एक सोशल मीडिया पोस्ट और मौत की सजा; कौन है 23 साल की ईरानी छात्रा नजमेह अमीनी?

लाइव हिन्दुस्तान, तेहरान
share

ईरान की 23 साल की अकाउंटिंग छात्रा नजमेह अमीनी को सोशल मीडिया पोस्ट के लिए मौत की सजा सुनाई गई है। उस पर पैगंबर मुहम्मद का अपमान करने का आरोप है।

Najmeh Amini
ईरानी छात्रा नजमेह अमीनी

ईरान में एक छात्रा को सोशल मीडिया पर एक पोस्ट के लिए मौत की सजा सुनाई गई है। उस पर पैगंबर मुहम्मद का अपमान करने का आरोप है। द गार्डियन की रिपोर्ट के मुताबिक, छात्रा नजमेह अमीनी को पहले जनवरी में देशभर में हुए सरकार विरोधी प्रदर्शनों के दौरान गिरफ्तार किया गया था। फरवरी में ईरान की साइबर पुलिस ने उनकी ऑनलाइन गतिविधियों की जांच के बाद फिर से गिरफ्तार कर लिया। उसके परिवार के करीबी सूत्र के अनुसार, बाद में उन्हें 'सब उल-नबी' यानी पैगंबर मुहम्मद का अपमान करने के आरोप में मौत की सजा सुनाई गई।

नजमेह अमीनी कौन हैं?

नजमेह अमीनी ईरान की 23 साल की अकाउंटिंग स्टूडेंट है। जनवरी में सरकार विरोधी प्रदर्शनों के दौरान सुरक्षा बलों ने उन्हें हिरासत में लिया था। फरवरी में उनकी सोशल मीडिया गतिविधियों के आधार पर उसे दोबारा गिरफ्तार कर लिया गया। एक अलग मामले में उसे 12 साल, 6 महीने और 1 दिन की जेल की सजा भी सुनाई गई है। इस मामले में उस पर राष्ट्रीय सुरक्षा के खिलाफ काम करने और ईरानी सरकार के खिलाफ प्रचार फैलाने का आरोप है।

पिछले महीने जारी एक ऑडियो रिकॉर्डिंग में अमीनी ने अंतरराष्ट्रीय समुदाय, संयुक्त राष्ट्र, वकीलों और मानवाधिकार संगठनों से अपने मामले की जांच करने की अपील की। उसने कहा कि मैं आज खुद को हीरो नहीं बनाना चाहती। मैं बस एक चीज चाहती हूं, अपनी आवाज बनना। अमीनी ने आगे कहा कि मैं एक मासूम लड़की हूं जिसके बहुत सारे सपने और उम्मीदें हैं। मेरे माता-पिता मेरा इंतजार कर रहे हैं। एक परिवार जो हर रात मुझे खोने के डर से अपनी रात को सुबह में बदल देता है।

कोर्ट में क्या हुआ?

जिस सोशल मीडिया पोस्ट की वजह से उन्हें मौत की सजा मिली, उसका सही कंटेंट सार्वजनिक रूप से नहीं बताया गया है। ईरान के इस्लामिक पीनल कोड के आर्टिकल 262 के तहत पैगंबर मुहम्मद या किसी सम्मानित शिया व्यक्ति का अपमान करने पर मौत की सजा हो सकती है। हालांकि आर्टिकल 263 में बिना सोचे-समझे या नशे में दिए गए बयानों के लिए कुछ छूट का प्रावधान है, लेकिन कुछ मामलों में कोड़े जैसी अन्य सजाएं भी दी जा सकती हैं।

ईरानी अखबार खोरासन के अनुसार, अमीनी ने कोर्ट को बताया कि उन्होंने दोस्तों के साथ साइकेडेलिक मशरूम लेने के बाद हालूसिनेशन की हालत में बात कही थी। उनके बचाव पक्ष ने कहा कि यह 'जुबान फिसलने' की वजह से हुआ था। लेकिन जज ने यह दलील खारिज कर दी। जज ने सवाल उठाया कि अगर वे वहम वाली हालत में थीं, तो उन्होंने अमेरिका और इजरायल समेत अन्य लोगों या ईरानी सरकार के विरोधियों की बेइज्जती क्यों नहीं की।

बता दें कि अमीनी की मौत की सजा अभी अंतिम नहीं है। फैसले के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में अपील की जा सकती है।

इस साल 600 से ज्यादा लोगों को मौत की सजा

दूसरी ओर मानवाधिकार समूहों का कहना है कि ईरान विरोध को दबाने के लिए मौत की सजा का इस्तेमाल बढ़ा रहा है। ओस्लो स्थित ईरान ह्यूमन राइट्स के मुताबिक, इस साल ईरान में 600 से ज्यादा लोगों को मौत की सजा दी जा चुकी है। संगठन के निदेशक महमूद अमीरी-मोगद्दाम ने कहा कि सोशल मीडिया पर पोस्ट के लिए एक युवा महिला को मौत की सजा देना खतरनाक संकेत है। इससे शांतिपूर्ण बोलने की आजादी पर और सख्ती हो सकती है। अगर अंतरराष्ट्रीय समुदाय अभी सख्त कदम नहीं उठाएगा, तो ऐसे मामले और बढ़ सकते हैं।

Devendra Kasyap

लेखक के बारे में

Devendra Kasyap

देवेन्द्र कश्यप पिछले 13 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। अगस्त 2025 से वह लाइव हिन्दुस्तान (हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप) में चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर के पद पर कार्यरत हैं। संस्थान की होम टीम का वह एक अहम हिस्सा हैं। राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों पर उनकी पैनी नजर रहती है। वायरल कंटेंट के साथ-साथ लीक से हटकर और प्रभावशाली खबरों में उनकी विशेष रुचि है।

देवेन्द्र ने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत वर्ष 2013 में महुआ न्यूज से की। करियर के शुरुआती दौर में उन्होंने बिहार की राजधानी पटना में रिपोर्टिंग की। इस दौरान राजनीति के साथ-साथ क्राइम और शिक्षा बीट पर भी काम किया। इसके बाद उन्होंने जी न्यूज (बिहार-झारखंड) में अपनी सेवाएं दीं। वर्ष 2015 में ईनाडु इंडिया के साथ डिजिटल मीडिया में कदम रखा। इसके बाद राजस्थान पत्रिका, ईटीवी भारत और नवभारत टाइम्स ऑनलाइन जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में कार्य किया।

मूल रूप से बिहार के भोजपुरी बेल्ट रोहतास जिले के रहने वाले देवेन्द्र कश्यप ने अपनी प्रारंभिक और उच्च शिक्षा पटना से प्राप्त की। उन्होंने पटना विश्वविद्यालय से राजनीति विज्ञान में स्नातक की डिग्री हासिल की और MCU भोपाल से पत्रकारिता में डिप्लोमा किया। वर्तमान में वह उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में प्रवास कर रहे हैं।

और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

Hindi Newsमिडिल ईस्ट न्यूज़एक सोशल मीडिया पोस्ट और मौत की सजा; कौन है 23 साल की ईरानी छात्रा नजमेह अमीनी?