हमास को करो बैन; मोदी सरकार से इजरायल की मांग, लश्कर से कनेक्शन का दावा
Israel Demand India Ban Hamas: इजरायल ने भारत से मांग की है कि वह हमास को आतंकवादी संगठन घोषित करे। इजरायली विदेश मंत्री गिदोन सार ने साफ कहा कि हमास पाकिस्तान स्थित लश्कर-ए-तैयबा जैसे खतरनाक आतंकी संगठनों से सीधे जुड़ा हुआ है।

इजरायल ने भारत से मांग की है कि वह हमास को आतंकवादी संगठन घोषित करे। इजरायली विदेश मंत्री गिदोन सार ने साफ कहा कि हमास पाकिस्तान स्थित लश्कर-ए-तैयबा जैसे खतरनाक आतंकी संगठनों से सीधे जुड़ा हुआ है। इजरायली विदेश मंत्री गिदोन सार ने यह मांग दुनिया भर में बसे भारतीय मूल के लोगों से जुड़े एक समूह के साथ ऑनलाइन बैठक के दौरान किया। बैठक में सार ने लश्कर-ए-तैयबा समेत अन्य आतंकवादी संगठनों के साथ हमास के संबंधों का जिक्र करते हुए कहा कि दोनों देशों के बीच सुरक्षा सहयोग को और मजबूत करने की जरूरत है। उन्होंने इस चर्चा को भारत-इजरायल के लगातार मजबूत हो रहे रणनीतिक संबंधों से जोड़ा और खुलकर अपनी बात रखी।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर विदेश मंत्री सार ने बैठक का विस्तृत ब्योरा देते हुए बताया कि उच्चस्तरीय संवाद में दोनों पक्षों के बीच सकारात्मक रुझान देखने को मिले। विश्व भर के 'हिंदी लीडर्स' समूह को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि भारत और इजरायल के बीच रणनीतिक, सुरक्षा तथा तकनीकी सहयोग तेजी से नई ऊंचाइयों को छू रहा है। गिदोन सार ने भारत-इजरायल संबंधों को 'अत्यंत महत्वपूर्ण' बताते हुए कहा कि यह साझेदारी केवल कूटनीति तक सीमित नहीं है, बल्कि रक्षा, कृषि, साइबर सुरक्षा और नवाचार जैसे क्षेत्रों में गहराई से फैल चुकी है।
उन्होंने इस सहयोग को भविष्य की वैश्विक स्थिरता के लिए भी आवश्यक करार दिया। कार्यक्रम के दौरान इजरायल द्वारा पिछले ढाई वर्षों से 'रेडिकल इस्लाम' के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान का भी उल्लेख किया गया। इजरायली विदेश मंत्री ने कहा कि इस संघर्ष में इजरायल ने विभिन्न मोर्चों पर अपनी रणनीतिक श्रेष्ठता साबित की है और क्षेत्र में सक्रिय उग्रवादी नेटवर्क को काफी हद तक कमजोर कर दिया है।
उन्होंने ईरान के नेतृत्व वाले तत्वों पर क्षेत्रीय अस्थिरता फैलाने का आरोप लगाते हुए कहा कि इस संघर्ष का प्रभाव केवल मध्य पूर्व तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके वैश्विक दूरगामी परिणाम हो सकते हैं। इस दौरान सार ने अंतरराष्ट्रीय समुदाय से अपील की कि आतंकवाद और उग्रवाद के खिलाफ एकजुट होकर मजबूत रुख अपनाए।
लेखक के बारे में
Devendra Kasyapदेवेन्द्र कश्यप पिछले 13 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। अगस्त 2025 से वह लाइव हिन्दुस्तान (हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप) में चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर के पद पर कार्यरत हैं। संस्थान की होम टीम का वह एक अहम हिस्सा हैं। राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों पर उनकी पैनी नजर रहती है। वायरल कंटेंट के साथ-साथ लीक से हटकर और प्रभावशाली खबरों में उनकी विशेष रुचि है।
देवेन्द्र ने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत वर्ष 2013 में महुआ न्यूज से की। करियर के शुरुआती दौर में उन्होंने बिहार की राजधानी पटना में रिपोर्टिंग की। इस दौरान राजनीति के साथ-साथ क्राइम और शिक्षा बीट पर भी काम किया। इसके बाद उन्होंने जी न्यूज (बिहार-झारखंड) में अपनी सेवाएं दीं। वर्ष 2015 में ईनाडु इंडिया के साथ डिजिटल मीडिया में कदम रखा। इसके बाद राजस्थान पत्रिका, ईटीवी भारत और नवभारत टाइम्स ऑनलाइन जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में कार्य किया।
मूल रूप से बिहार के भोजपुरी बेल्ट रोहतास जिले के रहने वाले देवेन्द्र कश्यप ने अपनी प्रारंभिक और उच्च शिक्षा पटना से प्राप्त की। उन्होंने पटना विश्वविद्यालय से राजनीति विज्ञान में स्नातक की डिग्री हासिल की और MCU भोपाल से पत्रकारिता में डिप्लोमा किया। वर्तमान में वह उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में प्रवास कर रहे हैं।
और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


