
सीएम सर, आपको बदला लेना है तो... भगदड़ पर एक्शन के बीच स्टालिन पर भड़के विजय
अभिनेता से नेता बने विजय ने तमिलनाडु के मुख्यमंत्री पर हमला बोला है। उन्होंने मुख्यमंत्री से कहा कि मेरे खिलाफ चाहे जो भी करना होगा करें, लेकिन कार्यकर्ताओं और समर्थकों के खिलाफ कुछ न करें।
अभिनेता से नेता बने विजय ने तमिलनाडु के मुख्यमंत्री पर हमला बोला है। उन्होंने मुख्यमंत्री से कहा कि मेरे खिलाफ चाहे जो भी करना होगा करें, लेकिन कार्यकर्ताओं और समर्थकों के खिलाफ कुछ न करें। मुख्यमंत्री को संबोधित संदेश में विजय ने कहा कि सीएम सर, आपको बदला लेना है मुझसे लीजिए। टीवीके चीफ ने करूर में हुई भगदड़ मामले में अपने कार्यकर्ताओं के खिलाफ हो रही कार्रवाई पर सवाल उठाया है। 27 सितंबर को अभिनेता विजय की रैली के दौरान भगदड़ मच गई थी। इस हादसे में 41 लोग मारे गए थे। इस मामले में टीवीके कार्यकर्ताओं के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।
पार्टी सदस्यों पर कार्रवाई के बीच टीवीके चीफ विजय ने एक वीडियो बयान जारी किया है। इसमें उन्होंने भगदड़ मामले में एफआईआर का हवाला देते मुख्यमंत्री स्टालिन को कड़ा संदेश दिया है। विजय ने कहा कि सीएम सर, अगर आपको बदला लेना है तो मेरे खिलाफ कुछ भी कर सकते हैं। मैं घर पर रहूंगा या फिर ऑफिस में रहूंगा। आप जो भी कार्रवाई करना चाहें कर सकते हैं। लेकिन मेरे कार्यकर्ताओं और समर्थकों पर हाथ मत डालिए। अपने ऑफिशियल हैंडल से जारी बयान में अभिनेता से नेता बने विजय ने मौजूदा हालात पर गहरा दुख जताया है।
विजय ने रैली के दौरान लोगों से मिल रहे प्यार और समर्थन के लिए आभार जताया। इसके अलावा उन्होंने रैली में मारे गए और घायलों के लिए प्रार्थना की। इसके बाद विजय ने कहा कि सारी सच्चाई बहुत जल्द सामने आ जाएगी। उन्होंने आगे कहा कि जो जगह हमारी रैली के लिए सुनिश्चित की गई थी। हम केवल वहीं तक गए थे। हमने अपने कार्यक्रम को संबोधित किया। इसके अलावा हमने कुछ नहीं किया। विजय ने कहा कि तय आदेश के बाहर हमने कुछ भी नहीं किया, इसके बावजूद हमारे नेताओं, सदस्यों और पार्टी से जुड़े कुछ दोस्तों और सोशल मीडिया के समर्थकों पर कार्रवाई हो रही है।
डीएमके ने विजय पर उठाए सवाल
इस बीच सत्ताधारी डीएमके ने टीवीके रैली स्थल पर सवाल उठाया है। डीएमके सांसद ए राजा ने घटना के बाद विजय के वहां से चले जाने पर भी सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि घटनास्थल से भागने का मतलब है कि कुछ तो गलत हुआ है। एमके स्टालिन के नेतृत्व वाली सरकार ने भगदड़ की कुछ वीडियो क्लिप्स भी जारी की हैं। इसमें नजर आ रहा है कि नियम तोड़े जा रहे हैं और टीवीके कार्यकर्ता नमक्कल में छतों पर चढ़ रहे हैं।





