हमले के बाद स्ट्रेचर पर अस्पताल ले जाए गए अभिषेक बनर्जी, अंडे भी फेंके गए थे; VIDEO

लाइव हिन्दुस्तान
Follow us on Google News
share

Abhishek Banerjee condition: तृणमूल कांग्रेस  सांसद अभिषेक बनर्जी को स्ट्रेचर पर लेटाकर अस्पताल ले जाया गया है। इससे उनके स्वास्थ्य को लेकर चिंताएं बढ़ गई हैं। पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के भतीजे के ऊपर आज सोनारपुर में हमला हुआ था। उनके ऊपर अंडे भी फेंके गए थे।

हमले के बाद स्ट्रेचर पर अस्पताल ले जाए गए अभिषेक बनर्जी, अंडे भी फेंके गए थे; VIDEO

Abhishek Banerjee: पश्चिम बंगाल की सोनापुर विधानसभा सीट पर तृणमूल कांग्रेस (TMC) के सांसद अभिषेक बनर्जी पर हमला हुआ है। अब इस हमले के बाद अभिषेक बनर्जी अपोलो हॉस्पिटल पहुंचे हैं। इसके बाद उन्हें कोलकाता के बैले वुए हॉस्पिटल ले जाया गया। यहां से उनका एक वीडियो भी वायरल हो रहा है, जिसमें वह स्ट्रेचर पर अस्पताल जाते हुए दिख रहे हैं। इसके बाद इस बात के कयास लगाए जा रहे हैं कि क्या अभिषेक को कोई गंभीर चोट लगी है। हालांकि, अभी तक इस मामले पर तृणमूल कांग्रेस की तरफ से कोई जानकारी सामने नहीं आई है। हालांकि ममता बनर्जी समेत बाकी नेताओं ने इस घटना के बाद भाजपा की नई नवेली सरकार पर सवाल जरूर उठाए हैं।

सोनारपुर में हाथापाई का शिकार हुए तृणमूल कांग्रेस के सांसद अभिषेक बनर्जी ने इस हिंसा के लिए भाजपा पर निशाना साधा था। उन्होंने कहा कि यह घटना उन्हें जान से मारने के लिए हुई थी। अगर उन्होंने हेलमेट नहीं पहना होता, तो शायद उनका सिर फट जाता। उन्होंने कहा, "मेरी सुरक्षा में दो सुरक्षाकर्मी तैनात हैं। उन्होंने घटना की आशंका होने के साथ ही अपने वरिष्ठ अधिकारियों को इसकी जानकारी दे दी थी। लेकिन इसके बाद भी वहां कोई अतिरिक्त बल नहीं पहुंचा। इससे साफ है कि उच्च अधिकारी क्या चाहते थे। राज्य सरकार की तरफ से इसे रोकने की कोई भी कोशिश नहीं हुई।"

अभिषेक बनर्जी भाजपा सरकार पर हमलावर

अभिषेक बनर्जी ने अपना गुस्सा निकालते हुए कहा, "हमलावरों ने मुझ पर ईंटें फेंकी, अंडा फेंका और मुझ पर पत्थर बाजी की। यह क्या है? वहां सुरक्षा के लिए कोई बल तैनात नहीं था। मुझे हेलमेट पहनकर वहां से निकलना पड़ा। इतना सब होने के बाद भी लोग हमसे मिल रहे थे। प्यार और सम्मान दे रहे थे। हमारे पास इस पूरी घटना का सबूत है। मेरे चश्मे को तोड़ दिया गया। मेरी आंख में चोट आई है और मैं आंख नहीं खोल पा रहा हूं। मुझे पीठ, सीने, हाथ और पैर पर भी मारा गया है। लेकिन एक बात में साफ कह देना चाहता हूं कि वह मेरे शरीर तो गिरा सकते हैं, लेकिन मेरे इरादे मजबूत हैं। मेरा जज्बा आज भी कायम है।"

ममता ने भी जताया गुस्सा

अभिषेक बनर्जी के साथ हिंसा होने के बाद बुआ ममता बनर्जी भी उनसे मिलने के लिए पहुंचीं। इससे पहले उन्होंने सोशल मीडिया साइट एक्स पर पोस्ट करके शुभेंदु अधिकारी सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने लिखा, "शासक हत्यारे बन गए हैं। भाजपा शर्म करो।"

बता दें, पश्चिम बंगाल के सोनारपुर विधानसभा सीट पर चुनावी हिंसा के दौरान तृणमूल कांग्रेस के एक कार्यकर्ता की हत्या हो गई थी। इस सीट पर दोनों पार्टियों के कार्यकर्ताओं के बीच में काफी हिंसा की घटनाएं सामने आई थीं। ऐसे में चुनाव के बाद अभिषेक बनर्जी उसी कार्यकर्ता के परिवार से मिलने के लिए वहां पर पहुंचे थे। इसी दौरान कुछ लोगों ने उन्हें घेर कर चोर-चोर के नारे लगाना शुरू कर दिया और फिर इसके बाद उनके साथ झूमा झटकी होना शुरू हो गई। आस पास मौजूद सुरक्षाकर्मियों ने उनको बचाने का प्रयास किया, लेकिन इस दौरान उनके कपड़े फट गए।

इस खबर पर आपकी क्या राय है?

Upendra Thapak

लेखक के बारे में

Upendra Thapak

उपेंद्र ने डिजिटल पत्रकारिता की शुरुआत लाइव हिन्दुस्तान से की है। पिछले एक साल से वे होम टीम में कंटेंट प्रोड्यूसर के तौर पर कार्यरत हैं। उन्होंने लोकसभा चुनाव 2024, ऑपरेशन सिंदूर और कई राज्यों के विधानसभा चुनावों की कवरेज की है। पत्रकारिता की पढ़ाई भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC), नई दिल्ली (बैच 2023-24) से पूरी करने वाले उपेंद्र को इतिहास, अंतर्राष्ट्रीय संबंध, राजनीति, खेल, विज्ञान और समसामयिक घटनाओं से जुड़े विषयों में गहरी रुचि है। स्नातक स्तर पर बायोटेक्नोलॉजी की पढ़ाई करने के कारण उन्हें मेडिकल और वैज्ञानिक विषयों की भाषा की भी अच्छी समझ है। वे मूल रूप से मध्यप्रदेश के भिंड जिले के निवासी हैं।

और पढ़ें