कांग्रेस ने तो ममता बनर्जी के साथ खेल कर दिया, एकसाथ 100 नेता तोड़े
पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की पार्टी में टूट थमने का नाम नहीं ले रही है। अब बड़ी संख्या में पार्टी के नेता और कार्यकर्ता कांग्रेस में शामिल हो गए हैं। नंदीग्राम और रेजीनगर सीट पर उपचुनाव से पहले यह टूट हुई है।

ममता बनर्जी को कांग्रेस ने भी बड़ा झटका दे दिया है। खबर है कि 100 से ज्यादा तृणमूल कांग्रेस के नेता कार्यकर्ता कांग्रेस में शामिल हो गए हैं। यह टूट ऐसे समय पर हुई है, जब राज्य में दो बड़ी सीटों पर उपचुनाव होने हैं। खास बात है कि बनर्जी गुट पहले ही विधायकों के टूटने के चलते पार्टी का मूल नाम और चुनाव चिह्न खो चुका है। भारत निर्वाचन आयोग ने टीएमसी नाम और जोड़ा फूल चुनाव चिह्न को फ्रीज कर दिया है।
मालदा के महीष बाथानी क्षेत्र में रविवार को टीएमसी के कई सदस्य कांग्रेस में शामिल हो गए। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, इनमें 13 पंचायत सदस्य, 1 पंचायत समिति सदस्य, पार्टी के क्षेत्रीय अध्यक्ष, ब्लॉक उपाध्यक्ष और 100 से ज्यादा कार्यकर्ता शामिल हैं। खास बात है कि इसे लेकर बलरामपुर में बड़ा कार्यक्रम आयोजित किया गया था, जिसमें जिला कांग्रेस अध्यक्ष, प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष और पूर्व विधायक बी हल्दर भी मौजूद रहे।
कांग्रेस का था गढ़
जिस महीष बाथानी क्षेत्र में टूट हुई है, उसे पहले कांग्रेस का बड़ा गढ़ माना जाता था, लेकिन ममता बनर्जी का राजनीतिक कद बढ़ने के बाद यहां स्थिति बदल गई थी। अब कहा जा रहा है कि इस दल बदल के जरिए कांग्रेस ने पुरानी स्थिति दोबारा तैयार कर ली है। खास बात है कि टीएमसी को हराकर राज्य में पहली बार भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनी है।
ममता बनर्जी से उठा भरोसा?
एबीपी बंगाली के अनुसार, तृणमूल छोड़कर कांग्रेस में गए शराफत अली नई पार्टी की जमकर तारीफ कर रहे हैं। उन्होंने कहा है कि मौजूदा राजनीतिक हालात में एक क्षेत्रीय दल होने के नाते तृणमूल का भाजपा के खिलाफ लड़ना संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि वह भाजपा से लड़ने के लिए कांग्रेस के साथ आए हैं।
दो सीटों पर हैं उपचुनाव
बंगाल में 6 अक्टूबर को दो बड़ी सीटों पर उपचुनाव होने हैं। 9 अक्टूबर को रिजल्ट घोषित होगा। एक ओर जहां मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के सीट छोड़ने के बाद नंदीग्राम सीट खाली हुई है। वहीं, आम जनता उन्नयन पार्टी के हुमायूं कबीर ने नौदा सीट बरकरार रखी, जिसके चलते रेजीनगर सीट खाली हो गई है। अब उनके बेटे यहां से चुनाव लड़ रहे हैं। जबकि, ममता गुट ने रबीउल आलम चौधरी को टिकट दिया है।
खबरें आईं थीं कि ममता गुट ने नंदीग्राम सीट कांग्रेस के लिए छोड़ने की पेशकश की थी और रेजीनगर में मदद मांगी थी। हालांकि, कांग्रेस ने इससे इनकार कर दिया और दोनों सीटों पर समर्थन देने के लिए कहा था। बहरहाल, नंदीग्राम सीट से ममता बनर्जी के पास कोई उम्मीदवार नहीं है, क्योंकि प्रत्याशी बनाईं गईं संचिता प्रधान डे ने नाम वापस ले लिया है।
तृणमूल का नाम और निशान पर कब होगा फैसला
सुप्रीम कोर्ट ने चुनाव आयोग को तृणमूल का नाम और निशान संबंध में फैसला लेने के लिए 4 महीनों का समय दिया है। पीठ ने कहा, 'हम प्रतिवादियों/याचिकाकर्ताओं को अपने हलफनामे/अतिरिक्त हलफनामे आदि रिकॉर्ड पर रखने के लिए चार हफ्ते का समय देते हैं। चार हफ्ते के भीतर दलीलें पूरी हो जानी चाहिए।' साथ ही कहा कि इसके बाद निर्वाचन आयोग तीन महीने के भीतर इस मुद्दे पर फैसला करेगा।
AI से फैसला लेने की सलाह
कोर्ट में चुनाव आयोग का पक्ष रख रहे वकील डीएस नायडू ने कहा कि ऐसे मामलों में समय लग जाता है। उन्होंने वजह बताई कि पार्टी कार्यकर्ताओं की तरफ से बड़ी संख्या में दस्तावेज और हलफनामे जमा किए जाते हैं। बेंच ने कहा, 'तीन महीने बीते चुके हैं। आप अगले तीन महीने में इस पर फैसला लें।' खास बात है कि कोर्ट ने चुनाव आयोग को AI की मदद लेने की भी सलाह दी है।


