छोटा हमला भी बर्दाश्त नहीं...; ईरान की अमेरिका को खुली चुनौती, बढ़ेगा टकराव?

लाइव हिन्दुस्तान
Follow us on Google News
share

ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बाकाई ने तेहरान में पत्रकारों से बातचीत में कहा कि सीमित हमले से जुड़े आपके सवाल के बारे में मुझे लगता है कि ऐसा कोई सीमित हमला नहीं होता। आक्रामकता का कार्य आक्रामकता का कार्य ही रहता है।

छोटा हमला भी बर्दाश्त नहीं...; ईरान की अमेरिका को खुली चुनौती, बढ़ेगा टकराव?

ईरान और अमेरिका के बीच तनाव चरम पर पहुंच गया है। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप कभी भी हमले का आदेश दे सकते हैं। इस बीच ईरान की ओर से सख्त बयान आया है। यूं कहें तो अमेरिका को खुली चेतावनी दी गई है। ईरान ने साफ-साफ कहा है कि छोटा हमला भी बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और इसके जवाब में ईरान कड़ी कार्रवाई करेगा। ईरान का यह बयान राष्ट्रपति ट्रंप के उस बयान के बाद आया है, जिसमें उन्होंने ईरान पर सीमित हमले पर विचार करने की बात कही थी।

ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बाकाई ने तेहरान में पत्रकारों से बातचीत में कहा कि सीमित हमले से जुड़े आपके सवाल के बारे में मुझे लगता है कि ऐसा कोई सीमित हमला नहीं होता। आक्रामकता का कार्य आक्रामकता का कार्य ही रहता है। बस इतना ही। हर राज्य अपने आत्मरक्षा के अधिकार के तहत आक्रामकता पर उग्र प्रतिक्रिया देगा, इसलिए हम भी वैसा ही करेंगे।

दरअसल, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शुक्रवार को कहा था कि अगर तेहरान अमेरिका के साथ समझौता नहीं करता, तो वे सीमित हमले पर विचार कर रहे हैं। एक पत्रकार के सवाल के जवाब में उन्होंने कहा था कि मुझे लगता है कि मैं इस पर विचार कर रहा हूं।

दूसरी ओर, ओमान के विदेश मंत्री बद्र अल-बुसैदी ने कहा है कि अमेरिका और ईरान के बीच वार्ता का अगला दौर गुरुवार को जिनेवा में होगा। बद्र अल-बुसैदी ने रविवार को सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए कहा कि उन्हें इसकी पुष्टि करते हुए खुशी हो रही है कि समझौते को अंतिम रूप देने के लिए अतिरिक्त प्रयास की दिशा में सकारात्मक कदम उठाए गए हैं। ओमान ने पहले भी जिनेवा में हुई वार्ता की मेजबानी की थी और पिछले सप्ताह के नवीनतम दौर में मदद की थी।

इससे पहले, ईरान के विदेश मंत्री सैयद अब्बास अराघची और अंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी (IAEA) के महानिदेशक राफेल ग्रॉसी ने स्थायी परमाणु समझौते तक पहुंचने के लिए सार्थक सहभागिता और बातचीत पर जोर दिया है। ईरान की आधिकारिक समाचार एजेंसी आईआरएनए की रिपोर्ट के अनुसार, रविवार को इस सप्ताह की दूसरी फोन कॉल में दोनों पक्षों ने ईरान-अमेरिका के बीच अप्रत्यक्ष परमाणु वार्ता के हालिया घटनाक्रमों पर चर्चा की।

आईआरएनए के अनुसार, बुधवार को हुई पिछली फोन कॉल में अराघची और ग्रॉसी ने जिनेवा में ईरान-अमेरिका अप्रत्यक्ष वार्ता के परिणामों की समीक्षा की और बातचीत के ढांचे का मसौदा तैयार करने तथा कार्यप्रणाली विकसित करने पर चर्चा की। अराघची ने भविष्य की बातचीत को आगे बढ़ाने के लिए प्रारंभिक और सुसंगत ढांचा विकसित करने पर ईरान के फोकस की बात कही। ग्रॉसी ने जिनेवा वार्ता को सकारात्मक बताया और वार्ता का ढांचा तैयार करने तथा इस प्रक्रिया का समर्थन करने के लिए आईएईए की सहयोग की तैयारी जताई।

Devendra Kasyap

लेखक के बारे में

Devendra Kasyap

देवेन्द्र कश्यप पिछले 13 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। अगस्त 2025 से वह लाइव हिन्दुस्तान (हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप) में चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर के पद पर कार्यरत हैं। संस्थान की होम टीम का वह एक अहम हिस्सा हैं। राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों पर उनकी पैनी नजर रहती है। वायरल कंटेंट के साथ-साथ लीक से हटकर और प्रभावशाली खबरों में उनकी विशेष रुचि है।

देवेन्द्र ने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत वर्ष 2013 में महुआ न्यूज से की। करियर के शुरुआती दौर में उन्होंने बिहार की राजधानी पटना में रिपोर्टिंग की। इस दौरान राजनीति के साथ-साथ क्राइम और शिक्षा बीट पर भी काम किया। इसके बाद उन्होंने जी न्यूज (बिहार-झारखंड) में अपनी सेवाएं दीं। वर्ष 2015 में ईनाडु इंडिया के साथ डिजिटल मीडिया में कदम रखा। इसके बाद राजस्थान पत्रिका, ईटीवी भारत और नवभारत टाइम्स ऑनलाइन जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में कार्य किया।

मूल रूप से बिहार के भोजपुरी बेल्ट रोहतास जिले के रहने वाले देवेन्द्र कश्यप ने अपनी प्रारंभिक और उच्च शिक्षा पटना से प्राप्त की। उन्होंने पटना विश्वविद्यालय से राजनीति विज्ञान में स्नातक की डिग्री हासिल की और MCU भोपाल से पत्रकारिता में डिप्लोमा किया। वर्तमान में वह उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में प्रवास कर रहे हैं।

और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।