पुलिस मुझे उठा सकती है, अभिजीत दीपके ने आधी रात पत्रकारों को बुलाया

लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
share

कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने दावा किया है कि दिल्ली पुलिस उन्हें गिरफ्तार कर सकती है। साथ ही IB की तरफ से उनकी जासूसी का दावा किया है। सीजेपी 16 अक्टूबर को दिल्ली में प्रदर्शन करने जा रही है।

Abhijeet Dipke Arrest
कॉकरोच जनता पार्टी आशुतोष रांका और सौरभ दास को हिरासत में भेजे जाने का विरोध कर रही है। (PTI Photo)

राजधानी दिल्ली में प्रदर्शन से पहले कॉकरोच जनता पार्टी प्रमुख अभिजीत दीपके ने बड़ा दावा कर दिया है। उन्होंने देर रात बुलाई प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा है कि दिल्ली पुलिस उन्हें किसी भी समय गिरफ्तार कर सकती है। साथ ही दावा किया है कि इंटेलीजेंस ब्यूरो और दिल्ली पुलिस के अधिकारी उनकी जासूसी कर रहे हैं। सीजेपी ने शुक्रवार को कनॉट प्लेस पर तिरंगा लहराने का ऐलान किया है।

अभिजीत दीपके ने कहा, 'अभी मैं जिस घर पर हूं, उस घर के चारों ओर दिल्ली पुलिस और आईबी के लोगों ने घेर रखा है। घर के चारों तरफ जो गलियां जाती हैं, वहां चारों तरफ दिल्ली पुलिस और आईबी वाले घूम रहे हैं। मैं जब भी बाहर जाता हूं, तो बगैर नंबर प्लेट की गाड़ियां मेरे पीछे लगी हुईं हैं। और जब मैं आया हूं तो पूरे आईबी और पुलिसवाले इस घर का चक्कर लगा रहे हैं और वॉचमैन से बात कर रहे हैं और अपडेट ले रहे हैं।'

गिरफ्तारी का दावा

दीपके ने गिरफ्तारी का दावा किया है। उन्होंने कहा, 'तो आज रात को या कल सुबह मुझे दिल्ली पुलिस वाले उठा सकते हैं। लेकिन मैं मोदी जी से कहना चाहता हूं कि इन चीजों से डरने वाले नहीं हैं। यहां पर बैठा हुआ हूं, आकर उठा लूं। अगर इस देश में तिरंगा लहराने के लिए जेल जाना पड़ेगा, तो हम उसके लिए तैयार हैं। क्या मजाक लगा रखा है आपने देश में। हमने पहले 10 अक्टूबर को विरोध प्रदर्शन बुलाया था, आपने पूरी दिल्ली बंद कर दी। बस, मेट्रो, रेलवे, इंटरनेट बंद कर दिया। बैरिकेड्स लगा दिए। जम्मू-कश्मीर से फोर्स बुला ली। अब हमने कहा कि हम 16 तारीख को कनॉट प्लेस पर तिरंगा लहराएंगे सेंट्रल पार्क में, तो सेंट्रल पार्क बंद कर दिया।'

तिरंगा नहीं लहराने देने के आरोप

सीजेपी प्रमुख ने सरकार पर तिरंगा नहीं लहराने देने के आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा, 'ये क्या लगा रखा है। कल को हम कहेंगे कि हम 100 जगह तिरंगा लहराएं, तो क्या सारी की सारी 100 जगह बंद कर दोगे। कल को हम कहेंगे कि नरेंद्र मोदी की रैली में तिरंगा लेकर जाओ, तो आप अपनी रैली बंद कर दोगे क्या। क्या मजाक लगा रखा है। करोगे आप अपनी रैली कैंसिल? कल को कॉकरोच जनता पार्टी कहती है कि नरेंद्र मोदी की रैली में जाकर तिरंगा लहराओ, तो क्या मोदी जी अपनी रैली कैंसिल कर देंगे। इतना डर क्यों लग रहा है कॉकरोचों से आपको कि पूरी फोर्स हमारे पीछे छोड़ रखी है।'

सीजेपी नेताओं को हिरासत में लेने का विरोध

दीपके ने कहा, 'हम जहां आंदोलन करना चाहते हैं, वहां आप कह देते हो कि ये जगह बंद कर दो, वो जगह बंद कर दो। किस चीज से इतना घबरा रहे हो और क्यों घबरा रहे हो। क्या भारत देश में तिरंगा लहराना अपराध हो चुका है, बता दो आप। आधिकारिक रूप से ऐलान कर दो कि तिरंगा नहीं लहराने दोगे। फिर तो देशद्रोही हुए आप। आज तक किसी प्रधानमंत्री या सरकार ने ऐसा कभी नहीं किया है। कल आशुतोश और सौरभ को उठा लिया था और न्यायिक हिरासत में भेज दिया है तिरंगा लहराने के लिए।'

बुधवार को दो सीजेपी नेताओं आशुतोष रांका और सौरभ दास को पुलिस ने जंतर मंतर पर तिरंगा फहराने और नारेबाजी को लेकर हिरासत में ले लिया था। खास बात है कि जंतर मंतर को प्रदर्शन स्थलों की सूची से हटा दिया गया है। बाद में उन्हें 5 दिनों के लिए न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया था। इस कार्रवाई पर सीजेपी नाराजगी जाहिर कर रही है।

दिल्ली पुलिस छोटे समूह को दे सकती है अनुमति

दिल्ली पुलिस ने गुरुवार को कहा था कि एक छोटे समूह को तिरंगा फहराने की अनुमति दी जा सकती है। हालांकि पुलिस ने कहा कि कनॉट प्लेस और आसपास के इलाकों में निषेधाज्ञा पहले से लागू है। पुलिस ने लोगों से वहां एकत्र नहीं होने की अपील की। दिल्ली पुलिस की जनसंपर्क अधिकारी एवं डीसीपी नेहा यादव ने बृहस्पतिवार शाम यहां पत्रकारों से कहा कि नई दिल्ली नगरपालिका परिषद ने दिल्ली पुलिस को पत्र लिखकर सूचित किया है कि कनॉट प्लेस स्थित सेंट्रल पार्क 16 और 17 अक्टूबर को बंद रहेगा।

Nisarg Dixit

लेखक के बारे में

Nisarg Dixit

निसर्ग दीक्षित न्यूजरूम में करीब एक दशक का अनुभव लिए निसर्ग दीक्षित शोर से ज़्यादा सार पर भरोसा करते हैं। पिछले 4 साल से वह लाइव हिनुस्तान में डिप्टी चीफ प्रोड्यूसर के रूप में कार्यरत हैं, जहां खबरों की योजना, लेखन, सत्यापन और प्रस्तुति की जिम्मेदारी संभालते हैं। इससे पहले दैनिक भास्कर और न्यूज़18 जैसे बड़े मीडिया संस्थानों में काम कर चुके हैं, जहाँ उन्होंने ग्राउंड रिपोर्टिंग से लेकर डेस्क तक की भूमिकाएं निभाईं। उन्होंने माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की, जिसने उनके काम करने के तरीके को व्यावहारिक और तथ्य आधारित बनाया। निसर्ग की खास रुचि खोजी रिपोर्टिंग, ब्रेकिंग स्टोरीज़ और विज़ुअल न्यूज़ स्टोरीज़ में है। वे जटिल मुद्दों को सरल भाषा और स्पष्ट तथ्यों के साथ प्रस्तुत करने में विश्वास रखते हैं। राजनीति और जांच पड़ताल से जुड़े विषयों पर उनकी मजबूत पकड़ है। निसर्ग लोकसभा चुनावों, कई राज्यों के विधानसभा चुनावों और अहम घटनाओं को कवर कर चुके हैं। साथ ही संसदीय कार्यवाही और सुप्रीम कोर्ट की महत्वपूर्ण सुनवाइयों को नियमित रूप से कवर करते हैं। गूगल जर्नलिस्ट्स स्टूडियो में भी निसर्ग योगदान देते हैं।

और पढ़ें
Hindi News , इंडिया न्यूज़ , आज का मौसम , विधानसभा चुनाव से जुड़ी ताज़ा खबरों व पल-पल के अपडेट के लिए लाइव हिन्दुस्तान के साथ जुड़े रहें। UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Vidhan Sabha Candidates से जुड़ी सभी महत्वपूर्ण खबरें और जानकारी यहां पढ़ें। सभी बड़ी खबरें सबसे पहले पाने के लिए लाइव हिन्दुस्तान ऐप अभी डाउनलोड करें।
Hindi NewsIndia Newsपुलिस मुझे उठा सकती है, अभिजीत दीपके ने आधी रात पत्रकारों को बुलाया