अभिजीत दीपके-नेहा बोरा को विपक्ष का समर्थन, ममता बनर्जी से लेकर स्टालिन तक ने की रिहा करने की अपील

लाइव हिन्दुस्तान
share

कॉकरोच जनता पार्टी के संयोजक अभिजीत दीपके और  AISA चीफ नेहा बोरा को हिरासत में लिया गया है। इसके बाद उनके सपोर्ट में अरविंद केजरीवाल, ममता बनर्जी और एम के स्टालिन आ गए हैं। इन नेताओं ने दिल्ली पुलिस की आलोचना करते हुए दोनों को छोड़ने की अपील की।

Cockroach Janta Party (CJP) founder Abhijeet Dipke (R) and All India Students' Association (AISA) president Neha Bora
कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके और AISA की अध्यक्ष नेहा बोरा।

कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संयोजक अभिजीत दीपके को दिल्ली पुलिस ने हिरासत में ले लिया था। उनके साथ ही वामपंथी छात्र संगठन AISA की अध्यक्ष नेहा बोरा को भी दिल्ली पुलिस ने हिरासत में लिया है। फिलहाल उनके रिहा होने के बारे में कोई जानकारी सामने नहीं आई है। इसी बीच तीन पूर्व मुख्यमंत्रियों ने दीपके और बोरा को रिहा करने के लिए दिल्ली पुलिस से अपील की है। दिल्ली के पूर्व सीएम केजरीवाल ने पाकिस्तान का जिक्र करते हुए कहा कि आखिर भारत में तिरंगा लहराना कबसे अपराध होने लगा है। अगर हम हिंदुस्तान में तिरंगा नहीं लहरा सकते, तो क्या पाकिस्तान में लहराएंगे? इसके बाद पश्चिम बंगाल की पूर्व सीएम ममता बनर्जी ने भी इस मामले को लेकर भाजपा सरकार पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि आखिर दिल्ली पुलिस करना क्या चाहती है?

बता दें, कॉकरोच जनता पार्टी के संयोजक अभिजीत दीपके ने 16 अक्तूबर को दिल्ली के कनॉट प्लेस में 'लहरा दो तिरंगा' नामक प्रदर्शन का आह्वान किया था। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने उनके दो साथियों आशुतोष रांका और सौरभ दास को केवल इसलिए हिरासत में लिया है क्योंकि वह जंतर मंतर पर जाकर तिरंगा फहरा रहे थे। दीपके की तरफ से लहरा दो तिरंगा कार्यक्रम की रूप रेखा घोषित होने के बाद दिल्ली पुलिस ने पूरी तैयारी की। कॉकरोच जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं के कनॉट प्लेस पर पहुंचने से पहले ही उन्हें हिरासत में लिया जाने लगा। इसके बाद अभिजीत दीपके को भी दिल्ली पुलिस ने हिरासत में ले लिया।

अभिजीत दीपके के हिरासत में लिए जाने की खबर सामने आते ही। AISA अध्यक्ष नेहा बोरा ने अपने कार्यकर्ताओं को मंडी हाउस पर इकट्ठा होने का आह्वान कर दिया। इसके बाद दिल्ली पुलिस ने जाकर नेहा बोरा को भी हिरासत में ले लिया। धीरे-धीरे करके पुलिस ने कनॉट प्लेस से भी सीजेपी के कार्यकर्ताओं को हटा दिया।

विपक्षी दलों का कॉकरोच जनता पार्टी को समर्थन

अरविंद केजरीवाल का समर्थन- कॉकरोच जनता पार्टी के समर्थन में सबसे पहले दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल आए। उन्होंने दिल्ली पुलिस और केंद्र सरकार के रवैये पर सवाल उठाते हुए इसे तानाशाही करार दिया। उन्होंने लिखा, "यह तो सरासर तानाशाही है। क्या तिरंगा लहराना जुर्म है? अभिजीत की गिरफ्तारी यह दिखाती है कि मोदी जी इनसे कितने डरते हैं। हम अपने देश में तिरंगा नहीं लहराएंगे तो क्या पाकिस्तान में लहराएंगे? जिसको भारतीय तिरंगे से परेशानी हो, वह पाकिस्तान चले जाएं।"

ममता बनर्जी ने किया सपोर्ट- पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भी अभिजीत दीपके और नेहा बोरा को रिहा किए जाने की अपील की। उन्होंने दिल्ली पुलिस की कार्रवाई को अघोषित इमरजेंसी करार दिया। उन्होंने लिखा, "अभिजीत दीपके को भारतीय राष्ट्रीय ध्वज थामने के लिए हिरासत में लिया गया है। जरा इस बात पर गौर करें। आजाद भारत में हमारे युवाओं और उनके लोकतांत्रिक अधिकारियों का शांतिपूर्ण तरीके से इस्तेमाल करने के लिए उन्हें हिरासत में लिया जा रहा है। उन्होंने आगे लिखा, "यह अघोषित आपातकाल से कम नहीं है? जो सरकार असहमति से डरती है, वह अब पूरी एक पीढ़ी को डरा-धमकाकर चुप कराने की कोशिश कर रही है। यह एक फासीवादी शासन का रवैया है, जो ऐसी किसी भी आवाज को बर्दाश्त नहीं कर सकता जिसे वह नियंत्रित न कर सके।" इसके बाद कॉकरोच जनता पार्टी के नेताओं को संबोधित करते हुए ममता बनर्जी ने लिखा, "अभिजीत, आशतोष और सौरभ आप भारत के युवाओं के साहस और अंतरात्मा की आवाज का प्रतिनिधित्व करते हैं। आपकी दीदी मजबूती से आपके साथ खड़ी हुई है।"

स्टालिन भी सपोर्ट में उतरे- तमिलनाडु के पूर्व मुख्यमंत्री एमके स्टालिन भी अभिजीत दीपके और नेहा बोरा के सपोर्ट में नजर आए। उन्होंने पूछा कि आखिर दोनों को कहां रखा गया है। सोशल मीडिया साइट एक्स पर अपनी बात रखते हुए स्टालिन ने लिखा, "उन्हें कहां रखा गया है? यह बताए बिना किसी को हिरासत में रखना पूरी तरह से गैर-कानूनी है। स्टालिन ने आगे कहा, "केंद्र सरकार को उन्हें तुरंत रिहा करना चाहिए और शांतिपूर्ण विरोध-प्रदर्शनों को दबाना बंद करना चाहिए। आंदोलन को कुचलने की हर कोशिश इसे और मजबूत ही बनाएगी।" उन्होंने यह भी मांग की कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को "पद छोड़ देना चाहिए"।

अखिलेश यादव ने केवल नेहा बोला के लिए उठाई आवाज

मुख्य विपक्षी गठबंधन इंडिया ब्लॉक के सदस्य और समाजवादी पार्टी के नेता अखिलेश यादव ने नेहा बोरा को लेकर आवाज उठाई। उन्होंने लिखा, "ये बेहद गंभीर मामला है कि डिटेन की गई नेहा बोरा कहाँ हैं, इसकी कहीं कोई खबर नहीं है। एक नारी को रात में डिटेन करके कहाँ ले जाया गया है, पुलिस इसका खुलासा करे। राष्ट्रीय महिला आयोग तत्काल इस अति संवेदनशील प्रकरण का संज्ञान ले। नेहा बोरा को तुरंत रिहा किया जाए!"

बता दें, अभी तक इस मामले पर राहुल गांधी की तरफ से कोई बयान सामने नहीं आया है। हालांकि, जब आशुतोष रांका और सौरभ दास को गिरफ्तार किया गया था। उस वक्त जरूर राहुल गांधी ने बिना नाम लिए उनका समर्थन किया था। लेकिन अभिजीत दीपके की गिरफ्तारी पर अभी तक कांग्रेस पार्टी की तरफ से कोई बयान सामने नहीं आया है। इंडिया ब्लॉक के बाकी पार्टियों ने भी (ममता बनर्जी छोड़कर) अभिजीत दीपके को लेकर अभी तक कोई बयान जारी नहीं किया है।

Upendra Thapak

लेखक के बारे में

Upendra Thapak

उपेंद्र ने डिजिटल पत्रकारिता की शुरुआत लाइव हिन्दुस्तान से की है। पिछले एक साल से वे होम टीम में कंटेंट प्रोड्यूसर के तौर पर कार्यरत हैं। उन्होंने लोकसभा चुनाव 2024, ऑपरेशन सिंदूर और कई राज्यों के विधानसभा चुनावों की कवरेज की है। पत्रकारिता की पढ़ाई भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC), नई दिल्ली (बैच 2023-24) से पूरी करने वाले उपेंद्र को इतिहास, अंतर्राष्ट्रीय संबंध, राजनीति, खेल, विज्ञान और समसामयिक घटनाओं से जुड़े विषयों में गहरी रुचि है। स्नातक स्तर पर बायोटेक्नोलॉजी की पढ़ाई करने के कारण उन्हें मेडिकल और वैज्ञानिक विषयों की भाषा की भी अच्छी समझ है। वे मूल रूप से मध्यप्रदेश के भिंड जिले के निवासी हैं।

और पढ़ें
Hindi News , इंडिया न्यूज़ , आज का मौसम , विधानसभा चुनाव से जुड़ी ताज़ा खबरों व पल-पल के अपडेट के लिए लाइव हिन्दुस्तान के साथ जुड़े रहें। UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Vidhan Sabha Candidates से जुड़ी सभी महत्वपूर्ण खबरें और जानकारी यहां पढ़ें। सभी बड़ी खबरें सबसे पहले पाने के लिए लाइव हिन्दुस्तान ऐप अभी डाउनलोड करें।
Hindi NewsIndia Newsअभिजीत दीपके और नेहा बोरा को विपक्ष का समर्थन, रिहा करने की अपील