अभिजीत दीपके और राहुल गांधी से कैसे निपटेगी भाजपा?
6 अक्टूबर से ही राजधानी दिल्ली की सड़कों पर प्रदर्शन का माहौल है। इन सभी के केंद्र में चुनाव आयोग, मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार और एसआईआर हैं। कॉकरोच जनता पार्टी और कांग्रेस इन प्रदर्शनों की अगुवाई कर रहे हैं।

अभिजीत दीपके की कॉकरोच जनता पार्टी से लेकर सबसे बड़े विपक्षी दल कांग्रेस तक दिल्ली की सड़कों पर प्रदर्शन कर चुका है। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार और SIR प्रक्रिया के खिलाफ मंगलवार को भी हलचल जारी रह सकती है। खबरें हैं कि इन प्रदर्शनों से निपटने के लिए भारतीय जनता पार्टी की अगुवाई वाली एनडीए सरकार बड़ी तैयारी कर रही है और छात्रों, युवाओं से बात करने के लिए भी तैयार है। हालांकि, इसे लेकर सरकार ने आधिकारिक रूप से कुछ नहीं कहा है।
इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के अनुसार, सूत्रों ने कहा है कि पार्टी प्रदर्शकारियों से बात करने की कोशिश के लिए तैयार है, जिनमें छात्र और युवा शामिल हैं। संभावनाएं जताई जा रहीं हैं कि भाजपा मौजूदा हालात से निपटने के लिए कई तरह की रणनीतियों पर काम करती नजर आ रही है। हालांकि, पार्टी ने औपचारिक रूप से अगले कदम को लेकर कुछ नहीं बताया है।
प्रदर्शनों का सामना कैसे करेगी भाजपा
रिपोर्ट के अनुसार, भाजपा ने दिल्ली के मौजूदा हालात से राजनीतिक रूप से निपटने की तैयारी की है। इस दौरान उसके निशाने पर कांग्रेस सांसद राहुल गांधी और आम आदमी पार्टी बताए जा रहे हैं। हालांकि, इसे लेकर किसी भाजपा नेता ने सार्वजनिक रूप से कुछ नहीं कहा है। इसमें यह भी कहा गया है कि भाजपा चुनाव आयोग के मामलों की एक फैक्ट शीट प्रदर्शित करने के लिए तैयार कर रही है।
अखबार से बातचीत में सूत्रों ने कहा, 'देश का कानून साफ और सभी पर लागू है। और सरकार इसके प्रावधानों को ही लागू कर रही है कि सभी काम तय प्रक्रिया के तहत ही होने चाहिए। इनमें सड़कों पर प्रदर्शन और चुनाव आयुक्त को हटाए जाने का सावाल भी शामिल है। ऐसे सिर्फ महाभियोग के जरिए ही किया जा सकता है।'
पार्टी के एक सूत्र ने अखबार से कहा है, 'एक ओर जहां चुनाव आयोग ने एसआईआर के मुद्दे पर स्थिति स्पष्ट करने की कोशिश की है। वही सरकार ने नई दिल्ली के संवेदनशील इलाकों से प्रदर्शनकारियों को हटाने में संयम दिखाया है। इस दौरान आपराधिक या कानूनी कार्रवाई जैसे उपाय नहीं किए गए और लोगों के प्रदर्शन के अधिकारों और कानून व्यवस्था में संतुलन बनाया है।'
रिपोर्ट के अनुसार, सूत्र ने कहा, 'अगर मोदी सरकार लोगों के विरोध के अधिकार के खिलाफ होती, तो रामलीला मैदान जैसी जगह प्रदर्शन के लिए नहीं देती, जहां सड़कों पर नाराजगी जाहिर कर रहे एक वर्ग के चलते जनता को परेशानी नहीं होती।'
कांग्रेस करेगी प्रदर्शन
बीते सप्ताह से ही विपक्षी गठबंधन INDIA दिल्ली में प्रदर्शन कर रहा है। अब संभावनाएं जताई जा रहीं हैं कि मंगलवार को इस पर कुछ समय के लिए विराम लग सकता है। हिन्दुस्तान टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार, एमए बेबी ने कहा, 'मुझे कांग्रेस से कॉल आया था। उन्हें लगता है कि सुप्रीम कोर्ट तक सफल मार्च और याचिका दाखिल करने के बाद मंगलवार को नए मार्च या प्रदर्शन की जरूरत नहीं है।'
हालांकि, कहा यह भी जा रहा है कि INDIA गठबंधन का प्रदर्शन नहीं होगा, लेकिन कांग्रेस से जुड़े समूह अपना विरोध प्रदर्शन जारी रख सकते हैं। इनमें यूथ कांग्रेस, NSUI शामिल हैं।
कॉकरोच जनता पार्टी कर सकती है ऐलान
सोमवार को कॉकरोच जनता पार्टी प्रदर्शन के लिए अनुमति मांगने दिल्ली पुलिस के पास पहुंची थी। खास बात है कि पार्टी ने पुलिस को प्रदर्शन के लिए समय देने के लिए 24 घंटों का समय दिया है। सीजेपी नेता सौरभ दास ने कहा था, 'शांतिपूर्ण विरोध एक अधिकार है, एक संवैधानिक अधिकार है और लोग पहले से ही इसका इस्तेमाल कर रहे हैं। लोग शांति से विरोध करेंगे। पुलिस हमेशा शिकायत करती है कि हमें उनसे 10 दिन पहले संपर्क करना चाहिए। अब हम यह चुनाव उन पर छोड़ रहे हैं और उनसे तारीख और समय बताने के लिए कह रहे हैं।'
पार्टी पदाधिकारी आशुतोष रांका ने कहा था, 'हम दिल्ली पुलिस से पूछ रहे हैं कि हम जंतर-मंतर पर कब विरोध प्रदर्शन कर सकते हैं। हमें उम्मीद है कि पुलिस हमें तारीख देगी। अगर वे ऐसा करते हैं, तो हम 24 घंटे के अंदर तय विरोध स्थल पर विरोध करने के लिए इकट्ठा होंगे।'
अब जब मंगलवार को अवधि खत्म हो रही है, तो ऐसे में संभावनाएं जताई जा रहीं हैं कि सीजेपी प्रदर्शन की घोषणा कर सकती है।

