ममता दीदी को तो आपने भगा दिया… प्रियंका से कांग्रेस की शिकायत करने लगे कल्याण बनर्जी
संसद परिसर में कल्याण बनर्जी और प्रियंका गांधी के संवाद से सांसद अपनी हंसी रोक नहीं पाए। कल्याण गुरुवार को अनोखे अंदाज में अपने शरीर पर एक पोस्टर में टीएमसी के 20 बागी सांसदों के फोटो लगा रखे थे।
दीदी को तो आपने भगा दिया… अरे पप्पू सिंह सुनो भाई… कुछ ऐसी ही बातों से टीएमसी सांसद कल्याण बनर्जी ने संसद परिसर के बाहर नेताओं को ठहाके लगाने पर मजबूर कर दिया। कल्याण बनर्जी की बातें सुनकर प्रियंका गांधी भी अपनी हसीं नहीं रोक पाईं। बता दें कि इससे पहले तृणमूल कांग्रेस के सांसद कल्याण बनर्जी को बीते 22 जुलाई को महिला सांसदों के खिलाफ असंसदीय भाषा इस्तेमाल करने के आरोप में पूरे मानसून सत्र लिए लोकसभा से निलंबित कर दिया गया था। इसके बाद गुरुवार को वे बेहद अनोखे अंदाज में संसद परिसर पहुंचे।
कल्याण बनर्जी अपने गले में ‘20 गद्दारों की तस्वीरों’ वाला एक पोस्टर टांगकर पहुंचे। इस दौरान कांग्रेस महासचिव और सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा के साथ उनकी हल्की-फुल्की बातचीत, पुरानी राजनीतिक यादें और बगावत पर कटाक्ष चर्चा का केंद्र का एक वीडियो सामने आया है। इस वीडियो में संसद के बाहर खड़ी प्रियंका गांधी ने कल्याण बनर्जी के गले में लटके पोस्टर की ओर इशारा करते हुए मीडिया की ओर घूमने का इशारा देकर कहती हैं, "मुड़कर दिखाओ।” इस पर कल्याण बनर्जी कहते हैं, “ये आपके लिए आए हैं, मेरा तो हो गया।" इसके बाद कल्याण बनर्जी ने प्रियंका गांधी के मंगलवार को दिए गए भाषण की तारीफ की। प्रियंका गांधी ने उन्हें हंसकर धन्यवाद भी दिया।
गजब के हुलिए पर दिया जवाब
इसके बाद जब पत्रकारों ने कल्याण बनर्जी से पूछा कि वे पोस्टर पर क्या लिखकर लाए हैं, तो उन्होंने बताया, "20 गद्दारों की तस्वीरें।" गौरतलब है कि तृणमूल कांग्रेस के 20 बागी सांसदों ने काकोली घोष दस्तीदार की अगुवाई में ममता बनर्जी की पार्टी से अलग होकर 'नेशनल सिटीजन्स पार्टी ऑफ इंडिया' में शामिल हो गए हैं। टीएमसी सांसद इन्हीं नेताओं को गद्दार कह रहे थे।
हैं तो कांग्रेसी ही न…
कल्याण बनर्जी जब गद्दारों की बात कर रहे थे तभी प्रियंका गांधी ने याद दिलाया कि कुछ सांसद हमारी तरफ से आपकी तरफ गए थे और फिर वहां से बीजेपी में चले गए। यह सुनकर वहां मौजूद सांसद पप्पू यादव भी हंस दिए। इस पर कल्याण बनर्जी ने कहा कि वे लोग तृणमूल कांग्रेस के टिकट पर ही जीते थे, आपके यहां तो नहीं जीत पाए। कल्याण बनर्जी ने कहा, “वो लोग तो हमारे टिकट से जीते थे। आपका तो 2014 में ही सब खत्म हो गया।… ये लोग हमारे टिकट से जीते हैं। आपके टिकट से जीतकर कभी संसद में नहीं आए।” इस बीच पप्पू यादव ने कल्याण बनर्जी को टोका, “हैं तो कांग्रेसी ही न…” कल्याण बनर्जी तपाक से बोले, “अरे कांग्रेसी तो हम भी थे। मैं खुद यूथ कांग्रेस का उपाध्यक्ष था।" वहां मौजूद नेता इस पर जोरदार ठहाके लगाते दिखे।
आगे कल्याण बनर्जी ने टीएमसी प्रमुख ममता बनर्जी का जिक्र किया। बनर्जी ने कहा, "आप लोगों ने तो दीदी को भगा दिया।… आप लोगों ने 1997 में दीदी को भगा दिया। नहीं तो कांग्रेस की ऐसी हालत नहीं होती।" अब प्रियंका गांधी ने उन्हें बीच में टोकते हुए कहा कि कांग्रेस में ममता बनर्जी का हमेशा सम्मान किया गया। प्रियंका बोलीं, “राजीव जी दीदी का बहुत सम्मान करते थे।” कल्याण बनर्जी ने प्रियंका की बात से सहमति जताई और कहा, “मैं जानता हूं, राजीव जी दीदी को बहुत पसंद करते थे और उन्हें बहुत सम्मान दिया।”
पप्पू सिंह सुनो भाई…
बीच में पप्पू यादव ने कुछ कहना चाहा तो कल्याण बनर्जी ने टोकते हुए कहा, “अरे पप्पू सिंह तुम सुनो भाई। चुप रहो।” इस पर एक बात फिर ठहाके गूंज उठे। कल्याण बनर्जी ने आगे कहा कि ममता बनर्जी ने कांग्रेस का साथ इसीलिए छोड़ा क्योंकि कांग्रेस ने उसी सीपीएम से हाथ मिला लिया जिसके खिलाफ वे बंगाल में लड़ रहे थे। इसके बाद प्रियंका गांधी मुस्कुराते हुए और सिर हिलाते हुए अन्य सांसदों के साथ आगे बढ़ गईं।


