200 यूनिट मुफ्त बिजली, मुख्यमंत्री बनते ही विजय थलापति ने दे दिए दो बड़े आदेश

Ankit Ojha लाइव हिन्दुस्तान
share

तमिलनाडु के मुख्यमंत्री बनते ही विजय ऐक्शन मोड में आ गए हैं। उन्होंने 200 यूनिट मुफ्त बिजली और महिला सुरक्षा के लिए स्पेशल दस्ता बनाने का आदेश पर साइन कर दिए हैं। 

200 यूनिट मुफ्त बिजली, मुख्यमंत्री बनते ही विजय थलापति ने दे दिए दो बड़े आदेश

मुख्यमंत्री पद की शपथ लेते ही थलापति विजय ने अपनी पहले वादे को पूरा करते हुए 200 यूनिट मुफ्त बिजली देने से संबंधित फाइल पर हस्ताक्षर कर दिए हैं। इसके अलावा उन्होंने महिलाओं की सुरक्षा के लिए विशेष बल के गठन संबंधी फाइल पर हस्ताक्षर कर दिए हैं। मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के बाद विजय ने कहा कि वह किसी भी शाही वंश से नहीं हैं, इसके बाद भी जनता ने उन्हें स्वीकार किया है।

विजय ने मुख्यमंत्री पद संभालने के बाद यहां जवाहरलाल नेहरू इनडोर स्टेडियम में अपने पहले संबोधन में कहा कि ''वास्तविक धर्मनिरपेक्षता और सामाजिक न्याय'' के लिए प्रतिबद्ध शासन के नए युग की शुरुआत अब हो गई है। उन्होंने कहा कि उनके अलावा सत्ता का कोई दूसरा केंद्र नहीं होगा और वही सत्ता के एकमात्र केंद्र होंगे।

विजय ने सरकार गठन में उनकी पार्टी को समर्थन देने के लिए कांग्रेस, विदुथलाई चिरुथिगल काची (वीसीके), इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग (आईयूएमएल) और वाम दलों का धन्यवाद किया। उन्होंने बच्चों का विशेष रूप से धन्यवाद देते हुए कहा कि टीवीके की जीत उन्हीं की वजह से हुई, क्योंकि उन्होंने अपने परिवारों को उनकी पार्टी के पक्ष में मतदान करने के लिए राजी किया।

पीएम मोदी ने दी बधाई

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) प्रमुख सी जोसेफ विजय को तमिलनाडु के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने पर बधाई दी और कहा कि केंद्र सरकार लोगों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने के लिए राज्य सरकार के साथ मिलकर काम करती रहेगी।

टीवीके प्रमुख एवं उसके विधायक दल के नेता विजय ने रविवार को तमिलनाडु के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर ने चेन्नई में आयोजित एक भव्य समारोह में उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई।

क्या बोले मल्लिकार्जुन खरगे

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने विजय को तमिलनाडु के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने पर बधाई देते हुए कहा कि उन्हें विश्वास है कि लंबे समय से राज्य की राजनीतिक और सामाजिक चेतना को परिभाषित करने वाले आदर्श टीवीके प्रमुख के नेतृत्व में सरकार को आगे भी दिशा देते रहेंगे। खरगे ने 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, ''विजय के तमिलनाडु के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने पर मैं उन्हें, तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) पार्टी और पूरे गठबंधन को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं देता हूं।''

उन्होंने कहा कि इस सरकार का गठन आत्मसम्मान, सामाजिक न्याय, सशक्तीकरण और तर्कसंगत सोच जैसे उन मूल्यों की स्थायी ताकत को दोहराता है, जिन्होंने तमिलनाडु की राजनीतिक और सामाजिक चेतना को लंबे समय से आकार दिया है। उन्होंने कहा कि यह विरासत पेरियार और कामराज द्वारा गढ़ी गई थी।

कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा, 'तमिलनाडु के लाखों लोगों, खासकर महत्वाकांक्षी युवाओं ने टीवीके पर भरोसा जताया है। मुझे विश्वास है कि उनके नेतृत्व में ये आदर्श शासन का मार्गदर्शन करते रहेंगे और देश को प्रेरित करेंगे।'

Ankit Ojha

लेखक के बारे में

Ankit Ojha

विद्यालयी जीवन से ही कलात्मक अभिव्यक्ति, विचारशील स्वभाव और मिलनसार व्यक्तित्व और सामान्य के अंदर डुबकी लगाकर कुछ खास खोज लाने का कौशल पत्रकारिता के लिए अनुकूल साबित हुआ। अंकित ओझा एक दशक से डिजिटल पत्रकारिता के क्षेत्र में लगातार सक्रिय हैं। उत्तर प्रदेश के बाराबंकी के रहने वाले अंकित ओझा समाचारों की दुनिया में तथ्यों के महत्व के साथ ही संवेदनशीलता के पक्ष को साधने में निपुण हैं। पिछले चार साल से हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप के 'लाइव हिन्दुस्तान' के लिए चीफ कॉन्टेंट प्रड्यूसर पद पर कार्य कर रहे हैं। इससे पहले 'टाइम्स ऑफ इंडिया' और 'इंडियन एक्सप्रेस' ग्रुप के साथ भी कार्य कर चुके हैं।


राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय, राज्य और सामाजिक सरोकारों की खबरों के संपादन में लंबा अनुभव होने के साथ ही अपने-आसपास की घटनाओं में समाचार तत्व निकालने की अच्छी समझ है। घटनाओं और समाचारों से संबंधित फैसले लेने और त्वरित समाचार प्रकाशित करने में विशेष योग्यता है। इसके अलावा तकनीक और पाठकों की बदलती आदतों के मुताबिक सामग्री को रूप देने के लिए निरंतर सीखने में विश्वास करते हैं। अंकित ओझा की रुचि राजनीति के साथ ही दर्शन, कविता और संगीत में भी है। लेखन और स्वरों के माध्यम से लंबे समय तक आकाशवाणी से भी जुड़े रहे। इसके अलावा ऑडियन्स से जुड़ने की कला की वजह से मंचीय प्रस्तुतियां भी सराही जाती हैं।


अकादमिक योग्यताः अंकित ओझा ने प्रारंभिक शिक्षा नवोदय विद्यालय से पूरी करने के बाद जामिया मिल्ल्लिया इस्लामिया से पत्रकारिता में ही ग्रैजुएशन किया है। इसके बाद भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC) से पोस्ट ग्रैजुएट डिप्लोमा और कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय से मास कम्युनिकेशन में एमए किया है। जामिया में अध्ययन के दौरान ही इटैलियन और उर्दू भाषा में भी कोर्स किए हैं। इसके अलावा पंजाबी भाषा की भी अच्छी समझ रखते हैं। विश्वविद्यालय में NCC का 'C सर्टिफिकेट' भी प्राप्त किया है। IIMC और ऑक्सफर्ड से स्वास्थ्य पत्रकारिता का सर्टिफिकेट भी प्राप्त किया है।

और पढ़ें