‘370 की बिरयानी’ वाले हिमांशु जांगड़ा को गलती का है पछतावा? बॉस ने बताया ऑफिस में कैसा था बिहेवियर

लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
Follow us on Google News
share

विवेक के मुताबिक हिमांशु जांगड़ा को अपनी गलती का गहरा पछतावा है। फिलहाल उसे नौकरी से निकाल दिया गया है और वह हरियाणा स्थित अपने घर पर है। विवेक ने बताया कि हिमांशु को नौकरी से क्यों निकालना पड़ा।

370 rs biryani Himanshu Jangra fired from Starvik Design

कॉमेडियन प्रणीत मोरे के स्टैंडअप शो में ‘370 रूपए की बिरयानी के बदले वसूली’ का आपत्तिजनक बयान देने वाले हिमांशु जांगड़ा को नौकरी से निकाल दिया गया है। सोशल मीडिया पर वायरल हुई इस क्लिप पर लोगों का गुस्सा फूट पड़ा था जिसके बाद कंपनी ने यह कदम उठाया। अब कंपनी 'स्टारविक डिजाइन' के फाउंडर विवेक विश्वकर्मा ने हिमांशु जांगड़ा को लेकर खुलासे किए हैं। उनके मुताबिक 22 साल का हिमांशु एक ईमानदार लड़का था और इससे पहले ऑफिस में उसके खिलाफ कभी कोई कम्प्लेंट नहीं मिली थी। उन्होंने यह भी बताया कि आखिर हिमांशु को नौकरी से क्यों निकालना पड़ा।

एनडीटीवी के साथ एक इंटरव्यू में विवेक ने बताया कि हिमांशु सोशल मीडिया पर जिस तरह की टिप्पणी कर रहा था, वह दफ्तर में ऐसा बिल्कुल नहीं था। विवेक विश्वकर्मा ने बताया कि शुरुआत में उन्होंने सोशल मीडिया पर चल रही इन क्लिपों पर ध्यान नहीं दिया था क्योंकि वह ऑफिस के काम में व्यस्त थे। लेकिन जब कंपनी के ऑफिशियल ईमेल, सोशल मीडिया पेज और पोस्ट्स पर हजारों की संख्या में कमेंट्स और धमकियां आने लगीं, तब उन्होंने वह पूरा वीडियो देखा।

दफ्तर में अलग था हिमांशु

विवेक ने बातचीत में बताया, "वीडियो में जो कुछ भी कहा गया, वह बेहद आपत्तिजनक। लेकिन मैं सच कहूं तो वह वह इंसान नहीं था जिसे मैं दफ्तर में जानता था। वर्कप्लेस पर उसकी पर्सनैलिटी पूरी तरह अलग थी। वह काम में बहुत अच्छा था। हमारी आंतरिक समीक्षा और महिला सहकर्मियों से बातचीत में भी उसके खिलाफ कभी कोई शिकायत नहीं मिली। सबने उसे प्रोफेशनल, मेहनती और ईमानदार बताया।"

नौकरी से क्यों निकाला?

हिमांशु को नौकरी से निकालने को लेकर पीछे गए सवाल के जवाब में विवेक ने कहा कि यह एक 'बिजनेस डिसीजन' था। विवेक ने बताया, "हम एक एक डिजाइन और मार्केटिंग एजेंसी हैं, जो पूरी तरह ऑनलाइन उपस्थिति पर निर्भर करती है। इस विवाद के बाद हमारी हर पोस्ट पर हजारों गंदे कमेंट्स आ रहे थे। यहां तक कि जिन 2 बड़े क्लाइंट्स से हमारी डील लगभग फाइनल होने वाली थी, उन्होंने इस विवाद के बाद कदम पीछे खींच लिए। हमारा पूरा काम ठप हो रहा था।" उन्होंने यह भी बताया कि विवाद बढ़ने के बाद हिमांशु ने खुद दफ्तर आना बंद कर दिया था।

'शो का माहौल ही ऐसा था…'

इंटरव्यू के दौरान विवेक ने बताया कि हिमांशु हरियाणा के एक छोटे से कस्बे से आता है और उसकी उम्र महज 22 साल है। उन्होंने बताया कि वह कॉमेडियन प्रणीत मोरे के जिस स्टैंड-अप शो में गया था, उसका नाम ही 'अश्लील शो' था। वहां का पूरा माहौल ही वैसा था जहां लोग इस तरह की बातें खुलकर कर रहे थे। उसी माहौल के फ्लो में आकर हिमांशु भी हद से ज्यादा कम्फर्टेबल हो गया और उसने वह बात कह दी। उसे अंदाजा नहीं था कि यह क्लिप इस तरह वायरल हो जाएगी। विवेक ने इस मामले में कॉमेडियन प्रणीत मोरे पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि प्रणीत को हिमांशु के पहले कमेंट पर ही उसे टोक देना चाहिए था, न कि उसे बढ़ावा देना चाहिए था।

अभी कहां है हिमांशु?

हिमांशु के पूर्व बॉस ने बताया कि नौकरी से निकाले जाने के बाद उन्होंने उससे बात की है। हिमांशु इस समय अपने होमटाउन हरियाणा लौट चुका है। उसके परिवार, रिश्तेदारों और दोस्तों के बीच यह बात फैल चुकी है। विवेक विश्वकर्मा ने बताया कि उसे लगातार धमकी भरे फोन आ रहे हैं, जिसकी वजह से वह घर में बंद हो गया है। वहीं यह पूछे जाने पर कि क्या हिमांशु को अपनी गलती का पछतावा है, विवेक ने कहा कि उसे बहुत खेद है। उसने बताया कि शो के माहौल की वजह से उसने ऐसे बातें कही और वह इसके लिए शर्मिंदा है।”

370 रुपये की बिरयानी का क्या है विवाद?

दरअसल बीते दिनों हिमांशु जांगड़ा प्रणीत मोरे के एक स्टैंड-अप कॉमेडी शो में हुए थे। शो के बीच प्रणीत मोरे ऑडियंस में बैठे हिमांशु से बातचीत करने लगे। तब हिमांशु ने अपनी एक डेट का किस्सा सुनाया। उसने कहा कि उसने लड़की के साथ डेट पर 370 रुपये की चिकन बिरयानी खाई। इसके बदले में उसे वसूल तो करना ही चाहिए। यानी वह लड़की से बिरयानी के पैसे देने के बदले सेक्स की उम्मीद कर रहा था। इस बयान को महिलाओं के खिलाफ और बेहद घटिया मानसिकता का उदाहरण माना गया। हिमांशु की खूब ट्रोलिंग हो रही है और अब उसे नौकरी से हाथ धोना पड़ा।

Jagriti Kumari

लेखक के बारे में

Jagriti Kumari

जागृति को छोटी उम्र से ही खबरों की दुनिया ने इतना रोमांचित किया कि पत्रकारिता को ही करियर बना लिया। 2 साल पहले लाइव हिन्दुस्तान के साथ करियर की शुरुआत हुई। उससे पहले डिग्री-डिप्लोमा सब जर्नलिज्म और मास कम्युनिकेशन में। भारतीय जन संचार संस्थान (IIMC), नई दिल्ली से पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा और संत जेवियर्स कॉलेज रांची से स्नातक के बाद से खबरें लिखने का सिलसिला जारी। खबरों को इस तरह से बताना जैसे कोई बेहद दिलचस्प किस्सा, जागृति की खासियत है। अंतर्राष्ट्रीय संबंध और अर्थव्यवस्था की खबरों में गहरी रुचि। लाइव हिन्दुस्तान में ऑपरेशन सिंदूर के दौरान शानदार कवरेज के लिए इंस्टा अवॉर्ड जीता और अब बतौर कंटेंट प्रोड्यूसर रोजाना कुछ नया सीखने की ललक के साथ आगे बढ़ रही हैं। इसके अलावा सिनेमा को समझने की जिज्ञासा है।

और पढ़ें
Hindi News , इंडिया न्यूज़ , आज का मौसम , विधानसभा चुनाव और Sawan 2026 से जुड़ी ताज़ा खबरों व पल-पल के अपडेट के लिए लाइव हिन्दुस्तान के साथ जुड़े रहें। UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Vidhan Sabha Candisates से जुड़ी सभी महत्वपूर्ण खबरें और जानकारी यहां पढ़ें। सभी बड़ी खबरें सबसे पहले पाने के लिए लाइव हिन्दुस्तान ऐप अभी डाउनलोड करें।