संविधान लागू होने के 75 साल बाद भी पुलिस को मौलिक अधिकार नहीं पता, HC में कुणाल कामरा

लाइव हिन्दुस्तान, मुंबई
Follow us on Google News
share

कुणाल कामरा के वकील ने अदालत को बताया कि उनके मुवक्किल को मिल रही जान से मारने की धमकियों के बावजूद मुंबई पुलिस पूछताछ के लिए उनकी उपस्थिति पर जोर दे रही है।

संविधान लागू होने के 75 साल बाद भी पुलिस को मौलिक अधिकार नहीं पता, HC में कुणाल कामरा

बॉम्बे हाई कोर्ट ने महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के खिलाफ कथित रूप से अपमानजनक टिप्पणी करने के लिए ‘स्टैंड-अप कॉमेडियन’ कुणाल कामरा के खिलाफ दर्ज प्राथमिकी रद्द करने संबंधी याचिका पर बुधवार को अपना आदेश सुरक्षित रख लिया और कहा कि तब तक उन्हें (कामरा को) गिरफ्तार करने की जरूरत नहीं है। जस्टिस सारंग कोतवाल और जस्टिस एस मोदक की पीठ ने दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद अपना आदेश सुरक्षित रख लिया।

बॉम्बे हाईकोर्ट को बुधवार को बताया गया था कि मुंबई पुलिस कुणाल कामरा को मिल रही जान से मारने की धमकियों के बावजूद शहर में उनसे शारीरिक रूप से पूछताछ करने पर जोर दे रही है। इस पर अदालत ने पुलिस से कहा कि इस मामले में आदेश पारित होने तक कामरा को गिरफ्तार न किया जाए। कामरा के वकील नवरोज सीरवई ने मुंबई पुलिस की मंशा पर भी सवाल उठाए और टाइलाइन का जिक्र किया।

प्राथमिकी में दर्ज बातों से कोई अपराध बनता ही नहीं: सीरवई

सीरवई ने कहा कि प्राथमिकी में जो बातें दर्ज की गई हैं, उससे कोई अपराध नहीं बनता। बावजूद इसके पुलिस को कामरा को गिरफ्तार करने की बहुत जल्दी मची है। सीरवई ने प्राथमिकी दर्ज करने की हड़बड़ी का भी उल्लेख किया और कहा कि 23 मार्च को रात 9.30 बजे उन्हें वीडियो क्लिप मिली और 10.45 बजे तक शिकायत दर्ज हो गई और 11.55 बजे तक उस पर FIR भी दर्ज हो गई। उन्होंने कहा कि जब खुले आम कामरा को धमकी दी जा रही है, काट डालने की धमकी दी जा रही है और पोस्टर चिपकाए जा रहे हैं, तब पुलिस कामरा की शारीरिक उपस्थिति पर इतना जोर क्यों दे रही है?

75 साल बाद भी मौलिक अधिकारों से बेपरवाह है पुलिस

बार एंड बेंच की रिपोर्ट के मुताबिक, सीरवई ने कांग्रेस सांसद इमरान प्रतापगढ़ी के मामले में हालिया सुप्रीम कोर्ट के फैसले का हवाला देते हुए कहा कि कविता पढ़ने की वजह से उन पर भी कोई अपराध नहीं बनता था। सुप्रीम कोर्ट ने उस मामले में गुजरात पुलिस को कड़ी फटकार लगाई थी। उन्होंने कहा कि धमकियों के बावजूद शारीरिक उपस्थिति के लिए समन जारी करना, उनके बुजुर्ग माता-पिता को परेशान करना, ये कुछ ऐसी हरकते हैं, जिससे साबित होता है कि संविधान लागू होने के 75 साल बाद भी पुलिस को मौलिक अधिकारों की न तो जानकारी है और न ही उसकी परवाह है।

कामरा ने अपनी याचिका में दावा किया है कि उनके खिलाफ शिकायतें उनके भाषण और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता, कोई भी पेशा और व्यवसाय करने के अधिकार तथा संविधान के तहत प्रदत्त जीवन और स्वतंत्रता के मौलिक अधिकारों का उल्लंघन हैं। तमिलनाडु के निवासी कामरा को पिछले महीने मद्रास उच्च न्यायालय से इस मामले में अंतरिम ट्रांजिट अग्रिम जमानत मिली थी। तीन बार समन भेजे जाने के बावजूद कामरा मुंबई पुलिस के समक्ष पूछताछ के लिए पेश नहीं हुए।

बता दें कि मुंबई के एक कॉमेडी शो के दौरान शिंदे के बारे में परोक्ष रूप से ‘गद्दार’ टिप्पणी करने के आरोप में खार थाने में कामरा के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। 36 वर्षीय कामरा ने शिवसेना विधायक की शिकायत पर दर्ज प्राथमिकी के खिलाफ हाई कोर्ट का रुख किया है। उनके खिलाफ अन्य थानों में भी शिकायतें दर्ज हैं। (एजेंसी इनपुट्स के साथ)

Pramod Praveen

लेखक के बारे में

Pramod Praveen

प्रमोद कुमार प्रवीण देश-विदेश की समसामयिक घटनाओं और राजनीतिक हलचलों पर चिंतन-मंथन करने वाले और पैनी पकड़ रखने वाले हैं। ईटीवी से पत्रकारिता में करियर की शुरुआत की। कुल करीब दो दशक का इलेक्ट्रॉनिक, प्रिंट और डिजिटल मीडिया में काम करने का अनुभव रखते हैं। संप्रति लाइव हिन्दुस्तान में विगत तीन से ज्यादा वर्षों से समाचार संपादक के तौर पर कार्यरत हैं और अमूमन सांध्यकालीन पारी में बहुआयामी पत्रकारीय भूमिका का निर्वहन कर रहे हैं। हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप से पहले NDTV, जनसत्ता, ईटीवी, इंडिया न्यूज, फोकस न्यूज, साधना न्यूज और ईटीवी में कार्य करने का अनुभव है। कई संस्थानों में सियासी किस्सों का स्तंभकार और लेखक रहे हैं। विश्वविद्यालय स्तर से लेकर कई अकादमिक, शैक्षणिक और सामाजिक संगठनों द्वारा विभिन्न मंचों पर अकादमिक और पत्रकारिता में उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित भी हुए हैं। रुचियों में फिल्में देखना और पढ़ना-पढ़ाना पसंद, सामाजिक और जनसरोकार के कार्यों में भी रुचि है।

अकादमिक योग्यता: भूगोल में जलवायु परिवर्तन जैसे गंभीर और संवेदनशील विषय पर पीएचडी उपाधिधारक हैं। इसके साथ ही पत्रकारिता एवं जनसंचार में स्नातकोत्तर भी हैं। पीएचडी शोध का विषय- 'मध्य गंगा घाटी में जलवायु परिवर्तन-एक भौगोलिक अध्ययन' रहा है। शोध के दौरान करीब दर्जन भर राष्ट्रीय और अंततराष्ट्रीय सम्मेलनों में शोध पत्र पढ़ने और प्रस्तुत करने का अनुभव है। भारतीय विज्ञान कांग्रेस में भी शोध पोस्टर प्रदर्शनी का चयन हो चुका है। शोध पर आधारित एक पुस्तक के लेखक हैं। पुस्तक का नाम 'मध्य गंगा घाटी में जलवायु परिवर्तन' है। पत्रकारिता में आने से पहले महाविद्यालय स्तर पर शिक्षण कार्य भी कर चुके हैं।

और पढ़ें
Hindi News , इंडिया न्यूज़ , आज का मौसम , विधानसभा चुनाव , CJP Protest Live और Navratri 2026 से जुड़ी ताज़ा खबरों व पल-पल के अपडेट के लिए लाइव हिन्दुस्तान के साथ जुड़े रहें। UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Vidhan Sabha Candidates से जुड़ी सभी महत्वपूर्ण खबरें और जानकारी यहां पढ़ें। सभी बड़ी खबरें सबसे पहले पाने के लिए लाइव हिन्दुस्तान ऐप अभी डाउनलोड करें।
Hindi NewsIndia Newsसंविधान लागू होने के 75 साल बाद भी पुलिस को मौलिक अधिकार नहीं पता, HC में कामरा