DUSU के बाद ABVP का केरल में भी डंका, गढ़ में लेफ्ट को एक सीट नहीं जीतने दी
केरल के कॉलेज में ABVP ने छात्रसंघ चुनाव में बड़ा उलटफेर किया। संगठन ने सभी प्रमुख सीटों पर जीत दर्ज कर SFI के दशकों पुराने दबदबे को खत्म कर दिया। जानें चुनाव का पूरा नतीजा और ABVP ने किन पदों पर जीत हासिल की।

केरल के त्रिपुनिथुरा स्थित गवर्नमेंट संस्कृत कॉलेज में छात्रसंघ चुनाव का नतीजा चौंकाने वाला रहा। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) ने यहां छात्रसंघ की सभी छह प्रमुख सीटों पर जीत दर्ज कर SFI के लंबे समय से चले आ रहे दबदबे को खत्म कर दिया। यह कॉलेज लंबे समय से SFI के मजबूत गढ़ के तौर पर देखा जाता रहा है।
SFI कई वर्षों से कॉलेज यूनियन पर काबिज था, लेकिन इस बार ABVP ने चुनाव में क्लीन स्वीप कर दिया। संगठन के मुताबिक, यह नतीजा SFI की कथित ‘छात्र विरोधी नीतियों’ के खिलाफ छात्रों के रुख को दिखाता है। SFI का पूरा नाम स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया है। यह भारत का सबसे बड़ा वामपंथी छात्र संगठन है। ABVP केंद्र की सत्ताधारी भाजपा की छात्र इकाई है।
बता दें कि इससे पहले दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ (DUSU) चुनाव 2026 में भी अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) ने चार में से तीन मुख्य पदों पर जीत दर्ज की है, जबकि एक पद पर निर्दलीय उम्मीदवार विजयी रहे।
चार दशक से ज्यादा पुराना वामपंथी दबदबा टूटा
त्रिपुनिथुरा गवर्नमेंट संस्कृत कॉलेज में छात्रसंघ पर चार दशकों से ज्यादा समय से वामपंथी संगठनों का नियंत्रण रहा था। इस बार ABVP ने सभी प्रमुख पद जीतकर कॉलेज कैंपस में बड़ा राजनीतिक उलटफेर किया है।
यह बदलाव ऐसे समय हुआ है जब त्रिपुनिथुरा नगरपालिका में भी हाल ही में राजनीतिक बदलाव देखने को मिला। बीजेपी ने नगरपालिका की कमान संभाली और स्थानीय निकाय में 45 साल से चले आ रहे वाम नेतृत्व वाले शासन का अंत हुआ।
ABVP ने SFI पर लगाए ये आरोप
ABVP ने चुनावी जीत को SFI के रिकॉर्ड के खिलाफ छात्रों की प्रतिक्रिया बताया। संगठन के एक प्रतिनिधि ने कहा कि इस कॉलेज में मिली जीत से केरल के अन्य कैंपस में काम कर रही ABVP इकाइयों को भी मजबूती मिलेगी।
ABVP प्रतिनिधि ने पिछले SFI नेतृत्व वाले छात्रसंघों पर संस्कृत को बढ़ावा देने में नाकाम रहने का आरोप लगाया। इसके अलावा छात्रों से जुटाए गए फंड के इस्तेमाल को लेकर भी सवाल उठाए गए। संगठन ने यह भी आरोप लगाया कि SFI के कार्यकाल के दौरान पर्याप्त छात्र कार्यक्रम आयोजित नहीं किए गए।
किसे कौन सा पद मिला?
ABVP उम्मीदवारों ने छात्रसंघ के सभी प्रमुख पदों पर जीत हासिल की।
- स्निग्धा एम. हरि - चेयरपर्सन
- आदित्य टी. ए. - वाइस चेयरपर्सन
- विग्नेश भट्ट - जनरल सेक्रेटरी
- विग्नेश डी. - मैगजीन एडिटर
- अंजलि टी. - आर्ट्स क्लब सेक्रेटरी
- निवेद्या के. एन. - यूनिवर्सिटी यूनियन काउंसलर
- शिवानी आर. - सेकेंड यूजी रिप्रेजेंटेटिव
- अवनी सी. बी. - सेकेंड पीजी रिप्रेजेंटेटिव
ABVP के लिए क्यों अहम है यह जीत?
त्रिपुनिथुरा के इस कॉलेज में, जहां SFI लंबे समय से प्रभावी रहा है, ABVP का सभी प्रमुख पदों पर कब्जा संगठन के लिए बड़ा राजनीतिक और संगठनात्मक बदलाव माना जा रहा है।
इस नतीजे से केरल के कॉलेज कैंपस में छात्र संगठनों के बीच राजनीतिक प्रभाव और जगह को लेकर चल रही व्यापक प्रतिस्पर्धा में ABVP को नया उत्साह मिलने की उम्मीद है।

