
गोवा में AAP की तैयारी, जिला पंचायत चुनाव में सभी 50 सीटों पर उम्मीदवार उतारने की घोषणा
गोवा की राजनीति में पैठ जमाने के लिए आम आदमी पार्टी ने अपनी कमर कस ली है। पार्टी की तरफ से ऐलान किया गया है कि इस बार वह सभी सीटों पर चुनाव लड़ेगी। इतना ही नहीं उन्होंने 22 सीटों पर उम्मीदवारों का ऐलान भी कर दिया है।
गोवा में आगामी जिला पंचायत चुनावों के लिए आम आदमी पार्टी ने अपने मंसूबे जाहिर कर दिए हैं। पार्टी अब तक 22 उम्मीदवारों की घोषणा कर चुकी है और साफ कह दिया है कि इस बार वह सभी 50 सीटों पर पूरी ताकत के साथ चुनाव लड़ेगी। पार्टी का दावा है कि पिछले कुछ सालों में उनके कार्यकर्ताओं ने जमीनी स्तर पर बहुत मेहनत की है। इस मेहनत ने न सिर्फ उन्हें गोवा के स्थानीय लोगों के बीच लोकप्रिय बनाया है, बल्कि राज्य में चुनाव जीतने की क्षमता पर भी पहुंचा दिया है।
आम आदमी पार्टी के मुताबिक, राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व में गुड गवर्नेंस वाली छवि को आगे बढ़ाने के लिए उन्होंने गोवा में अभी तक सभी कई जमीन से उठे कार्यकर्ताओं को टिकट दिया है। इसमें कई युवा, महिलाएं, सामाजिक कार्यकर्ता और अलग-अलग समुदाओं के प्रतिनिधि शामिल हैं। पार्टी की तरफ से दावा किया गया है कि यह वही मॉडल है, जिसके चलते दिल्ली और पंजाब में पार्टी पंचायतों से लेकर सरकार तक बदलाव का प्रतीक बनी। अब यही ऊर्जा गोवा में भी दिखाई देने लगी है। गांवों में पानी, सड़क, बिजली, स्वास्थ्य और पारदर्शी प्रशासन की मांग को लेकर जनता जिस पार्टी की तरफ देख रही थी, यह घोषणा उसी भरोसे की पुष्टि करती है।
आम आदमी पार्टी की तरफ से कहा गया कि राज्य में उनकी मेहनत और जनता के बीच कनेक्ट को देखते हुए भाजपा को कड़ी हार का सामना करना पड़ेगा। सरकार के खिलाफ पिछले कुछ समय में नाराजगी दिखी है। स्थानीय लोगों का दावा है कि सरकार की तरफ से किए जा रहे विकास के दावे सोशल मीडिया और पोस्टरों तक सीमित हैं, जबकि जमीनी स्तर पर पंचायतों की शक्तियों को लगातार कमजोर किया गया है। ग्रामीण इलाकों में महंगाई, रोजगार की कमी और भ्रष्टाचार के मुद्दे लगातार उठ रहे हैं, लेकिन सरकार की प्राथमिकता केवल राजनीतिक प्रचार और बड़े-बड़े वादों में नजर आती है। ऐसे माहौल में आम आदमी पार्टी का यह आक्रामक प्रवेश बीजेपी के लिए सीधी चुनौती है।
इन चुनावों से पहले AAP ने यह साफ कर दिया है कि वह चुनाव लड़ने नहीं, बल्कि गोवा की राजनीति को एक नया रास्ता दिखाने आई है, वह रास्ता जिसमें जनता, पंचायतें और स्थानीय नेतृत्व केंद्र में हों, न कि सत्ता का एकाधिकार। घोषित उम्मीदवारों की सूची और पार्टी की तैयारी को देखकर यह साफ हो रहा है कि गोवा का यह चुनाव बेहद दिलचस्प होने वाला है। आज की इस घोषणा के बाद एक बात बिल्कुल तय है, गोवा की राजनीति अब पुराने ढ़र्रे पर नहीं चलेगी। आम आदमी पार्टी पूरी मजबूती के साथ मैदान में उतर चुकी है और इस बार मुकाबला सीधा, तेज़ और बेहद असरदार होने वाला है।





