ईरान पर फिर हमला करेगा इजरायल? रक्षा मंत्री इजराइल काट्ज ने बताया ट्रंप-नेतन्याहू का अगला प्लान
इजरायल के रक्षा मंत्री इजराइल काट्ज ने गुरुवार को कहा कि उनके देश को ईरान के खिलाफ फिर से सैन्य कार्रवाई करनी पड़ सकती है, ताकि इस्लामी गणराज्य एक बार फिर इजरायल के लिए खतरा न बन सके।
इजरायल के रक्षा मंत्री इजराइल काट्ज ने गुरुवार को कहा कि उनके देश को ईरान के खिलाफ 'फिर से सैन्य कार्रवाई' करनी पड़ सकती है, ताकि इस्लामी गणराज्य एक बार फिर इजरायल के लिए खतरा न बन सके। एक सैन्य समारोह के दौरान जारी बयान में काट्ज ने कहा कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के समन्वय में यह अभियान चलाया जा रहा है, जिसका लक्ष्य यह सुनिश्चित करना है कि ईरान भविष्य में इजरायल, अमेरिका और स्वतंत्र दुनिया के लिए खतरा न बने। हम इस प्रयास का पूरा समर्थन कर रहे हैं और जरूरी सहायता दे रहे हैं, लेकिन इन उद्देश्यों को हासिल करने के लिए हमें जल्द ही फिर से कार्रवाई करनी पड़ सकती है।
ट्रंप का कड़ा संदेश
वहीं एक दिन पहले यानी बुधवार को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को चेतावनी देते हुए कहा कि उसे 'बहुत जल्द समझदार' बनना होगा। ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर लिखा कि ईरान अपनी स्थिति संभाल नहीं पा रहा। उन्हें गैर-परमाणु समझौते पर हस्ताक्षर करना नहीं आता। उन्हें जल्द समझदार बनना होगा। ट्रंप ने पोस्ट के साथ एक व्यंग्यात्मक तस्वीर भी साझा की, जिसमें वे हथियार लेकर खड़े दिख रहे हैं और 'No More Mr. Nice Guy' मैसेज के साथ 'गैर-परमाणु समझौता' का जिक्र किया गया है।
दक्षिण लेबनान में हिजबुल्लाह के साथ ‘कोई युद्धविराम नहीं’
दूसरी ओर, इजरायल रक्षा बल (IDF) के चीफ ऑफ स्टाफ लेफ्टिनेंट जनरल ईयाल जमीर ने स्पष्ट किया कि दक्षिण लेबनान में हिजबुल्लाह के साथ कोई युद्धविराम नहीं है। लेबनान सरकार के साथ दो सप्ताह पहले लागू हुए युद्धविराम के बावजूद हिजबुल्लाह के साथ समानांतर युद्ध जारी है। चैनल 12 की रिपोर्ट के अनुसार, जमीर की यह टिप्पणी ऐसे समय आई है जब इजरायल अमेरिका से लेबनानी सरकार के साथ प्रत्यक्ष वार्ता को दो सप्ताह तक सीमित रखने और यदि वार्ता विफल हुई तो हिजबुल्लाह के खिलाफ बड़े पैमाने पर आईडीएफ अभियान की मंजूरी मांग रहा है।
बता दें कि अमेरिका की मध्यस्थता वाला इजरायल-लेबनान युद्धविराम 17 अप्रैल को शुरू हुआ था, जिसे 24 अप्रैल को तीन सप्ताह के लिए बढ़ा दिया गया। इसके बावजूद सीमा पर तनाव और गोलीबारी जारी है। दक्षिण लेबनान के शहर तैबेह में सैनिकों को संबोधित करते हुए जमीर ने कहा कि हम दक्षिण लेबनान में बनाए गए सुरक्षा बफर जोन को तब तक नहीं छोड़ेंगे, जब तक उत्तरी इजरायली समुदायों के लिए खतरा पूरी तरह समाप्त नहीं हो जाता। हम अपने समुदायों पर किसी भी हमले या गोलीबारी को बर्दाश्त नहीं करेंगे। चीफ ऑफ स्टाफ ने सेना को निर्देश देते हुए कहा कि लड़ाई के मोर्चे पर कोई युद्धविराम नहीं है। आप लड़ना जारी रखें, उत्तरी समुदायों से प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष खतरों को दूर करें, आतंकी बुनियादी ढांचे को नष्ट करें और आतंकवादियों को खोज-खोजकर मार गिराएं।
इजरायली सेना ने बताया कि गुरुवार को उसने हिजबुल्लाह का एक रॉकेट लॉन्चर नष्ट कर दिया और समूह द्वारा लॉन्च किए गए दो विस्फोटक ड्रोन को मार गिराया। बुधवार को हिजबुल्लाह ने दक्षिण लेबनान में इजरायली सैनिकों पर कई ‘फर्स्ट पर्सन व्यू’ (FPV) ड्रोन दागे थे, हालांकि इन हमलों में कोई हताहत नहीं हुआ।
लेखक के बारे में
Devendra Kasyapदेवेन्द्र कश्यप पिछले 13 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। अगस्त 2025 से वह लाइव हिन्दुस्तान (हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप) में चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर के पद पर कार्यरत हैं। संस्थान की होम टीम का वह एक अहम हिस्सा हैं। राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों पर उनकी पैनी नजर रहती है। वायरल कंटेंट के साथ-साथ लीक से हटकर और प्रभावशाली खबरों में उनकी विशेष रुचि है।
देवेन्द्र ने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत वर्ष 2013 में महुआ न्यूज से की। करियर के शुरुआती दौर में उन्होंने बिहार की राजधानी पटना में रिपोर्टिंग की। इस दौरान राजनीति के साथ-साथ क्राइम और शिक्षा बीट पर भी काम किया। इसके बाद उन्होंने जी न्यूज (बिहार-झारखंड) में अपनी सेवाएं दीं। वर्ष 2015 में ईनाडु इंडिया के साथ डिजिटल मीडिया में कदम रखा। इसके बाद राजस्थान पत्रिका, ईटीवी भारत और नवभारत टाइम्स ऑनलाइन जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में कार्य किया।
मूल रूप से बिहार के भोजपुरी बेल्ट रोहतास जिले के रहने वाले देवेन्द्र कश्यप ने अपनी प्रारंभिक और उच्च शिक्षा पटना से प्राप्त की। उन्होंने पटना विश्वविद्यालय से राजनीति विज्ञान में स्नातक की डिग्री हासिल की और MCU भोपाल से पत्रकारिता में डिप्लोमा किया। वर्तमान में वह उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में प्रवास कर रहे हैं।
और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


