Hindi Newsमिडिल ईस्ट न्यूज़Israeli tanks surround Gaza City ahead of ground incursion as EU proposes sanctions amid global outcry
UN और EU को नेतन्याहू ने दिखाया ठेंगा; इजरायली फौज ने गाजा शहर को चारों तरफ से घेरा, टैंक तैनात

UN और EU को नेतन्याहू ने दिखाया ठेंगा; इजरायली फौज ने गाजा शहर को चारों तरफ से घेरा, टैंक तैनात

संक्षेप:

प्रत्यक्षदर्शियों ने CNN को बताया कि इजरायली टैंक और सैनिक अब गाजा शहर के ठीक उत्तर में शेख रादवान तालाब इलाके में इकट्ठा हो गए हैं। मंगलवार और बुधवार की उपग्रह तस्वीरों से पता चला है कि टैंक अपनी पिछली स्थिति से गाजा शहर की ओर बढ़े हैं।

Sep 18, 2025 11:44 am ISTPramod Praveen लाइव हिन्दुस्तान, यरूशलम
share Share
Follow Us on

वैश्विक आलोचना झेल रहे इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के हौसले पस्त नहीं हुए हैं। यूरोपीय संघ (EU) और संयुक्त राष्ट्र (UN) की चिंता किए बगैर और उन्हें ठेंगा दिखाते हुए इजरायल लगातार गाजा शहर पर ताबड़तोड़ हमले कर रहा है और उसकी सेना गाजा शहर में घुसने को तैयार खड़ी है। CNN की एक रिपोर्ट में कहा गया है कि सैटेलाइट इमेजरी से इस बात का खुलासा हुआ है कि इजरायली फौज के टैंक गाजा शहर के चारों ओर तैनात हो चुके हैं और वे कभी भी जमीनी कार्रवाई शुरू कर सकते हैं। कई प्रत्यक्षदर्शियों ने भी इसकी पुष्टि की है कि IDF ने गाजा सिटी के चारों ओर टैंक तैनात कर रखे हैं।

प्यार से लेकर प्रमोशन तक 2026 का पूरा हाल जानें ✨अभी पढ़ें

प्रत्यक्षदर्शियों ने CNN को बताया कि इजरायली टैंक और सैनिक अब गाजा शहर के ठीक उत्तर में शेख रादवान तालाब इलाके में इकट्ठा हो गए हैं। मंगलवार और बुधवार की उपग्रह तस्वीरों से पता चला है कि टैंक अपनी पिछली स्थिति से गाजा शहर की ओर बढ़े हैं, लेकिन शहर में प्रवेश नहीं कर पाए हैं। इसके अलावा बख्तरबंद गाड़ियाँ इजरायल से लगती गाजा की उत्तरी सीमा पर ज़िकिम क्रॉसिंग की दिशा से लगभग दो किलोमीटर (1.2 मील) अंदर चली गई हैं।

फिलिस्तीनी शहर छोड़कर भाग रहे

भारी भरकम सैन्य तैनाती के बीच, हजारों फिलिस्तीनी शहर छोड़कर भाग रहे हैं। इस शहर की अनुमानित कुल आबादी लगभग दस लाख है लेकिन इनमें से लाखों शहर छोड़कर भाग चुके हैं। इजरायल का दावा है कि गाजा शहर में उसका जमीनी आक्रमण हमास के सैन्य बुनियादी ढांचे को नष्ट करने के लिए है। एपी की रिपोर्ट में कहा गया है कि इजरायली सैनिक और टैंक बुधवार को गाजा शहर में भीतर तक घुस चुके हैं।

UN ने गाजा के कुछ हिस्सों को अकालग्रस्त घोषित किया

बहरहाल, इजरायली सेना ने घोषणा की है कि गाजा में जमीनी अभियान शुरू हो गया है, लेकिन उपग्रह चित्रों से पता चला है कि टैंक अभी तक शहर में प्रवेश नहीं कर पाए हैं। बड़ी बात यह है कि इजरायल का यह नया अभियान अंतरराष्ट्रीय निंदा और संयुक्त राष्ट्र व अन्य संगठनों की चेतावनी के बावजूद जारी है। EU ने एक दिन पहले ही इजरायल पर गाजा युद्ध के कारण नई टैरिफ और प्रतिबंध लगाए हैं। दूसरी ओर संयुक्त राष्ट्र ने भी चेतावनी दी है कि इजरायली हमला पहले से ही गंभीर मानवीय संकट झेल रहे गाजा को और तबाह कर देगा। UN ने गाजा के कुछ हिस्सों को आधिकारिक तौर पर अकालग्रस्त भी घोषित किया है। मंगलवार को, एक स्वतंत्र संयुक्त राष्ट्र जांच ने पहली बार ऐसा निष्कर्ष निकाला कि गाजा में इजरायल ने नरसंहार किया है। हालांकि, इजरायल ने इसका खंडन किया है।

24 घंटों में गाजा में 98 लोग मारे गए

इस बीच, फिलिस्तीनी स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा है कि पिछले 24 घंटों में गाजा में 98 लोग मारे गए हैं, जिससे युद्ध शुरू होने के बाद से मरने वालों की संख्या 65,000 से अधिक हो गई है। दूसरी तरफ, इजरायली सेना ने कहा है कि वायुसेना और लड़ाकू इकाइयों ने जमीन पर सैनिकों के आगे बढ़ने से पहले पिछले कुछ दिनों में गाजा शहर पर 150 से अधिक बार हमला किया, जिससे वहां स्थित कई आवासीय टावर क्षतिग्रस्त हो गए। इजरायल का दावा है कि हमास इन टावर का इस्तेमाल सैनिकों पर नजर रखने के लिए कर रहा है।

गाजा शहर में इजरायल के तेज होते सैन्य अभियान के बीच बड़ी संख्या में फलस्तीनी क्षेत्र छोड़कर भाग रहे हैं। इजरायल ने गाजा शहर के दक्षिण में बुधवार से दो दिन के लिए एक और गलियारा खोल दिया है, ताकि ज्यादा से ज्यादा लोग क्षेत्र से बाहर निकल सकें।

Pramod Praveen

लेखक के बारे में

Pramod Praveen
भूगोल में पीएचडी और पत्रकारिता एवं जनसंचार में स्नातकोत्तर उपाधि धारक। ईटीवी से बतौर प्रशिक्षु पत्रकार पत्रकारिता करियर की शुरुआत। कई हिंदी न्यूज़ चैनलों (इंडिया न्यूज, फोकस टीवी, साधना न्यूज) की लॉन्चिंग टीम का सदस्य और बतौर प्रोड्यूसर, सीनियर प्रोड्यूसर के रूप में काम करने के बाद डिजिटल पत्रकारिता में एक दशक से लंबे समय का कार्यानुभव। जनसत्ता, एनडीटीवी के बाद संप्रति हिन्दुस्तान लाइव में कार्यरत। समसामयिक घटनाओं और राजनीतिक जगत के अंदर की खबरों पर चिंतन-मंथन और लेखन समेत कुल डेढ़ दशक की पत्रकारिता में बहुआयामी भूमिका। कई संस्थानों में सियासी किस्सों का स्तंभकार और संपादन। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।