‘आपके मम्मी-पापा की आत्मा को भी सुकून नहीं मिलेगा’, पारिवारिक झगड़े में SC जज की एक मार्मिक अपील क्या?
कोर्ट ने बहनों की अर्जी का विरोध कर रहे भाई से कहा कि आपका भला इसी में होगा कि आप दोनों बहनों के साथ बैठकर इसका निपटारा करें। अगर कुछ ज़्यादा देना पड़े तो भाई समझ के बड़ा दिल रख के दे दीजिएगा।

अदालती प्रक्रिया और मामलों की सुनवाई के दौरान कई बार कोर्ट रूम में जज ऐसी टिप्पणियां कर देते हैं जो समाज के लिए या तो नजीर बन जाता है या कई बार खास निर्देश। कई बार तो उसमें हास्य-विनोद और नसीहतें छिपी होती हैं, जो वादियों के लिए बड़े लाभकारी होते हैं। देश के सर्वोच्च न्यायालय में आज (बुधवार, 14 अक्तूबर को) भी कुछ ऐसा ही हुआ, जब एक पारिवारिक झगड़े में शीर्ष अदालत की पीठ ने कुछ ऐसी टिप्पणियां कीं, जो चर्चा का विषय बन गईं।
दरअसल, जस्टिस जेबी पारदीवाला और जस्टिस के विनोद चंद्रन की खंडपीठ ने भाई-बहन से जुड़े एक फैमिली प्रॉपर्टी के झगड़े में दोनों पक्षों से बड़ी मार्मिक अपील की। सुनवाई के दौरान जस्टिस पारदीवाला ने दो बहनों की अर्जी का विरोध कर रहे भाई से कहा, "आपका भला इसी में होगा कि आप दोनों बहनों के साथ बैठकर इसका निपटारा करें। अगर कुछ ज़्यादा देना पड़े तो भाई समझ के बड़ा दिल रख के दे दीजिएगा। इस मामले में आपकी पत्नी की सहमति लेने की कोई जरूरत नहीं है। बहुत दुख की बात है। अच्छा नहीं लगता। एक तरफ भाई खड़ा है, एक तरह बहन। आपकी मम्मी डैडी की आत्मा को भी सुकून नहीं मिलेगा।"

