नरक भेजा गया... अमेरिकी सीनेटर लिंडसे ग्राहम की मौत पर ईरानी मीडिया, एंकर ने लोगों को दी 'बधाई'

लाइव हिन्दुस्तान, तेहरान
Follow us on Google News
share

अमेरिकी सीनेटर लिंडसे ग्राहम की शनिवार को अचानक बीमारी के बाद मौत हो गई। इस घटना के बाद ईरान के सरकारी टीवी चैनल पर प्रसारित एक क्लिप सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें एंकर ने ईरानी नागरिकों को ग्राहम की मौत पर बधाई दी है।

Iranian State media anchor

अमेरिकी सीनेटर लिंडसे ग्राहम की शनिवार को अचानक बीमारी से मौत हो गई। इस घटना के बाद ईरान के सरकारी टीवी चैनल पर प्रसारित एक विवादास्पद क्लिप सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल क्लिप में एंकर ने ईरानी नागरिकों को ग्राहम की मौत पर बधाई देते हुए कहा कि मैं ईरान के महान देश को बधाई देती हूं कि युद्ध उकसाने वाले और ईरान-विरोधी सीनेटर लिंडसे ग्राहम को नरक भेजा गया है। यह वीडियो ईरान इंटरनेशनल ने सोशल मीडिया एक्स पर शेयर किया है।

यहां आपको बता दें कि लिंडसे ग्राहम लंबे समय से ईरान पर सख्त कार्रवाई और संभावित सैन्य कार्रवाई के प्रमुख समर्थक रहे हैं। वे इजराइल के भी मजबूत समर्थक थे और पूरे सीनेट करियर में अमेरिका-इजराइल संबंधों को और मजबूत बनाने की वकालत करते रहे। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के करीबी सहयोगी के रूप में उन्होंने ईरान के खिलाफ ट्रंप प्रशासन की नीतियों का खुलकर समर्थन किया।

ट्रंप और नेतन्याहू ने जताया शोक?

वहीं, ग्राहम की मौत की खबर मिलते ही राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोशल मीडिया पर शोक व्यक्त किया। राष्ट्रपति ट्रंप ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा कि सीनेटर लिंडसे ग्राहम, जिन्हें मैं सबसे महान व्यक्तियों और सीनेटरों में से एक मानता हूं, अब हमारे बीच नहीं रहे। वह हमेशा काम में लगे रहते थे और सच्चे अमेरिकी देशभक्त थे। उनकी बहुत कमी महसूस होगी। अंतिम संस्कार और अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी बाद में दी जाएगी। यह बेहद दुखद है।

दूसरी ओर इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने भी गहरा शोक जताया। उन्होंने ग्राहम को 'इजरायल का महान दोस्त' और 'प्यारा दोस्त' बताया। नेतन्याहू ने कहा कि ग्राहम समझते थे कि इजरायल और अमेरिका की सुरक्षा को अलग नहीं किया जा सकता। उन्होंने अपनी पूरी जिंदगी अमेरिका की रक्षा, अमेरिका-इजरायल गठबंधन को मजबूत करने और आजाद दुनिया के लिए खड़े होने में लगा दी। इजरायल ने अपना सबसे बड़ा दोस्त खो दिया है।

कौन थे लिंडसे ग्राहम?

साउथ कैरोलिना के रहने वाले लिंडसे ग्राहम पहली बार 1994 में अमेरिकी प्रतिनिधि सभा के लिए चुने गए थे। 2002 में उन्होंने सीनेट का चुनाव जीता और जनवरी 2003 से सीनेटर के रूप में कार्यरत थे। इस साल वे एक और कार्यकाल के लिए चुनाव लड़ रहे थे। वे सीनेट बजट समिति के चेयरमैन भी रह चुके हैं। वकील के रूप में ट्रेनिंग प्राप्त ग्राहम अमेरिकी वायु सेना और वायु सेना रिजर्व में सेवा दे चुके थे और कर्नल के पद से सेवानिवृत्त हुए थे।

Devendra Kasyap

लेखक के बारे में

Devendra Kasyap

देवेन्द्र कश्यप पिछले 13 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। अगस्त 2025 से वह लाइव हिन्दुस्तान (हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप) में चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर के पद पर कार्यरत हैं। संस्थान की होम टीम का वह एक अहम हिस्सा हैं। राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों पर उनकी पैनी नजर रहती है। वायरल कंटेंट के साथ-साथ लीक से हटकर और प्रभावशाली खबरों में उनकी विशेष रुचि है।

देवेन्द्र ने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत वर्ष 2013 में महुआ न्यूज से की। करियर के शुरुआती दौर में उन्होंने बिहार की राजधानी पटना में रिपोर्टिंग की। इस दौरान राजनीति के साथ-साथ क्राइम और शिक्षा बीट पर भी काम किया। इसके बाद उन्होंने जी न्यूज (बिहार-झारखंड) में अपनी सेवाएं दीं। वर्ष 2015 में ईनाडु इंडिया के साथ डिजिटल मीडिया में कदम रखा। इसके बाद राजस्थान पत्रिका, ईटीवी भारत और नवभारत टाइम्स ऑनलाइन जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में कार्य किया।

मूल रूप से बिहार के भोजपुरी बेल्ट रोहतास जिले के रहने वाले देवेन्द्र कश्यप ने अपनी प्रारंभिक और उच्च शिक्षा पटना से प्राप्त की। उन्होंने पटना विश्वविद्यालय से राजनीति विज्ञान में स्नातक की डिग्री हासिल की और MCU भोपाल से पत्रकारिता में डिप्लोमा किया। वर्तमान में वह उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में प्रवास कर रहे हैं।

और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।