अभिजीत दीपके पुलिस हिरासत से हुए रिहा, शेयर किया अपडेट, आज से शुरू हो रहा आंदोलन
मुंबई में 2 अक्तूबर को होने वाले प्रदर्शन से पहले कॉकरोच जनता पार्टी के फाउंडर अभिजीत दीपके को कुछ देर के लिए हिरासत में लिया गया था। वह मरीन ड्राइव पर प्लेकार्ड लहराते हुए देखे गए थे। फिलहाल उन्हें छोड़ दिया गया है।

कॉकरोच जनता पार्टी के फाउंडर अभिजीत दीपके को मुंबई पुलिस ने कुछ देर के लिए हिरासत में लिया है। दीपके के ऊपर यह कार्रवाई ऐसे समय में हुई जब वह मुंबई की बहुचर्चित मरीन ड्राइव पर प्ले कार्ड लहराते हुए देखे गए थे। पीटीआई की रिपोर्ट के मुताबिक, मुंबई पुलिस ने कुछ देर के लिए दीपके को हिरासत में ले लिया है। बाद में उन्हें रिहा कर दिया गया।
अभिजीत दीपके को मुंबई पुलिस द्वारा ऐसे समय में हिरासत में लिया गया था, जब कॉकरोच जनता पार्टी आज यानी गांधी जयंती के दिन मुंबई में बड़े स्तर पर प्रदर्शन करने का ऐलान कर चुकी है।
दीपके ने शेयर किया अपडेट
मुंबई पुलिस द्वारा कुछ देर के लिए हिरासत में लिए जाने के बाद दीपके को छोड़ दिया गया। इसके बाद उन्होंने सोशल मीडिया साइट एक्स पर अपनी एक तस्वीर शेयर करते अपडेट दिया। इसमें वह विक्ट्री साइन दिखाते हुए नजर आए।
बता दें, नीट पेपर लीक के मुद्दे पर शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा करवाने के बाद उत्साहित कॉकरोच जनता पार्टी ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। पार्टी की तरफ से कहा गया है कि वह गांधी जयंती के मौके पर मुंबई के शिवाजी पार्क में अपना प्रदर्शन शुरू करेंगे और तब तक नहीं हटेंगे, जब तक ज्ञानेश कुमार इस्तीफा नहीं दे देते।
बता दें, कॉकरोच जनता पार्टी ने इस पूरे मामले पर अपनी तीन मांगों को सामने रखा है। इसमें सबसे प्रमुख मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का इस्तीफा और उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज करवाया जाना। इसके अलावा एसआईआर पर रोक और जनवरी 2025 की वोटर लिस्ट को फिर से लागू किया जाना। इसके अलावा 2023 में मुख्य चुनाव आयुक्त कि नियुक्ति के लिए जो कानून लाया गया था, उसे वापस लिया जाए और चुनाव आयोग का रिफॉर्म हो।
कॉकरोच जनता पार्टी की तरफ से मुंबई के शिवाजी पार्क में प्रदर्शन करने की बात कई गई है। हालांकि, मुंबई पुलिस की तरफ से किसी भी तरह की परमीशन की इजाजत देने से इनकार किया गया है। इस मुद्दे पर कॉकरोच जनता पार्टी की तरफ से कहा गया है कि वह बिना इजाजत के भी अपना प्रदर्शन करेंगे।

