नेपाल बाढ़ में 275 भारतीय लापता, 166 बचाए गए; चीन के क्षेत्र में कोई भारतीय नहीं: MEA
प्रवक्ता ने कहा कि 275 भारतीय नागरिक अभी भी लापता हैं । हम नेपाल सरकार, विदेश मंत्रालय और संबंधित एजेन्सियों तथा अपनी संबंधित राज्य सरकारों के साथ संपर्क बनाये हुए हैं। हमने बचाये हुए नागरिकों के नाम साझा किये हैं और इस बारे में हम नेपाल की सरकार के प्रयासों की सराहना करते हैं।

नेपाल में पिछले महीने आई प्रलयकारी बाढ़ के बाद अभी भी 275 भारतीय नागरिक लापता हैं जबकि 166 को बचाया गया है और चीन के क्षेत्र से 1907 भारतीय नागरिक नेपाल पहुंच चुके हैं और अब कोई भारतीय नागरिक वहां नहीं फंसा हुआ है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने शुक्रवार को यहां साप्ताहिक मीडिया ब्रीफिंग में सवालों के जवाब में यह जानकारी दी।
उन्होंने कहा , "275 भारतीय नागरिक अभी भी लापता हैं । हम नेपाल सरकार, विदेश मंत्रालय और संबंधित एजेन्सियों तथा अपनी संबंधित राज्य सरकारों के साथ संपर्क बनाये हुए हैं। हमने बचाये हुए नागरिकों के नाम साझा किये हैं और इस बारे में हम नेपाल की सरकार के प्रयासों की सराहना करते हैं। अब तक 1907 भारतीय नागरिक चीन से नेपाल में आए हैं । अभी चीन में तिब्बत स्वायत्त क्षेत्र में कोई भारतीय यात्री नहीं फंसा हुआ है।"
प्रवक्ता ने कहा कि भारत नेपाल को उसकी जरूरत के अनुसार सहायता जारी रखे हुए है और यह आगे भी जारी रहेगी। आने वाले दिनों में भारत नेपाल को फोरेंसिक किट , बेली ब्रिज और अन्य सामग्री भेजेगा। भारत के दो विमान कल भी 21 टन सामग्री लेकर नेपाल गये थे अब तक भारत ने सात विमानों के जरिये 95 टन राहत सामग्री भेजी है। इसके अलावा विशेषज्ञों और बचावकर्मियों की 54 सदस्यों की टीम भी वहां जुटी हुई है।
भोटेकोशी बाढ़ त्रासदी के 10 दिन, अब तक 1,294 शव बरामद
नेपाल में भोटेकोशी नदी में आई विनाशकारी बाढ़ के दसवें दिन शुक्रवार शाम जारी अद्यतन आंकड़ों के अनुसार, बाढ़ के बाद से अब तक 1,294 शव बरामद किए जा चुके हैं, जबकि 5,053 लोग अभी भी लापता बताए जा रहे हैं। राहत अभियानों के दौरान 13,095 लोगों को सुरक्षित बचाया गया है और 5,663 लोग घायल हुए हैं। नेपाल के सरकारी आंकड़ों के अनुसार बरामद शवों में से केवल 96 की ही अब तक शिनाख्त कर उन्हें परिजनों को सौंपा जा सका है। आपदा से प्रभावित 4,627 लोग विभिन्न केंद्रों में शरण लिए हुए हैं। इस बीच, राहत कार्य के लिए 21,421 सुरक्षाकर्मियों जुटे हुए हैं और प्रारंभिक आकलन के अनुसार इस आपदा से कुल 3 खरब 87 अरब 54 करोड़ नेपाली रुपये के नुकसान का अनुमान है।
बाढ़ के कारण जलविद्युत परियोजनाओं की सुरंगों में फंसे लोगों को निकालने के लिए बड़े पैमाने पर संयुक्त अभियान चलाया जा रहा है। त्रिशूली-3 'ए' में नेपाली सेना, सशस्त्र पुलिस बल, नेपाल पुलिस और विशेषज्ञों के दल ने दो लोगों को जीवित बचाकर बीरेंद्र अस्पताल छावनी में भर्ती कराया है। यहां से एक शव भी निकाला गया है। इसी तरह त्रिशूली-3 'बी' में मशीन से मलबा हटाकर रास्ता बनाया जा रहा है और चिलिमे और अपर त्रिशूली-1 परियोजनाओं में जेनेरेटर, पंप और बोट की मदद से पानी तथा गाद हटाकर तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।

