आपको भक्त नहीं बनना है; लद्दाख में अपने गांव पहुंचकर लोगों से अपील करते हुए ऐसा क्यों बोले सोनम वांगचुक?

लाइव हिन्दुस्तान, लद्दाख
Follow us on Google News
share

लोगों को नसीहत देते हुए सोनम वांगचुक ने कहा, ‘हम क्या इतने तंग नजर हो गए हैं, कि भारत का कोई विभाग, जैसे मान लीजिए इसरो अगर मंगल ग्रह पर एस्ट्रोनॉट उतारे, तो क्या हम उनकी भी प्रशंसा भी नहीं करेंगे।’

कॉकरोच जनता पार्टी का आंदोलन खत्म होने के बाद सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक एक बार फिर दिल्ली की भागमभाग से दूर केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख में स्थित अपने गांव पहुंच गए हैं, जहां से उन्होंने शुक्रवार रात को एक वीडियो शेयर किया, जिसमें उन्होंने केंद्र सरकार को अनशन तोड़ते वक्त लिखित में उनसे किए गए अपने वादे पूरे करने को कहा, साथ ही प्रदर्शन करने वाले छात्रों पर किसी तरह की कानूनी कार्यवाही ना करने की सलाह भी दी।

अपने इस वीडियो में उन्होंने नीट परीक्षा रद्द होने पर अपनी जान देने वाले स्टूडेंट्स के परिजनों को मुआवजा देने की मांग भी की और कहा कि हर चीज वक्त पर ही अच्छी लगती है। अपने इसी वीडियो में उन्होंने उन लोगों की खिंचाई भी की, जिन्होंने भारतीय रेल की तारीफ करने पर वांगचुक को सरकार समर्थक ठहरा दिया था। वांगचुक ने कहा कि हमें सही को सही और गलत को गलत कहना आना चाहिए, क्योंकि हमें किसी का भक्त नहीं बनना है बल्कि मिलजुल कर भारत को बनाना है।

वांगचुक बोले- मैं दोबारा ऊर्जा प्राप्त कर रहा

लद्दाख में स्थित अपने गांव से शेयर किए अपने वीडियो में वांगचुक ने कहा, 'दोस्तों मैं वापस अपने नन्हे से गांव पहुंच गया हूं, मेरे पीछे सिंधु नदी है, और आगे डूबता हुआ सूरत है। यहां मैं विश्राम कर रहा हूं और दोबारा ऊर्जा प्राप्त कर रहा हूं। तो जैसा कि मैं कल कश्मीर से आते हुए सरकार से कह रहा था कि वो अनशन तोड़ते समय किए गए लिखित वादे पूरे करे और प्रदर्शन करने वाले छात्रों पर कानूनी कार्रवाई ना करे। दूसरी तरफ मैं याद दिलाना चाहूंगा उन छात्रों की जिन्होंने आत्महत्या की थी, उनके घर-परिवार वालों को मुआवजा देने का, अब उसका भी शायद वक्त आ गया है, हर चीज जो वक्त पर हो, उसकी कीमत होती है, उसका आदर होता है, तो मैं उसकी भी याद दिलाना चाहूंगा।'

भारतीय रेल की तारीफ करने पर लोगों ने किया था ट्रोल

इसके बाद उन्होंने उन लोगों को समझाइश दी, जो भारतीय रेल की तारीफ करने की वजह से उन पर सरकार समर्थक होने का आरोप लगा रहे थे। ऐसे लोगों को निशाने पर लेते हुए आगे उन्होंने कहा, 'मैं यह भी कहना चाहूंगा कि कल आते समय मैं आप लोगों से कह रहा था कि मुझे भारतीय रेल पर किस तरह गर्व है, क्योंकि वह कश्मीर तक रेलवे लाइन से जुड़े इंजीनियरिंग प्रोजेक्ट बनाने में लगा हुआ है। लेकिन इस पर भी कुछ लोग नाखुश थे कि मैं सरकार की तारीफ क्यों कर रहा हूं।'

वांगचुक ने पूछा- क्या हम इतने तंग नजर हो गए हैं

आगे उन्होंने इन नाखुश लोगों को नसीहत देते हुए कहा कि, 'हम क्या इतने तंग नजर हो गए हैं, कि भारत का कोई विभाग, जैसे मान लीजिए इसरो अगर मंगल ग्रह पर एस्ट्रोनॉट उतारे, तो क्या हम उनकी भी प्रशंसा भी नहीं करेंगे। अरे भाई भारतीय रेल, भारत की रेल सेवा है, कितने ही हजारों इंजीनियरों ने, अफसरों ने मिलकर ये रेलवे लाइन बिछाई है, तो क्या इसकी हम इसकी भी तारीफ ना करें, जरा दिमाग को खोले रखिए।'

लोगों से बोले वांगचुक- आपको भक्त नहीं बनना है

अपने वीडियो के अंत में उन्होंने लोगों को किसी भी पक्ष का भक्त ना बनने की सलाह देते हुए कहा, 'चाहे पक्ष हों, चाहे विपक्ष हों, हमें मिलकर भारत को बनाना है। जहां भी गलत होता है, गलत जरूर कहें, मगर ठीक होता है तो उसकी प्रशंसा भी करिए। इस तरफ की भी नहीं, उस तरफ की भी नहीं, आपको भक्त नहीं बनना है, गलत को गलत कहना है, सही को सही कहना है, जय हिंद।'

Sourabh Jain

लेखक के बारे में

Sourabh Jain

सौरभ जैन पिछले 16 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और वर्तमान में लाइव हिन्दुस्तान में स्टेट टीम में कार्यरत हैं। वह दिल्ली-एनसीआर, उत्तराखंड, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, राजस्थान, झारखंड, हिमाचल प्रदेश और गुजरात से जुड़े घटनाक्रम पर खबरें और विश्लेषण लिखते हैं।


विस्तृत बायो

परिचय और अनुभव: सौरभ जैन भारतीय डिजिटल मीडिया जगत का एक हिस्सा हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 16 वर्षों से ज्यादा का अनुभव है। वर्तमान में, वह भारत के अग्रणी समाचार संस्थान 'लाइव हिन्दुस्तान' (हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप) में स्टेट सेक्शन में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। वे पिछले लगभग तीन सालों से यहां कार्यरत हैं। सौरभ का करियर टीवी मीडिया से शुरू होकर डिजिटल मीडिया की गतिशीलता तक फैला हुआ है, जो उन्हें खबरों को गहराई और सटीकता के साथ प्रस्तुत करने में सक्षम बनाता है।


शैक्षणिक पृष्ठभूमि और कार्य अनुभव

सौरभ ने बैचलर ऑफ कॉमर्स की डिग्री लेने के बाद पत्रकारिता के क्षेत्र में कदम रखा और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से पोस्ट ग्रेजुएशन का कोर्स किया। इस क्षेत्र में साल 2009 से सक्रिय होने के बाद सौरभ ने पहले टीवी के क्षेत्र में अलग-अलग डेस्क पर कार्य अनुभव लिया, इस दौरान उन्होंने टिकर डेस्क से शुरुआत करने के बाद न्यूज डेस्क में कॉपी राइटिंग का अनुभव हासिल किया, इस दौरान क्षेत्रीय विषयों से लेकर राष्ट्रीय व अंतर्राष्ट्रीय विषयों पर खबरें लिखीं। इसके बाद उन्हें बॉलीवुड और हेल्प-लाइन डेस्क में भी काम करने का मौका मिला। हेल्प लाइन डेस्क में काम करने के दौरान उन्हें स्वास्थ्य, करियर और आम लोगों से जुड़े कई विषयों को जानने व समझने का मौका मिला।

इसके बाद साल 2016 में उन्होंने डिजिटल मीडिया की दुनिया में कदम रखा और स्पोर्ट्स डेस्क के साथ शुरुआत की। सौरभ ने अपने करियर की शुरुआत ZEE24 छत्तीसगढ़ न्यूज चैनल से की थी। इसके बाद वे IBC24 और दैनिक भास्कर जैसी संस्थाओं में भी सेवाएं दे चुके हैं। सौरभ साल 2023 से लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े हुए हैं और यहां पर स्टेट डेस्क में कार्यरत हैं। सौरभ मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के रहने वाले हैं और उन्होंने अपनी स्कूली पढ़ाई और ग्रेजुएशन दोनों यहीं से किया है। इसके बाद उन्होंने माखनलाल चतुर्वेदी पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में मास्टर्स की डिग्री ली है।

सौरभ जैन का मानना है कि एक पत्रकार की पहली जिम्मेदारी सही तथ्यों व आसान भाषा में पाठकों तक खबरें पहुंचाना है। इस काम में तेजी जितनी जरूरी है, सटीकता भी उतनी ही महत्वपूर्ण है। फिर चाहे वह आम जीवन की खबरें हों, राजनीति की खबरें हों, खेल की खबरें हों या फिर चकाचौंध से भरे बॉलीवुड की खबरें हों। कोई भी खबर सही तथ्यों के साथ रीडर्स तक पहुंचनी चाहिए। हड़बड़ी में तथ्यों की पुष्टि ना होने पर गलत जानकारी पाठकों तक पहुंचने का खतरा बना रहता है। इसलिए सौरभ का मानना है कि पत्रकारिता का मतलब केवल पाठकों तक सूचना पहुंचाना ही नहीं, बल्कि सही और निष्पक्ष जानकारी पहुंचाते हुए उनकी बुद्धिमत्ता और विवेक को भी जागृत करना होता है।

और पढ़ें
Hindi News , इंडिया न्यूज़ , आज का मौसम , विधानसभा चुनाव और Sawan 2026 से जुड़ी ताज़ा खबरों व पल-पल के अपडेट के लिए लाइव हिन्दुस्तान के साथ जुड़े रहें। UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Vidhan Sabha Candisates से जुड़ी सभी महत्वपूर्ण खबरें और जानकारी यहां पढ़ें। सभी बड़ी खबरें सबसे पहले पाने के लिए लाइव हिन्दुस्तान ऐप अभी डाउनलोड करें।
Hindi NewsIndia Newsआपको भक्त नहीं बनना है; लद्दाख में गांव पहुंच लोगों से ऐसा क्यों बोले वांगचुक?