सोनम वांगचुक ने क्यों बनाई जंतर-मंतर से दूरी? शायरी से दे दिया जवाब; बोले- और भी गम हैं जमाने में
सोनम वांगचुक ने शुक्रवार को एक्स पर एक वीडियो पोस्ट में अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से उनके काम में रुकावट डालने और उसे नुकसान पहुंचाने की तमाम कोशिशों के बावजूद वे राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए काम कर रहे हैं।

सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक ने दिल्ली में 10 अक्टूबर को होने वाले सीजेपी के प्रदर्शन का समर्थन किया है, लेकिन उन्होंने इसमें शामिल होने में असमर्थता जताई है। वांगचुक ने कहा कि वह सर्दियों की तैयारियों में बिजी हैं। उन्होंने प्रदर्शनकारियों से हर हाल में शांतिपूर्ण रहने की अपील भी की। कॉकरोच जनता पार्टी दिल्ली के जंतर-मंतर पर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदर्शन करने वाली है। संगठन का आरोप है कि मतदाता सूची के SIR में गड़बड़ियां हुई हैं। इसी मुद्दे को लेकर सीजेपी देशभर में अभियान चला रही है।
सोनम वांगचुक ने शुक्रवार को एक्स पर एक वीडियो पोस्ट में अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से उनके काम में रुकावट डालने और उसे नुकसान पहुंचाने की तमाम कोशिशों के बावजूद वे राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि एक और सर्दी आने वाली है और इसके लिए तैयारियां की जा रही हैं। इन तैयारियों में पानी की सुरक्षा के लिए कृत्रिम ग्लेशियर बनाना और ग्लेशियल लेक आउटबर्स्ट फ्लड यानी ग्लेशियर की झीलों से अचानक आने वाली बाढ़ के खतरे को समझने के लिए प्रयोग करना शामिल है। ऊंचे हिमालयी इलाकों में ऐसी 200 से ज्यादा झीलें खतरा बनी हुई हैं। उन्होंने इनके खतरे को कम करने की जरूरत पर जोर दिया।
सोनम वांगचुक का प्रदर्शनकारियों को संदेश
प्रदर्शनकारियों को शुभकामनाएं देते हुए सोनम वांगचुक ने उर्दू के मशहूर शायर फैज अहमद फैज की पंक्तियों का भी जिक्र किया। उन्होंने लिखा, 'और भी गम हैं जमाने में सियासत के सिवा... राहतें और भी हैं वस्ल की राहत के सिवा।' इन पंक्तियों के जरिए उन्होंने कहा कि राजनीति के अलावा भी कई जरूरी मुद्दे हैं, जिन पर ध्यान देना जरूरी है। अपनी पोस्ट के आखिर में उन्होंने लिखा, 'उम्मीद है कि हम बापू को निराश नहीं करेंगे।' उन्होंने प्रदर्शन में शामिल होने वालों से शांति बनाए रखने की अपील की।
सोनम वांगचुक इससे पहले भी सीजेपी के आंदोलन में अहम भूमिका निभा चुके हैं। जुलाई में उन्होंने जंतर-मंतर पर छात्रों के समर्थन में प्रदर्शन किया था। उस समय NEET परीक्षा में अनियमितताओं को लेकर तत्कालीन केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रहे थे। वांगचुक ने छात्रों के समर्थन में 26 दिनों तक भूख हड़ताल की थी। उन्होंने 23 जुलाई को गुरुग्राम के एक अस्पताल में अपनी अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल खत्म की थी। उस समय केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा और जितेंद्र सिंह भी अस्पताल में मौजूद थे। वांगचुक ने कहा था कि विभिन्न शर्तों पर लंबी बातचीत के बाद और देश में संभावित हिंसा की आशंका को देखते हुए उन्होंने अनशन समाप्त करने का फैसला किया।


