UAE पर ईरानी हमलो की बौछार, एयर डिफेंस बनी ढाल; 16 मिसाइलें और 42 ड्रोन हवा में ढेर
मध्य पूर्व में बढ़ते तनाव के बीच ईरान द्वारा संयुक्त अरब अमीरात पर हमले जारी हैं। यूएई के रक्षा मंत्रालय ने रविवार को कहा कि देश की वायु रक्षा प्रणाली ने ईरान से दागी गई 16 बैलिस्टिक मिसाइलों और 42 ड्रोन को सफलतापूर्वक रोक दिया और नष्ट कर दिया।

मध्य पूर्व में बढ़ते तनाव के बीच ईरान द्वारा संयुक्त अरब अमीरात (UAE) पर हमले जारी हैं। यूएई के रक्षा मंत्रालय ने रविवार को कहा कि देश की वायु रक्षा प्रणाली ने ईरान से दागी गई 16 बैलिस्टिक मिसाइलों और 42 ड्रोन (UAV) को सफलतापूर्वक रोक दिया और नष्ट कर दिया। रक्षा मंत्रालय के आधिकारिक बयान में बताया गया कि ईरान की आक्रामकता शुरू होने के बाद से अब तक यूएई की वायु रक्षा ने कुल 414 बैलिस्टिक मिसाइलें, 15 क्रूज मिसाइलें और 1914 यूएवी (ड्रोन) को मार गिराया है।
इस दौरान मंत्रालय ने यह भी पुष्टि की कि इन हमलों में सशस्त्र बलों के दो जवान शहीद हो गए, जबकि एक नागरिक ठेकेदार की भी मौत हो गई। कुल 8 लोग मारे गए हैं। इसके अलावा 178 लोग घायल हुए हैं, जिनमें कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है। रक्षा मंत्रालय ने दृढ़ संकल्प व्यक्त करते हुए कहा कि यूएई किसी भी खतरे से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है और राज्य की संप्रभुता, सुरक्षा तथा स्थिरता को कमजोर करने वाले किसी भी प्रयास का सख्त जवाब दिया जाएगा।
ईरान की चेतावनी
इसी बीच, ईरानी संसद के अध्यक्ष मोहम्मद बागेर गालिबाफ ने अमेरिका पर गुप्त रूप से जमीनी आक्रमण की साजिश रचने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि तेहरान इस स्थिति के लिए पूरी तरह तैयार है। गालिबाफ ने खाड़ी देशों को भी चेतावनी देते हुए कहा कि जो देश अमेरिका को अपनी भूमि से ईरान पर हमला करने की अनुमति दे रहे हैं, उन्हें भी दंडित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि दुश्मन खुलेआम दोस्ती का संदेश भेजता है, लेकिन गुप्त रूप से जमीनी हमले की साजिश रच रहा है। हम उनके आने का इंतजार कर रहे हैं। हम उन्हें जलाकर राख कर देंगे और उनके क्षेत्रीय सहयोगियों को हमेशा के लिए दंडित करेंगे।
ईरान की ओर से यह बयान वाशिंगटन पोस्ट में छपी उस रिपोर्ट के बाद आया है, जिसमें अमेरिकी अधिकारियों के हवाले से दावा किया गया है कि पेंटागन ईरान में कई हफ्तों तक सीमित जमीनी अभियानों की तैयारी कर रहा है। इन अभियानों में खर्ग द्वीप और होर्मुज जलडमरूमध्य के पास स्थित तटीय इलाकों पर विशेष छापेमारी शामिल हो सकती है। हालांकि, अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने शुक्रवार को कहा कि संयुक्त राज्य अमेरिका ईरान के खिलाफ अपने सैन्य उद्देश्यों को बिना किसी जमीनी सैनिक बल के हासिल कर सकता है।
लेखक के बारे में
Devendra Kasyapदेवेन्द्र कश्यप पिछले 13 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। अगस्त 2025 से वह लाइव हिन्दुस्तान (हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप) में चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर के पद पर कार्यरत हैं। संस्थान की होम टीम का वह एक अहम हिस्सा हैं। राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों पर उनकी पैनी नजर रहती है। वायरल कंटेंट के साथ-साथ लीक से हटकर और प्रभावशाली खबरों में उनकी विशेष रुचि है।
देवेन्द्र ने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत वर्ष 2013 में महुआ न्यूज से की। करियर के शुरुआती दौर में उन्होंने बिहार की राजधानी पटना में रिपोर्टिंग की। इस दौरान राजनीति के साथ-साथ क्राइम और शिक्षा बीट पर भी काम किया। इसके बाद उन्होंने जी न्यूज (बिहार-झारखंड) में अपनी सेवाएं दीं। वर्ष 2015 में ईनाडु इंडिया के साथ डिजिटल मीडिया में कदम रखा। इसके बाद राजस्थान पत्रिका, ईटीवी भारत और नवभारत टाइम्स ऑनलाइन जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में कार्य किया।
मूल रूप से बिहार के भोजपुरी बेल्ट रोहतास जिले के रहने वाले देवेन्द्र कश्यप ने अपनी प्रारंभिक और उच्च शिक्षा पटना से प्राप्त की। उन्होंने पटना विश्वविद्यालय से राजनीति विज्ञान में स्नातक की डिग्री हासिल की और MCU भोपाल से पत्रकारिता में डिप्लोमा किया। वर्तमान में वह उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में प्रवास कर रहे हैं।
और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


