अभिजीत दीपके ने ऐसा क्या लिख दिया, X ने ब्लॉक कर दी पोस्ट; ममता बनर्जी से कनेक्शन
अभिजीत दीपके ने अपनी एक पोस्ट में पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को टैग किया था। हालांकि, कुछ देर के बाद ही उनकी इस पोस्ट को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स ने ब्लॉक कर दिया है।

कॉकरोच जनता पार्टी के फाउंडर अभिजीत दीपके ने 10 अक्टूबर को दिल्ली में प्रदर्शन करने का ऐलान किया है। उनके इस प्रदर्शन को तृणमूल कांग्रेस ममता की प्रमुख ममता बनर्जी ने अपना समर्थन दिया था। ममता बनर्जी की इस वीडियो को उनकी पार्टी के नेता डेरेक ओ ब्रायन ने पोस्ट किया। इसके बाद सीजेपी नेता अभिजीत दीपके ने उन्हें धन्यवाद देते हुए इसे रिपोस्ट किया। लेकिन कुछ देर के बाद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स ने इस पोस्ट को ब्लॉक कर दिया। इस पर पलटवार करते हुए दीपके ने कहा कि अगर सरकार 10 अक्टूबर के पहले उनके सोशल मीडिया हैंडल को भी बैन कर दे, तो उन्हें इससे कोई हैरानी नहीं होगी।
यह पूरा मामला शुक्रवार को उस वक्त शुरू हुआ जब शाम के वक्त ममता बनर्जी से कॉकरोच जनता पार्टी द्वारा किए जा रहे विरोध प्रदर्शन पर सवाल पूछा गया। इस पर पश्चिम बंगाल की पूर्व सीएम ने कहा कि वह कॉकरोच जनता पार्टी और अन्य सभी युवा लोगों और छात्रों द्वारा चलाए जा रहे आंदोलन के समर्थन में हैं। पार्टी नेता डेरेक ओ ब्रायन ने अपने सोशल मीडिया हैंडल से इस वीडियो को पोस्ट किया। कुछ ही देर बाद सीजेपी के फाउंडर अभिजीत दीपके ने भी इस वीडियो को रिपोस्ट करते हुए ममता बनर्जी को धन्यवाद दिया। उन्होंने लिखा, "कॉकरोच आंदोलन को समर्थन देने के लिए आपका धन्यवाद ममता बनर्जी मैम"
एक्स ने ब्लॉक किया अभिजीत दीपके का पोस्ट
डेरेक ओ ब्रायन ने भी अभिजीत दीपके के इस पोस्ट को रिपोस्ट किया। हालांकि कुछ ही देर बाद ब्रायन ने इस बात की जानकारी दी कि ममता बनर्जी द्वारा दिए जा रहे समर्थन पर दीपके के जवाब को एक्स ने ब्लॉक कर दिया है। उन्होंने एक स्क्रीनशॉट शेयर करते हुए लिखा, "ममता बनर्जी कॉकरोच के सपोर्ट में थींष अभिजीत दीपके ने उनकी इस सद्भावना और समर्थन के लिए उनका धन्यवाद भी दिया। लेकिन डरपोक सरकार ने ट्वीट को ही ब्लॉक कर दिया।"
खबर लिखे जाने तक इस पोस्ट को हटाने की पीछे की वजह को जानने की कोशिश की जाती है। तो एक्स की तरफ से एक सीधा संदेश सामने आता है कि इस पोस्ट को स्थानीय कानूनों की वजह से रोक दिया गया है।
अभिजीत दीपके बोले- ट्विटर हैंडल ब्लॉक कर दे, तो हैरानी नहीं होगी
इसके बाद डेरेक ओ ब्रायन के ट्वीट पर रिपोस्ट करते हुए दीपके ने दावा किया कि 10 अक्टूबर के पहले उनका भी ट्वीटर हैंडल ब्लॉक किया जा सकता है। उन्होंने लिखा, "अगर सरकार 10 अक्टूबर के पहले मेरा हैंडल भी हटा देती है। तो मुझे इससे ज्यादा हैरानी नहीं होगी।"
बता दें, मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ मोर्चा खोलने वाले कॉकरोच जनता पार्टी के नेताओं ने शुरुआत में मुंबई में जेल भरो आंदोलन चलाने का ऐलान किया था। सीजेपी नेताओं की तरफ से कहा गया था कि वह शिवाजी पार्क में तब तक बैठे रहेंगे, जब तक ज्ञानेश कुमार इस्तीफा नहीं दे देते। हालांकि, इसके बाद जब मुंबई पुलिस ने उन्हें प्रदर्शन करने की इजाजत नहीं दी, तो हालात बदल गए। कल देर रात अभिजीत दीपके की तरफ से ऐलान किया गया कि इस प्रदर्शन को वापस दिल्ली लेकर आया जाएगा। उन्होंने कहा कि कॉकरोच जनता पार्टी के पूरे कार्यकर्ता 10 अक्टूबर दिल्ली में जंतर मंतर की तरफ मार्च करेंगे। अगर दिल्ली पुलिस ने उन्हें रोकने की कोशिश की, तो जहां दिल्ली पुलिस रोकेगी। वह उसी जगह को जंतर मंतर बना लेंगे।


