बगैर कागज दिखाए दिल्ली से निकले 3 विदेशी, मचा हड़कंप; सरकार ने मीटिंग बुलाई

लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
Follow us on Google News
share

4 सितंबर की इस घटना ने सरकार और अधिकारियों की चिंता बढ़ा दी है। फिलहाल, मामले की जांच की जा रही है और एयर इंडिया कंपनी को नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया है। तीनों यात्री इटली से थे और लुफ्थांसा की फ्लाइट से म्यूनिख रवाना हुए हैं।

Delhi Airport
तीनों यात्री इटली से थे और अमृतसर से दिल्ली पहुंचे थे और फिर राजधानी से म्यूनिख की फ्लाइट ली थी। सांकेतिक तस्वीर- Pexels

भारत में बगैर जरूरी दस्तावेज दिखाए तीन विदेशी यात्री जर्मनी के लिए उड़ान भर गए। अब इस घटना के बाद से हड़कंप है और केंद्रीय गृह मंत्रालय ने इस संबंध में बड़ी बैठक बुलाई है। फिलहाल, इन यात्रियों की पहचान स्पष्ट नहीं हो सकी है और कहा जा रहा है कि चूक पंजाब के अमृतसर एयरपोर्ट पर हुई है। इस संबंध में विमान कंपनी एयर इंडिया को भी शोकॉज नोटिस जारी कर दिया गया है।

पीटीआई भाषा ने सूत्रों के हवाले से लिखा कि तीनों यात्री चार सितंबर को अमृतसर से दिल्ली पहुंचे थे और इसके बाद दिल्ली से लुफ्थांसा की म्यूनिख जाने वाली उड़ान में सवार हो गए। हालांकि, उन्होंने दिल्ली हवाई अड्डे पर आव्रजन प्रक्रिया या इमिग्रेशन प्रोसेस पूरी नहीं की थी। वहीं, नोटिस को लेकर एयर इंडिया ने भी कुछ नहीं कहा है।

बड़ी बैठक होगी

गृह मंत्रालय ने यात्रियों के संबंध में एयर इंडिया के काम करने के तरीकों पर चिंता जताई थी। इसके बाद 12 सितंबर को कंपनी को नोटिस जारी किया गया था। हिन्दुस्तान टाइम्स से बातचीत में एक अधिकारी ने बताया, 'गृह मंत्रालय ने मंगलवार को हुई इस घटना पर चर्चा के लिए संबंधित हितधारकों की शाम 7 बजे कर्तव्य भवन में बैठक बुलाई है।'

इस संबंध में मंगलवार को होने वाली बैठक की अध्यक्षता गृह सचिव गोविंद मोहन करेंगे। इसमें नागर विमानन मंत्रालय के सचिव और अतिरिक्त सचिव, खुफिया ब्यूरो के निदेशक, गृह मंत्रालय में केंद्रशासित प्रदेश एवं विदेशी नागरिक प्रभाग के अतिरिक्त सचिव, आव्रजन ब्यूरो के आयुक्त, एयर इंडिया के सीईओ और दिल्ली हवाई अड्डे के सीईओ के शामिल होने की उम्मीद है।

क्या हुआ था

अखबार से बातचीत में मामले के जानकार बताते हैं, 'उन्हें अमृतसर एयरपोर्ट पर दिल्ली और लुफ्थांसा की म्यूनिख जाने वाली फ्लाइट दोनों के लिए बोर्डिंग पास दिए गए थे। यात्रियों को दिल्ली एयरपोर्ट पर इमिग्रेशन की प्रक्रिया पूरी करनी थी, लेकिन उन्हें इंटरनेशनल टू इंटरनेशनल ट्रांसफर के लिए भेज दिया गया, जिसकी वजह से वे जरूरी प्रक्रिया पूरी किए बिना ही अपनी इंटरनेशनल फ्लाइट में सवार हो पाए।'

हब एंड स्पोक मॉडल पर सवाल?

खास बात है कि अमृतसर एयरपोर्ट्स पर हब एंड स्पोक मॉडल लागू है। इस योजना में दिल्ली और मुंबई जैसे बड़े शहरों को हब के रूप में विकसित किया जा रहा है। वहीं छोटे और मझौले शहर स्पोक केंद्रों की भूमिका में हैं। स्पोक केंद्रों में ही आव्रजन और चेक-इन की सभी प्रक्रिया पूरी हो जाती है। उसके बाद हब में जाकर यात्री बिना सिक्योरिटी होल्ड एरिया से बाहर निकले और लगेज की चिंता से मुक्त होकर सीधे विदेश जाने वाली फ्लाइट में सवार हो सकते हैं।

हालांकि, अमृतसर से दिल्ली और फिर म्यूनिख के ये दो फ्लाइट्स इस मॉडल के तहत काम नहीं कर रहीं थीं। ऐसे में दिल्ली पहुंचने के बाद उन्हें आगमन क्षेत्र से बाहर निकलकर आव्रजन प्रक्रिया पूरी करनी थी और इसके बाद लुफ्थांसा की उड़ान लेनी थी। लेकिन दिल्ली हवाई अड्डे पर उन्हें अंतरराष्ट्रीय ट्रांसफर क्षेत्र में ले जाया गया। इसके कारण वे आव्रजन काउंटर तक नहीं पहुंचे और आव्रजन प्रक्रिया पूरी किए बिना ही म्यूनिख की उड़ान में सवार हो गए।

एयर इंडिया और लुफ्थांसा के बीच इंटरलाइन साझेदारी है। इस समझौते के तहत यात्री एक ही यात्रा कार्यक्रम के तहत अलग-अलग एयरलाइन की कनेक्टिंग उड़ानों से यात्रा कर सकते हैं।

Nisarg Dixit

लेखक के बारे में

Nisarg Dixit

निसर्ग दीक्षित न्यूजरूम में करीब एक दशक का अनुभव लिए निसर्ग दीक्षित शोर से ज़्यादा सार पर भरोसा करते हैं। पिछले 4 साल से वह लाइव हिनुस्तान में डिप्टी चीफ प्रोड्यूसर के रूप में कार्यरत हैं, जहां खबरों की योजना, लेखन, सत्यापन और प्रस्तुति की जिम्मेदारी संभालते हैं। इससे पहले दैनिक भास्कर और न्यूज़18 जैसे बड़े मीडिया संस्थानों में काम कर चुके हैं, जहाँ उन्होंने ग्राउंड रिपोर्टिंग से लेकर डेस्क तक की भूमिकाएं निभाईं। उन्होंने माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की, जिसने उनके काम करने के तरीके को व्यावहारिक और तथ्य आधारित बनाया। निसर्ग की खास रुचि खोजी रिपोर्टिंग, ब्रेकिंग स्टोरीज़ और विज़ुअल न्यूज़ स्टोरीज़ में है। वे जटिल मुद्दों को सरल भाषा और स्पष्ट तथ्यों के साथ प्रस्तुत करने में विश्वास रखते हैं। राजनीति और जांच पड़ताल से जुड़े विषयों पर उनकी मजबूत पकड़ है। निसर्ग लोकसभा चुनावों, कई राज्यों के विधानसभा चुनावों और अहम घटनाओं को कवर कर चुके हैं। साथ ही संसदीय कार्यवाही और सुप्रीम कोर्ट की महत्वपूर्ण सुनवाइयों को नियमित रूप से कवर करते हैं। गूगल जर्नलिस्ट्स स्टूडियो में भी निसर्ग योगदान देते हैं।

और पढ़ें
Hindi News , इंडिया न्यूज़ , आज का मौसम , विधानसभा चुनाव और Navratri 2026 से जुड़ी ताज़ा खबरों व पल-पल के अपडेट के लिए लाइव हिन्दुस्तान के साथ जुड़े रहें। UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Vidhan Sabha Candidates से जुड़ी सभी महत्वपूर्ण खबरें और जानकारी यहां पढ़ें। सभी बड़ी खबरें सबसे पहले पाने के लिए लाइव हिन्दुस्तान ऐप अभी डाउनलोड करें।
Hindi NewsIndia Newsबगैर कागज दिखाए दिल्ली से निकले 3 विदेशी, मचा हड़कंप; सरकार ने मीटिंग बुलाई