टारगेट के बहुत करीब, पतन के कगार पर इस्लामी शासन; ईरान को लेकर नेतन्याहू का बड़ा दावा

लाइव हिन्दुस्तान
Follow us on Google News
share

इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने बुधवार को दावा किया कि ईरान का इस्लामी गणराज्य पतन के कगार पर है और तेहरान के आतंकी शासन को गिराने का लक्ष्य अब बहुत करीब है।

Netanyahu
इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू

ईरान संग जारी तनाव के बीच इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने बड़ा बयान दिया है। बुधवार को उन्होंने कहा कि ईरान का इस्लामी गणराज्य पतन के कगार पर है और तेहरान के मौजूदा शासन को गिराने का लक्ष्य अब 'बहुत करीब' है। यह बयान उन्होंने दक्षिणी सीरिया में तैनात इजरायली सैनिकों के दौरे के दौरान दिया। मिडिल ईस्ट में छह महीने से चल रहे युद्ध के बीच मोर्चे और सख्त हो गए हैं, जबकि होर्मुज स्ट्रेट को लेकर तेहरान और वाशिंगटन के बीच तनाव नया शिखर छू रहा है।

बता दें कि नेतन्याहू ने इजरायल-सीरिया सीमा पर माउंट हर्मोन के सीरियाई हिस्से में रक्षा मंत्री इसराइल काट्ज़ के साथ मुलाकात की। वहीं उन्होंने कहा कि अभी बहुत काम करना बाकी है। मुख्य लक्ष्य ईरान में आतंकी शासन को खत्म करना है। हम इसके बहुत करीब हैं। हम जानते हैं कि पूरा गठबंधन ध्वस्त हो जाएगा। गौरतलब है कि यह दौरा ऐसे समय हुआ है जब इजरायल दक्षिणी सीरिया में अपनी सैन्य उपस्थिति को स्थायी रूप देने की कोशिश कर रहा है।

दिसंबर 2024 में लंबे समय तक शासन करने वाले बशर अल-असद के पतन के बाद इजरायली सेना ने वहां एक 'सुरक्षा क्षेत्र' बना लिया है। यह वही इलाका है जो पहले संयुक्त राष्ट्र की निगरानी वाला बफर जोन था और 1974 से इजरायल के कब्जे वाले गोलान हाइट्स में इजरायली तथा सीरियाई सेनाओं को अलग करता था। अब इजरायल ने उस क्षेत्र पर कब्जा कर लिया है और वहां सैनिक तैनात रखे हुए है।

नेतन्याहू ने दोहराया कि हम किसी भी आतंकवादी सेना को अपनी सीमा पर स्थापित होने की अनुमति नहीं देंगे। इजरायली पक्ष का कहना है कि असद के जाने के बाद सीरिया में पैदा हुए शून्य का फायदा ईरान समर्थित गुट या अन्य सशस्त्र संगठन उठा सकते हैं। इसलिए तेल अवीव सीमा के पास किसी भी शत्रुतापूर्ण उपस्थिति को बर्दाश्त नहीं करना चाहता।

गौरलतब है कि रक्षा मंत्री काट्ज ने दो सप्ताह पहले भी दक्षिणी सीरिया में तैनात इजरायली सैनिकों का दौरा किया था। उस दौरे के बाद दमिश्क ने तीखी प्रतिक्रिया दी थी। सीरियाई सरकार ने इसे 'देश की संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता का घोर उल्लंघन' बताया था। असद के पतन के बाद से इजरायल ने सीरिया में सैकड़ों हमले किए हैं और सीरियाई इलाके में बार-बार घुसपैठ की है। इजरायली अधिकारियों ने बार-बार कहा है कि सुरक्षा क्षेत्र में सैनिक तैनात रहेंगे।

Devendra Kasyap

लेखक के बारे में

Devendra Kasyap

देवेन्द्र कश्यप पिछले 13 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। अगस्त 2025 से वह लाइव हिन्दुस्तान (हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप) में चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर के पद पर कार्यरत हैं। संस्थान की होम टीम का वह एक अहम हिस्सा हैं। राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों पर उनकी पैनी नजर रहती है। वायरल कंटेंट के साथ-साथ लीक से हटकर और प्रभावशाली खबरों में उनकी विशेष रुचि है।

देवेन्द्र ने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत वर्ष 2013 में महुआ न्यूज से की। करियर के शुरुआती दौर में उन्होंने बिहार की राजधानी पटना में रिपोर्टिंग की। इस दौरान राजनीति के साथ-साथ क्राइम और शिक्षा बीट पर भी काम किया। इसके बाद उन्होंने जी न्यूज (बिहार-झारखंड) में अपनी सेवाएं दीं। वर्ष 2015 में ईनाडु इंडिया के साथ डिजिटल मीडिया में कदम रखा। इसके बाद राजस्थान पत्रिका, ईटीवी भारत और नवभारत टाइम्स ऑनलाइन जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में कार्य किया।

मूल रूप से बिहार के भोजपुरी बेल्ट रोहतास जिले के रहने वाले देवेन्द्र कश्यप ने अपनी प्रारंभिक और उच्च शिक्षा पटना से प्राप्त की। उन्होंने पटना विश्वविद्यालय से राजनीति विज्ञान में स्नातक की डिग्री हासिल की और MCU भोपाल से पत्रकारिता में डिप्लोमा किया। वर्तमान में वह उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में प्रवास कर रहे हैं।

और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

Hindi Newsमिडिल ईस्ट न्यूज़पतन के कगार पर इस्लामी शासन… ईरान को लेकर नेतन्याहू का बड़ा दावा