महाराष्ट्र में बड़ा हादसा, रायगढ़ बीच पर समंदर की लहरों में समा गए 8 छात्र; पुणे से गए थे घूमने
महाराष्ट्र के रायगढ़ में बड़ा हादसा हुआ है। वहां पुणे से घूमने आए आठ छात्रों की समंदर में डूबने से मौत हो गई है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, छात्रों का ये ग्रुप पुणे के अलंदी से एक प्राइवेट कोचिंग क्लास ट्रिप के लिए रायगढ़ के दिवेआगर बीच घूमने आया था।

महाराष्ट्र के रायगढ़ में बड़ा हादसा हुआ है। वहां पुणे से घूमने आए आठ छात्रों की समंदर में डूबने से मौत हो गई है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, छात्रों का ये ग्रुप पुणे के आलंदी से एक प्राइवेट कोचिंग क्लास ट्रिप के लिए रायगढ़ के दिवेआगर बीच घूमने आया था। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों और प्रशासन ने बचाव अभियान शुरू कर दिया। सभी शव बरामद कर लिए गए हैं, जबकि आठवें छात्र की तलाश जारी है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, पुणे के आलंदी स्थित एक प्राइवेट कोचिंग क्लास से पिकनिक पर आए छात्र जब समुद्र में नहाने उतरे थे, तभी अचानक तेज लहरों और गहरे पानी के बहाव में 8 छात्र बह गए। इंडिया टुडे की रिपोर्ट में कहा गया है कि पुणे के आलंदी में स्थित 'विनर्स एकेडमी फॉर 11th & 12th' के 48 बच्चों का समूह घूमने के लिए दिवेआगर के दिघी सागरी पहुंचा था, जहां ये हादसा हो गया। इस समूह में 25 लड़के, 17 लड़कियां और छह शिक्षक शामिल थे।
अधिकारियों के अनुसार, छात्र समंदर में नहाने के दौरान तैरने की कोशिश कर रहे थे, तभी उनमें से आठ लोग बह गए। बताया जा रहा है कि छात्र पानी की लहरों और गहराई का सही अंदाजा नहीं लगा पाए। घटना के तुरंत बाद बचाव अभियान शुरू किया गया, जिसमें स्थानीय लोग, पुलिस और प्रशासन भी शामिल हुए। बाद में सभी आठ शव बरामद कर लिए गए।
मृतक छात्रों की पहचान तन्मय दत्तात्रेय वाहिले, सुमित भरत अहिरे, प्रणव रामदास बनसोडे, कैवल्य सतीश वासनकर, राजवीर युवराज वाहिले, यश किरण वानखेड़े, सोहम तुकाराम भंडवलकर और कौस्तुभ संदीप दौंड के रूप में हुई है। ये सभी आठ छात्र 16 साल के थे और पुणे के आलंदी के रहने वाले थे।
जैसे ही घटना की खबर फैली, स्थानीय लोगों और पर्यटकों में हड़कंप मच गया। दिवेआगर में 'भाऊ मारुति सालुंखे महाकाली वॉटर स्पोर्ट्स' के मालिक भाऊ मारुति सालुंखे और उनकी टीम ने तुरंत खोज अभियान शुरू किया। बता दें कि रायगढ़ जिले में अलीबाग, कशिश, और दिवेआगर जैसे कई मशहूर समुद्री तट (बीचेस) हैं, जो अपनी खूबसूरती के लिए जाने जाते हैं, लेकिन मॉनसून या हाई टाइड के दौरान यहां सावधानी बरतना बेहद जरूरी है।


