सात MPs को खोने के बाद अब विधायकों को बचाने में जुटी AAP, जालंधर बुलाए गए सभी एमएलए
राघव चड्डा सहित पार्टी के सात राज्यसभा सदस्यों के भाजपा में जाने के बाद आम आदमी पार्टी सकते में है। पार्टी अब पंजाब में टूट रोकने में जुट गई है। आप के पंजाब प्रभारी मनीष सिसोदिया ने कल 29 अप्रैल को सभी विधायकों को जालंधर बुला लिया है।

राघव चड्डा सहित पार्टी के सात राज्यसभा सदस्यों के भाजपा में जाने के बाद आम आदमी पार्टी सकते में है। पार्टी अब पंजाब में टूट रोकने में जुट गई है। आप के पंजाब प्रभारी मनीष सिसोदिया ने कल 29 अप्रैल को सभी विधायकों को जालंधर बुला लिया है। ब्लॉक ऑब्जर्वर्स और फ्रंटल संगठनों के प्रमुखों को भी बुलाया गया है। मीटिंग में मुख्यमंत्री भगवंत मान भी शामिल रहेंगे। माना जा रहा है कि इस मीटिंग में विधायकों का मन टटोला जाएगा। पंजाब में ऐसे कई विधायक हैं, जो लंबे समय से असंतुष्ट हैं, ऐसे विधायकों को लेकर खतरा बना हुआ है।
पंजाब में आम आदमी पार्टी के 92 में से कुछ ऐसे विधायक नाराज चल रहे हैं, जो मंत्री पद न मिलने या किन्हीं अन्य कारणों से पार्टी से नाराज हैं। गुजरात का दौरा बीच में छोड़कर लौटे पार्टी के वरिष्ठ नेता मनीष सिसोदिया की पार्टी संयोजक अरविंद केजरीवाल के साथ हुई बैठक में पार्टी को भविष्य के संभावित नुकसान से बचाने पर चर्चा हुई थी। पार्टी के नेता संजय सिंह को दिल्ली और सिसोदिया को पंजाब में डैमेज कंट्रोल करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
राघव चड्ढा और संदीप पाठक कर सकते हैं खेला
राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा ने आम आदमी पार्टी छोड़ भाजपा जॉइन की थी तब दावा किया था कि 60 से ज्यादा विधायक उनके संपर्क में हैं। डॉ. संदीप पाठक ने भी भाजपा जॉइन की है। वह पंजाब में आम आदमी पार्टी के रणनीतिकार थे। संदीप पाठक ने ही विधानसभा क्षेत्रवाइज टीम लगाई गई थी। वह पंजाब के हर आप विधायक की नब्ज पहचानते हैं। ऐसे में वह पंजाब में आम आदमी पार्टी की टूट की बड़ी वजह बन सकते हैं।
विपक्ष जता चुका पाला बदलने की आशंका
पंजाब विधानसभा में विपक्षी दल कांग्रेस के नेता प्रताप सिंह बाजवा ने कहाकि आप के 60 से 65 विधायक पलटी मारने की तैयारी में हैं। बाजवा ने यह भी कहा कि सीएम भगवंत मान महाराष्ट्र की तरह पंजाब के एकनाथ शिंदे हो सकते हैं। बाजवा ने पार्टी छोड़ने वाले आप के सात सांसदों को लेकर कहा था कि वे पैसे देकर सांसद बने थे। अब जहां से बड़ा खरीदार मिल गया है, वे वहां चले गए हैं। जैसे शेयर मार्केट में होता है, सस्ता शेयर खरीदा था, जब उसका रेट बढ़ गया तो उसे बेच दिया। वहीं, हरियाणा के पूर्व आप नेता नवीन जयहिंद ने दावा किया है कि आने वाले दिनों में पंजाब के लगभग 28 विधायक पार्टी छोड़ सकते हैं। इससे पंजाब में सरकार गिर सकती है।
(रिपोर्ट: मोनी देवी)
कृपया अपने अनुभव को रेट करें


