अभिजीत दीपके को NDA में आने का ऑफर, मोदी सरकार में मंत्री ने पार्टी में बुलाया

लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
Follow us on Google News
share

कॉकरोच जनता पार्टी के फाउंडर अभिजीत दीपके राजनीति से दूर रहने की बात कर रहे हैं। वहीं, सीजेपी ने भी राजनीति में आने से फिलहाल इनकार कर दिया है। अब एक केंद्रीय मंत्री ने दीपके को उनके दल में शामिल होने का न्योता दिया है।

Abhijeet Dipke
अभिजीत दीपके को NDA के एक दल में शामिल होने का न्योता मिला है। (PTI Photo/Atul Yadav)

अभिजीत दीपके को राजनीति में आने का ऑफर मिला है। केंद्र में सत्तारूढ़ NDA सरकार में मंत्री रामदास आठवले ने उन्हें अपनी पार्टी में आने का न्योता दिया है। हालांकि, इसपर अब तक कॉकरोच जनता पार्टी के फाउंडर का जवाब नहीं आया है। खास बात है की दीपके लगातार राजनीति से दूर रहने की बात कर रहे हैं। CJP ने ही जून-जुलाई में जंतर-मंतर पर हुए छात्र आंदोलन की अगुवाई की थी।

केंद्रीय मंत्री और रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया (ए) प्रमुख रामदास आठवले ने सोमवार को कहा कि डॉक्टर बाबासाहेब आंबेडकर का सपना पूरा करने और समाज व पार्टी को मजबूत करने के लिए कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संयोजक अभिजीत दीपके को RPI(A) में शामिल हो जाना चाहिए।

क्या है अभिजीत दीपके का प्लान

रायटर्स से बातचीत में उन्होंने राजनीति में तत्काल एंट्री से इनकार कर दिया है। हालांकि, उन्होंने कहा कि अगर 'ज्यादातर लोग चाहेंगे', तो वह इसपर विचार कर सकते हैं। साथ ही कहा है कि जनता की डिमांड पर आगे चलकर चुनाव लड़ने पर भी विचार कर सकते हैं। उन्होंने कहा, 'भारत में मुझे नहीं लगता कि राजनीतिक पार्टी बनाना एक समाधान है।'

क्या CJP बनेगी पार्टी

अगस्त के पहले सप्ताह में सीजेपी ने राष्ट्रीय कार्यसमिति का गठन किया था। तब पार्टी ने कहा था कि CJP को फिलहाल राजनीतिक दल में नहीं बदला जाएगा, बल्कि यह जमीनी स्तर पर काम करेगी।

प्रवक्ता सौरभ दास ने कहा था, 'लोग चाहते हैं कि सीजेपी एक राजनीतिक दल बने। लेकिन इस समय एक और राजनीतिक दल जोड़ना उपयोगी नहीं होगा। वहां ऊर्जा खर्च करने के बजाय, हम धरातल पर काम करेंगे क्योंकि जागरूकता वहीं से आती है। हम फिलहाल सीजेपी को राजनीतिक दल में नहीं बदलेंगे।'

सरकारी स्कूलों को लेकर मुहिम शुरू

दीपके ने शनिवार को महाराष्ट्र के हिंगोली जिले स्थित अपने पैतृक गांव से 'स्कूल ठीक करो' अभियान की शुरुआत की। उन्होंने सरकारी स्कूलों की बदहाल स्थिति के लिए सरकार को जिम्मेदार ठहराते हुए कहा कि इसकी सबसे अधिक मार गरीब विद्यार्थियों पर पड़ रही है। उन्होंने निजी स्कूलों की फीस सीमित करने की भी मांग की।

उन्होंने कहा कि CJP सरकारी अस्पतालों में खराब स्वास्थ्य सुविधाओं के मुद्दे पर भी इसी तरह का अभियान चलाएगी। दीपके ने संवाददाताओं से कहा, 'भारत को आजाद हुए 80 साल हो गए हैं और अगर सरकारी स्कूलों में पानी जैसी बुनियादी सुविधा भी नहीं है, तो देश का विकास कैसे होगा?' उन्होंने स्कूल की कथित बदहाली को लेकर कहा कि खिड़कियां टूटी हुई हैं और विद्यार्थियों के लिए पर्याप्त बेंच भी नहीं हैं।

उन्होंने कहा, 'हमने एक सूची तैयार की है, जिसमें यह दर्ज किया जा सकेगा कि स्कूलों में बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध हैं या नहीं। हम महाराष्ट्र और देशभर के स्कूलों से आंकड़े जुटाएंगे और उनका संकलन करेंगे।'

दीपके ने कहा कि अभियान के अगले चरण में वह महाराष्ट्र के अन्य तालुकों के सरकारी स्कूलों में जाकर विद्यार्थियों के लिए उपलब्ध सुविधाओं का मुआयना करेंगे। वहीं, पार्टी ने राजस्थान के स्कूलों में भी जाने का ऐलान किया है।

Nisarg Dixit

लेखक के बारे में

Nisarg Dixit

निसर्ग दीक्षित न्यूजरूम में करीब एक दशक का अनुभव लिए निसर्ग दीक्षित शोर से ज़्यादा सार पर भरोसा करते हैं। पिछले 4 साल से वह लाइव हिनुस्तान में डिप्टी चीफ प्रोड्यूसर के रूप में कार्यरत हैं, जहां खबरों की योजना, लेखन, सत्यापन और प्रस्तुति की जिम्मेदारी संभालते हैं। इससे पहले दैनिक भास्कर और न्यूज़18 जैसे बड़े मीडिया संस्थानों में काम कर चुके हैं, जहाँ उन्होंने ग्राउंड रिपोर्टिंग से लेकर डेस्क तक की भूमिकाएं निभाईं। उन्होंने माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की, जिसने उनके काम करने के तरीके को व्यावहारिक और तथ्य आधारित बनाया। निसर्ग की खास रुचि खोजी रिपोर्टिंग, ब्रेकिंग स्टोरीज़ और विज़ुअल न्यूज़ स्टोरीज़ में है। वे जटिल मुद्दों को सरल भाषा और स्पष्ट तथ्यों के साथ प्रस्तुत करने में विश्वास रखते हैं। राजनीति और जांच पड़ताल से जुड़े विषयों पर उनकी मजबूत पकड़ है। निसर्ग लोकसभा चुनावों, कई राज्यों के विधानसभा चुनावों और अहम घटनाओं को कवर कर चुके हैं। साथ ही संसदीय कार्यवाही और सुप्रीम कोर्ट की महत्वपूर्ण सुनवाइयों को नियमित रूप से कवर करते हैं। गूगल जर्नलिस्ट्स स्टूडियो में भी निसर्ग योगदान देते हैं।

और पढ़ें
Hindi News , इंडिया न्यूज़ , आज का मौसम , विधानसभा चुनाव और Sawan 2026 से जुड़ी ताज़ा खबरों व पल-पल के अपडेट के लिए लाइव हिन्दुस्तान के साथ जुड़े रहें। UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Vidhan Sabha Candisates से जुड़ी सभी महत्वपूर्ण खबरें और जानकारी यहां पढ़ें। सभी बड़ी खबरें सबसे पहले पाने के लिए लाइव हिन्दुस्तान ऐप अभी डाउनलोड करें।
Hindi NewsIndia Newsअभिजीत दीपके को NDA में आने का ऑफर, मोदी सरकार में मंत्री ने पार्टी में बुलाया