बारुईपुर में मॉब लिंचिंग मामले में ऐक्शन, नेता लाहेक खान गिरफ्तार; लड़ चुके विधानसभा चुनाव
सूर्यापुर के एक तालाब से नाबालिग बच्ची का शव मिला था। बच्ची के परिवार ने आरोप लगाया है कि उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म के बाद हत्या की गई थी। इस घटना के बाद भारी विरोध-प्रदर्शन शुरू हो गया था और रेल सेवा भी ठप कर दी गई थी।

पश्चिम बंगाल के बारुईपुर शहर में एक किशोरी से कथित बलात्कार और उसकी हत्या के विरोध में भड़की हिंसा के सिलसिले में रविवार को मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के नेता लहेक अली को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने यह जानकारी दी। दक्षिण 24 परगना जिले के बारुईपुर थाना क्षेत्र के सूर्यपुर में पांच जुलाई को हुई हिंसा के मामले में अली पहले नेता हैं, जिन्हें गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के अनुसार, चार जुलाई को लापता हुई किशोरी का शव अगले दिन सूर्यपुर हाट इलाके के एक तालाब से बरामद किया गया था। इसके बाद बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन शुरू हो गए थे। इस दौरान उग्र भीड़ ने अपराध में शामिल होने के संदेह में एक युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी थी। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस के वाहनों में तोड़फोड़ की, टायर में आग लगा दी और सड़कों पर यातायात को जाम कर दिया था, जिससे इलाके में जनजीवन प्रभावित हो गया।
पुलिस का दावा है कि लहेक अली ने ही इस हिंसा को भड़काया था। लहेक अली इस वर्ष की शुरुआत में हुए विधानसभा चुनाव में बारुईपुर पश्चिम सीट से माकपा के उम्मीदवार थे।
CM शुभेंदु अधिकारी ने की थी मुलाकात
पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने शनिवार को बारुईपुर में कथित सामूहिक दुष्कर्म और हत्या की शिकार नाबालिग बच्ची और उसके बाद मॉब लिंचिंग में मारे गए इंद्रजीत मंडल के परिजनों से मुलाकात की थी। उन्होंने दोनों परिवारों को सरकारी सहायता का भरोसा दिया और कहा कि दोनों मामलों के दोषियों को कानून के तहत सख्त से सख्त सजा मिलेगी।
अधिकारी ने कहा, 'हम उस युवा को वापस तो नहीं ला सकते, लेकिन सरकार ने उसके परिवार की जिम्मेदारी ली है। उसके हत्यारों को कानून के तहत सख्त से सख्त सजा मिलेगी।' उन्होंने आरोप लगाया कि मंडल को नाम से पहचानकर मारा गया था और दावा किया कि मतदाताओं ने जिन राजनीतिक तत्वों को खारिज कर दिया है, उन्होंने इस हिंसा को भड़काया था। उन्होंने बताया कि वीडियो फुटेज में पहचाने गए सभी लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है, जिनमें बक्खाली और दीघा से पकड़े गये संदिग्ध भी शामिल हैं।
पीड़िता के परिवार ने की थी पुलिस चौकी की मांग
मुख्यमंत्री ने सूर्यापुर में नई पुलिस चौकी का उद्घाटन किया था। उन्होंने बताया कि इस हफ्ते की शुरुआत में पीड़िता के परिवार ने उनसे मुलाकात के दौरान इसकी मांग की थी, जिसे महज चार दिन में तैयार कर दिया गया। परिजनों से मुलाकात के बाद पत्रकारों से बात करते हुए श्री अधिकारी ने कहा कि सरकार जांच की शुरुआत से ही पीड़िता के परिवार के साथ खड़ी रही है।
उन्होंने जांच अधिकारियों से परिवार के सहयोग की सराहना की और बताया कि शिकायत में नामजद सभी चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। इनमें से कुछ आरोपी बशीरहाट के पास भारत-बांगलादेश सीमा की ओर भाग गए थे।
लेखक के बारे में
Nisarg Dixitनिसर्ग दीक्षित न्यूजरूम में करीब एक दशक का अनुभव लिए निसर्ग दीक्षित शोर से ज़्यादा सार पर भरोसा करते हैं। पिछले 4 साल से वह लाइव हिनुस्तान में डिप्टी चीफ प्रोड्यूसर के रूप में कार्यरत हैं, जहां खबरों की योजना, लेखन, सत्यापन और प्रस्तुति की जिम्मेदारी संभालते हैं। इससे पहले दैनिक भास्कर और न्यूज़18 जैसे बड़े मीडिया संस्थानों में काम कर चुके हैं, जहाँ उन्होंने ग्राउंड रिपोर्टिंग से लेकर डेस्क तक की भूमिकाएं निभाईं। उन्होंने माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की, जिसने उनके काम करने के तरीके को व्यावहारिक और तथ्य आधारित बनाया। निसर्ग की खास रुचि खोजी रिपोर्टिंग, ब्रेकिंग स्टोरीज़ और विज़ुअल न्यूज़ स्टोरीज़ में है। वे जटिल मुद्दों को सरल भाषा और स्पष्ट तथ्यों के साथ प्रस्तुत करने में विश्वास रखते हैं। राजनीति और जांच पड़ताल से जुड़े विषयों पर उनकी मजबूत पकड़ है। निसर्ग लोकसभा चुनावों, कई राज्यों के विधानसभा चुनावों और अहम घटनाओं को कवर कर चुके हैं। साथ ही संसदीय कार्यवाही और सुप्रीम कोर्ट की महत्वपूर्ण सुनवाइयों को नियमित रूप से कवर करते हैं। गूगल जर्नलिस्ट्स स्टूडियो में भी निसर्ग योगदान देते हैं।
और पढ़ें

