AAP को नहीं मिल रहे दानदाता; घट गया आधे से ज्यादा चंदा; बीजेपी-कांग्रेस का सात गुना बढ़ा
चुनाव आयोग के आंकड़ों के मुताबिक 2025-26 में आम आदमी पार्टी को मिलने वाले चंदे में 68 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई है। वहीं बीजेपी और कांग्रेस का चंदा सात गुना बढ़ गया है।

आम आदमी पार्टी (आप) को मिलने वाले चुनावी चंदे में बड़ी गिरावट दर्ज की गई है। आप ने बताया है कि पार्टी को वर्ष 2025-26 में 12.10 करोड़ रुपये का चंदा मिला जो पिछले साल की तुलना में 68 फीसदी कम है। आप को 2024-25 में 38.10 करोड़ चंदा मिला था। आप द्वारा चुनाव आयोग को दी गई जानकारी से ये खुलासा हुआ है।
AAP ने आयोग को बताया है कि चंदे की 83 फीसदी रकम प्रुडेंट इलेक्टोरल ट्रस्ट और ट्राइडेंट लिमिटेड की ओर से मिली है। ट्राइडेंट आप के पूर्व सांसद राजेंद्र गुप्ता की है। आयोग के साथ साझा की गई जानकारी के अनुसार पार्टी को 21 हजार रुपये का चंदा पार्टी के पूर्व प्रवक्ता आशुतोष रांका ने दिया है। रांका अभी कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) से जुड़ गए हैं। प्रुडेंट और ट्राइडेंट ने पांच करोड़ रुपये का चंदा आप को दिया है। पार्टी को ये चंदा तब मिला था जब गुप्ता आप में थे। अप्रैल में गुप्ता ने भाजपा का दामन थाम लिया था। आप को 2024-25 में 38.10 करोड़ रुपये चंदा मिला था जो 2023-24 में मिले 11.03 करोड़ की तुलना में तीन गुना ज्यादा था। पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने तीन बार 10-10 हजार रुपये का चंदा दिया है। दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री आतिशी ने 12 बार 3500 रुपये दान दिया है। इसी तरह पंजाब में आप के अध्यक्ष अमन अरोड़ा ने 12 बार दस हजार रुपये जमा किए हैं।
टीडीपी- वाईएसआर का चंदा घटा
आंध्र प्रदेश की तेलुगु देशम पार्टी (टीडीपी) को वर्ष 2025-26 में 58.25 करोड़ रुपये का चंदा मिला है जो पिछले साल की तुलना में 83.03 करोड़ रुपये कम है। प्रुडेंट इलेक्टोरल ट्रस्ट ने 45 करोड़ का चंदा दिया है। वर्ष 2024-25 में 40 करोड़ रुपये दिए थे। इसी तरह वाईएसआर कांग्रेस को वर्ष 2024-25 में 140.04 करोड़ का चंदा मिला था। वर्ष 2025-26 में ये घटकर महज 24.31 करोड़ रुपये रह गया है। बीजू जनता दल को 60 करोड़ रुपये का चंदा मिला है।
भाजपा का चंदा कई गुना बढ़ा
देश के पांच राज्यों असम, पश्चिम बंगाल, पुडुचेरी, केरल और तमिलनाडु के विधानसभा चुनावों के दौरान भाजपा को 1472.8 करोड़ रुपये का चंदा मिला था। वहीं कांग्रेस को सिर्फ 207.17 करोड़ रुपये का चंदा मिला था। चुनाव आयोग द्वारा जारी किए गए आंकड़ों के अनुसार 15 मार्च से चार मई के बीच भाजपा को कांग्रेस से सात गुना अधिक चंदा मिला था। आयोग के अनुसार भाजपा ने सर्वाधिक पैसा 96 करोड़ असम में खर्च किया। भाजपा को 82 सीट मिली जो 2021 की तुलना में 22 सीटें अधिक हैं।


