कॉकरोच छोड़ो, इश्क करो पार्टी करो ज्वाइन; पूर्व जज काटजू के बयान पर क्या बोले अभिजित दिपके

लाइव हिन्दुस्तान
Follow us on Google News
share

Abhijit Dipke: कॉकरोच जनता पार्टी के अभिजित दिपके ने पुणे में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान अपनी आगे की रणनीति के बारे में बात की। इसी दौरान उन्होंने सुप्रीम कोर्ट के पूर्व जज मार्कण्डेय काटजू की इश्क करो पार्टी के बारे में भी बात की।

कॉकरोच छोड़ो, इश्क करो पार्टी करो ज्वाइन; पूर्व जज काटजू के बयान पर क्या बोले अभिजित दिपके

Cockroach Janta Party: कॉकरोच जनता पार्टी के संयोजक अभिजित दिपके ने बुधवार को पुणे में एक प्रेस ब्रीफिंग के दौरान आगे की योजना को के बारे में चर्चा की। इसी दौरान उनसे सुप्रीम कोर्ट के पूर्व जज मार्कण्डेय काटजू की 'इश्क करो पार्टी' के बारे में पूछा गया। दरअसल, सुप्रीम कोर्ट के पूर्व जज काटजू ने युवाओं से कॉकरोच जनता पार्टी छोड़कर उनकी इश्क करो पार्टी में शामिल होने का ऑफर दिया था। अभिजित दिपके से जब इस बारे में सवाल पूछा गया, तो उन्होंने कहा कि किसी को भी कोई भी पार्टी शुरू करने का अधिकार है।

सुप्रीम कोर्ट के पूर्व जज काटजू द्वारा सोशल मीडिया पर शुरू की गई इस नई पार्टी को लेकर दिपके ने कहा, “मुझे लगता है कि यह देश एक लोकतांत्रिक देश है, ऐसे में किसी को भी कोई भी पार्टी शुरू करने में कोई परेशानी नहीं होनी चाहिए।”

क्या है पूर्व जज काटजू की 'इश्क करो पार्टी'?

सोशल मीडिया पर अपने पोस्ट के लिए पहचाने जाने वाले पूर्व जज काटजू ने कुछ दिनों पहले ही अपनी नई व्यंग्यात्मक पार्टी बनाने का ऐलान किया था। इस पार्टी का नाम रखा गया 'इश्क करो पार्टी' इस पार्टी के लिए काटजू ने एक इंस्टा पेज, फेसबुक पेज और वेबसाइट को भी बनाया है। इतना ही नहीं काटजू ने लोगों ने अपील भी की है कि लोगों को कॉकरोच जनता पार्टी को छोड़कर उनकी इश्क करो पार्टी ज्वाइन करनी चाहिए।

अपनी इस पार्टी के बारे में बताते हुए जस्टिस काटजू लिखते हैं कि उन्होंने इस पार्टी को बनाने का प्रस्ताव अमेरिका में रहने वाले अपने दोस्त इरफान अली के सामने रखा था। जब इरफान को यह प्रस्ताव पसंद आया, तो उन्होंने तुरंत ही इसे बनाने का ऐलान कर दिया। इसके बाद इसके सोशल मीडिया पर पेज बनाए गए।

जस्टिस ने लिखा, "जब मैंने इस पार्टी के बारे में ट्वीट किया, तो कई लोगों को यह सिर्फ एक मजाक लगा। उन्हें लगा कि मैं लड़के और लड़कियों के बीच में रोमांस को बढ़ावा देने के लिए वैलेंटाइन जैसा कुछ बना रहा हूं। लेकिन यह उनकी गलतफहमी है। असल में हमारी पार्टी भारत की बहुत बड़ी समस्या से निपटने के लिए बनी है। हमारी इश्क करो पार्टी के लिए इश्क का मतलब पुरुष और महिला के बीच का प्यार नहीं है, बल्कि अपने देश भारत और यहाँ रहने वाले लोगों के लिए प्यार है। चाहे उनका धर्म, जाति, भाषा या नस्ल कुछ भी हो। साथ ही, उनसे अपने मतभेदों को भुलाकर एकजुट होने की अपील भी है।"

शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा दें, नहीं तो देश व्यापी आंदोलन: दिपके

जस्टिस काटजू की इश्क करो पार्टी से अलग कॉकरोच जनता पार्टी के अभिजित दिपके ने अपनी आगे की रणनीति के बारे में भी बात की। मीडिया से बात करते हुए दिपके ने कहा कि अगर शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा नहीं करते हैं तो कॉकरोच पार्टी पूरे देश में प्रदर्शन करेगी। इसकी शुरुआत गुरुवार को पुणे विश्वविद्यालय से होगी। दिपके ने कहा, “अगर शिक्षामंत्री इस्तीफा नहीं देते हैं, तो हम देशव्यापी प्रदर्शन करेंगे। कल सभी छात्र यहां आएंगे और धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग करेंगे। इसके बाद जयपुर, लखनऊ, बैंगलुरु जैसी जगहों पर मैं खुद जाकर आंदोलन करूंगा। यह आंदोलन पूरी तरह से लोकतांत्रिक और शांति पूर्ण होगा। इसके बाद भी धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा नहीं देते, तो हम सब युवा 20 तारीख को जंतर मंतर पर आएंगे और धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा लिए बिना नहीं जाएंगे।”

बता दें, यह पूरा मामला सुप्रीम कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश जस्टिस सूर्यकांत की एक टिप्पणी के बाद शुरू हुआ था। इसके बाद अमेरिका में रहने वाले अभिजित दिपके ने सोशल मीडिया पर कॉकरोच जनता पार्टी के नाम से पार्टी एक पेज बनाया। इस पर देखते ही देखते करीब 22 मिलियन लोग जुड़ गए। इसके बाद नीट पेपर लीक मामले को उठाते हुए कॉकरोच पार्टी ने धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग करते हुए 6 जून को जंतर मंतर पर प्रदर्शन करने का ऐलान किया। 6 जून को अभिजित दिपके अमेरिका से भारत आए और जंतर मंतर पर अपने समर्थकों के साथ आंदोलन किया। इसके बाद उन्होंने धर्मेंद्र प्रधान को इस्तीफा देने का अल्टीमेटम दिया और ऐसा नहीं होने पर देशव्यापी आंदोलन करने की चेतावनी दी।

इस खबर पर आपकी क्या राय है?

Upendra Thapak

लेखक के बारे में

Upendra Thapak

उपेंद्र ने डिजिटल पत्रकारिता की शुरुआत लाइव हिन्दुस्तान से की है। पिछले एक साल से वे होम टीम में कंटेंट प्रोड्यूसर के तौर पर कार्यरत हैं। उन्होंने लोकसभा चुनाव 2024, ऑपरेशन सिंदूर और कई राज्यों के विधानसभा चुनावों की कवरेज की है। पत्रकारिता की पढ़ाई भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC), नई दिल्ली (बैच 2023-24) से पूरी करने वाले उपेंद्र को इतिहास, अंतर्राष्ट्रीय संबंध, राजनीति, खेल, विज्ञान और समसामयिक घटनाओं से जुड़े विषयों में गहरी रुचि है। स्नातक स्तर पर बायोटेक्नोलॉजी की पढ़ाई करने के कारण उन्हें मेडिकल और वैज्ञानिक विषयों की भाषा की भी अच्छी समझ है। वे मूल रूप से मध्यप्रदेश के भिंड जिले के निवासी हैं।

और पढ़ें