सोमवार को शीतकालीन सत्र के पहले दिन उन्होंने उपमुख्यमंत्री विजय सिन्हा और सम्राट चौधरी की मौजूदगी में एनडीए के अधिकृत उम्मीदवार के रूप में नामांकन दाखिल किया। विपक्ष के पास सिर्फ 35 विधायक होने के कारण उनका निर्विरोध चुनाव लगभग तय है। विपक्ष ने स्पीकर पद के लिए कोई उम्मीदवार नहीं उतारा। प्रेम कुमार ने कहा कि मुझे जो भी जिम्मेदारी मिलेगी, मैं उसे पूरी निष्ठा से निभाऊंगा। पढ़ें पूरी खबर...
नॉन-वेज खाने वाले बुरे हैं, मैं यह नहीं कह रहा: संसद में पीएम मोदी
राज्यसभा में सोमवार को नए सभापति सीपी राधाकृष्णन को बधाई देते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि उनके सांसद के रूप में लंबे अनुभव से सदन के संचालन में बहुत मदद मिलेगी। इस दौरान पीएम ने राधाकृष्णन द्वारा नॉन-वेज छोड़ने की घटना का जिक्र करते हुए कहा कि आपने मुझे बताया था कि आप पहले नॉन-वेजिटेरियन थे, लेकिन काशी की पहली यात्रा में पूजा और मां गंगा का आशीर्वाद लेने के बाद आपके मन में संकल्प जागा और उसी दिन से आपने नॉन-वेज छोड़ दिया। मैं यह नहीं कह रहा कि नॉन-वेज खाने वाले बुरे लोग हैं, लेकिन काशी का विचार आपके इस फैसले की प्रेरणा बना। सांसद के तौर पर यह मेरे लिए एक यादगार उदाहरण रहेगा। पढ़ें पूरी खबर...
सुप्रीम कोर्ट ने पूछा – लॉरेंस बिश्नोई यूपी में भी सक्रिय है?
सुप्रीम कोर्ट ने सोमवार को उत्तर प्रदेश के एक शख्स की उस याचिका को खारिज कर दिया जिसमें लॉरेंस बिश्नोई गिरोह से जान का खतरा बताते हुए 24 घंटे की सुरक्षा मांगी गई थी। जस्टिस विक्रम नाथ और जस्टिस संदीप मेहता की बेंच ने याचिकाकर्ता के वकील से पूछा कि आपको धमकी कौन दे रहा है? क्या लॉरेंस बिश्नोई उत्तर प्रदेश में भी काम करता है? वकील ने जवाब दिया कि उनका मुवक्किल पूरे समय की सुरक्षा मांग रहा है। पढ़ें पूरी खबर...
इमरान खान के बेटे ने फिर मांगा जिंदा होने का सबूत
पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की सेहत और सुरक्षा को लेकर चल रही अटकलों के बीच उनके बेटे कासिम खान ने एक बार फिर अपने पिता के जिंदा होने का सबूत मांगा है। कासिम ने ताजा बयान में कहा कि परिवार को डर है कि उनके साथ कुछ अनहोनी न हो जाए। उन्होंने यह भी आशंका जताई कि जेल में उनके पिता को मानसिक यातना दी जा रही है। पढ़ें पूरी खबर...





