इजरायल के साथ अमेरिका भी कर रहा ईरान पर हमले, खामेनेई के ऑफिस के पास धमाके; हवाई क्षेत्र बंद
ईरान पर इजरायल और अमेरिका का बड़ा संयुक्त हमला। तेहरान में सर्वोच्च नेता खमेनेई के दफ्तर के पास दिनदहाड़े भीषण धमाके। ईरान का एयरस्पेस बंद और इजरायल में अलर्ट जारी। मिडिल ईस्ट में महायुद्ध के हालात, पढ़ें पूरी ताजा खबर।

ईरान के खिलाफ मौजूदा इजरायली हमलों में अमेरिका भी शामिल है। इस बड़ी सैन्य कार्रवाई ने मध्य पूर्व में तनाव को चरम पर पहुंचा दिया है। नाम न छापने की शर्त पर एक अमेरिकी अधिकारी और सैन्य अभियान से जुड़े सूत्रों ने समाचार एजेंसी एपी को ये जानकारी दी है। शनिवार को इजरायल ने ईरान की राजधानी तेहरान पर दिनदहाड़े हमला एक बड़ा हमला किया, जिसके बाद शहर के मध्य भाग (डाउनटाउन) से धुएं का भारी गुबार उठता देखा गया।
खमेनेई का कार्यालय बना निशाना
यह हमला ईरान के सर्वोच्च नेता 86 वर्षीय अयातुल्ला अली खमेनेई के कार्यालय के बेहद करीब हुआ। मौके पर मौजूद लोगों ने पहला बड़ा धमाका यहीं सुना। हमले के वक्त खमेनेई कार्यालय में मौजूद थे या नहीं, यह अभी स्पष्ट नहीं है। अमेरिका के साथ बढ़ते तनाव के बीच उन्हें पिछले कुछ दिनों से सार्वजनिक रूप से भी नहीं देखा गया है। राजधानी तेहरान में धमाकों के बीच डाउनटाउन में खामेनेई के कंपाउंड की सड़कें अधिकारियों ने बंद कर दी थीं। ऑपरेशन की जानकारी रखने वाले एक अधिकारी के अनुसार, इजरायली वायुसेना के निशाने पर ईरान की सेना, सरकारी अधिकारी और इंटेलिजेंस टारगेट शामिल थे।
हमले की पृष्ठभूमि और भू-राजनीतिक कारण
यह कार्रवाई ऐसे समय में हुई है जब अमेरिका ने ईरान के परमाणु कार्यक्रम पर समझौता करने का दबाव बनाने के लिए इस क्षेत्र में लड़ाकू विमानों और युद्धपोतों का एक विशाल बेड़ा तैनात कर रखा है।
डोनाल्ड ट्रंप ईरान के परमाणु कार्यक्रम पर लगाम लगाने के लिए एक नई डील चाहते हैं। ईरान वर्तमान में राष्ट्रव्यापी विरोध प्रदर्शनों और आंतरिक असंतोष से जूझ रहा है, जिसे ट्रंप एक बड़े कूटनीतिक अवसर के रूप में देख रहे हैं।
ईरान युद्ध से बचना चाहता था, लेकिन उसका सख्त रुख कायम है। उसका कहना है कि उसे यूरेनियम संवर्धन का पूरा अधिकार है। ईरान अपने लंबी दूरी के मिसाइल कार्यक्रमों या हमास और हिजबुल्लाह जैसे सहयोगी सशस्त्र समूहों को समर्थन देने जैसे अन्य गंभीर मुद्दों पर चर्चा करने से भी इनकार करता रहा है।
इजरायल और ईरान के मौजूदा हालात
इजरायल का बयान: इजरायल के रक्षा मंत्री 'इजरायल काट्ज' ने इस हमले को सही ठहराते हुए कहा कि यह खतरों को दूर करने के लिए किया गया है, हालांकि उन्होंने इसकी ज्यादा विस्तृत जानकारी नहीं दी।
इजरायल में हाई अलर्ट: ईरान पर हमले के साथ ही पूरे इजरायल में भी सायरन बजने लगे। इजरायली सेना ने ईरान की तरफ से संभावित जवाबी मिसाइल हमलों के मद्देनजर जनता के लिए एहतियाती चेतावनी जारी किया है।
ईरान में अफरा-तफरी: हमले के बाद तेहरान में कई और धमाकों की आवाजें सुनी गईं। ईरानी सरकारी टीवी ने धमाकों की खबर तो दी, लेकिन शुरुआत में इसका कारण नहीं बताया।
हवाई क्षेत्र बंद: हमले के तुरंत बाद इजरायल और ईरान ने अपना हवाई क्षेत्र पूरी तरह से बंद कर दिया है और उड़ानों के लिए चेतावनी जारी कर दी गई है। फिलहाल किसी के हताहत होने की कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
आगे क्या हो सकता है?
यह अभी साफ नहीं है कि ईरान तुरंत पलटवार करेगा या नहीं। हालांकि, ईरान ने पहले ही स्पष्ट चेतावनी दी थी कि किसी भी हमले की स्थिति में मध्य पूर्व में फैले अमेरिकी सैन्य ठिकानों और कर्मियों को निशाना बनाया जाएगा। फिलहाल अमेरिकी सेना ने इस हमले पर तुरंत कोई भी आधिकारिक टिप्पणी करने से इनकार कर दिया है।
लेखक के बारे में
Amit Kumarडिजिटल पत्रकारिता की बदलती लहरों के बीच समाचारों की तह तक जाने की ललक अमित कुमार को इस क्षेत्र में खींच लाई। समकालीन राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय राजनीति पर पैनी नजर रखने के साथ-साथ अमित को जटिल विषयों के गूढ़ विश्लेषण में गहरी रुचि है। उत्तर प्रदेश के बरेली जिले के रहने वाले अमित को मीडिया जगत में एक दशक का अनुभव है। वे पिछले 4 वर्षों से लाइव हिन्दुस्तान में अपनी सेवाएं दे रहे हैं।
अमित न केवल समाचारों के त्वरित प्रकाशन में माहिर हैं, बल्कि वे खबरों के पीछे छिपे 'क्यों' और 'कैसे' को विस्तार से समझाने वाले एक्सप्लेनर लिखने में भी विशेष रुचि रखते हैं। डिजिटल पत्रकारिता के नए आयामों, जैसे कि कीवर्ड रिसर्च, ट्रेंड एनालिसिस और एआई-असिस्टेड कंटेंट ऑप्टिमाइजेशन को वे बखूबी समझते हैं। उनकी पत्रकारिता की नींव 'फैक्ट-चेकिंग' और सत्यापन पर टिकी है। एक मल्टीमीडिया पत्रकार के तौर पर अमित का सफर देश के प्रतिष्ठित संस्थानों के साथ रहा है। उन्होंने अमर उजाला, वन इंडिया, इंडिया टीवी और जी न्यूज जैसे बड़े मीडिया घरानों के साथ काम किया है।
अमित ने देश के प्रतिष्ठित भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC), दिल्ली से हिंदी पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा और गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय से जनसंचार में मास्टर डिग्री हासिल की है। उन्होंने यूनिसेफ और ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों से हेल्थ जर्नलिज्म का सर्टिफिकेशन भी प्राप्त किया है। एआई-असिस्टेड कंटेंट ऑप्टिमाइजेशन और एडिटोरियल प्लानिंग में उनकी विशेषज्ञता उन्हें आज के आधुनिक न्यूज रूम के लिए एक अनिवार्य स्तंभ बनाती है। पेशेवर जीवन से इतर, अमित एक जुनूनी घुमक्कड़ हैं जिन्हें हार्डकोर ट्रेकिंग और फोटोग्राफी का शौक है, साथ ही वे ऐतिहासिक और वास्तविक जीवन पर आधारित सिनेमा देखने के भी शौकीन हैं।
और पढ़ेंलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



