अमेरिकी बमबारी और धमकियों के बीच ईरान का तेल खेल जारी, खार्ग द्वीप से रोज भर रहे टैंकर
अमेरिकी सेना की बमबारी और राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की तख्तापलट व कब्जे की खुली धमकियों के बावजूद ईरान के प्रमुख तेल निर्यात केंद्र खार्ग द्वीप से कच्चे तेल का निर्यात पूरी तरह से जारी है। हाल के हफ्तों में द्वीप से सुपरटैंकरों की लोडिंग में कोई खास कमी नहीं आई है।
अमेरिकी सेना की बमबारी और राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की तख्तापलट व कब्जे की खुली धमकियों के बावजूद ईरान के प्रमुख तेल निर्यात केंद्र खार्ग द्वीप से कच्चे तेल का निर्यात पूरी तरह से जारी है। हाल के हफ्तों में द्वीप से सुपरटैंकरों की लोडिंग में कोई खास कमी नहीं आई है। एनडीटीवी की रिपोर्ट के अनुसार, 28 फरवरी को अमेरिका और इजरायल द्वारा ईरान पर हवाई हमले शुरू होने के बाद भी खार्ग द्वीप पर औसतन प्रतिदिन तीन बड़े तेल टैंकर कच्चा तेल लोड कर रहे हैं।
यूरोपीय अंतरिक्ष एजेंसी के सेंटिनल उपग्रहों द्वारा ली गई ऑप्टिकल और सिंथेटिक एपर्चर रडार (SAR) छवियों के विश्लेषण से पता चलता है कि 1 मार्च के बाद से केवल कुछ ही दिन ऐसे रहे जब खार्ग द्वीप पर दो या उससे कम सुपरटैंकर तेल लोड करते देखे गए। उपलब्ध सार्वजनिक उपग्रह तस्वीरों में सिर्फ 3 मार्च को ही टर्मिनलों पर कोई जहाज लंगर डाले नहीं दिखा।
रिपोर्ट के अनुसार, खार्ग पर देखे गए अधिकांश टैंकर वेरी लार्ज क्रूड कैरियर (VLCC) यानी सुपरटैंकर थे, जो लगभग 20 लाख बैरल (31.8 करोड़ लीटर) कच्चा तेल ले जाने की क्षमता रखते हैं। इन जहाजों को पूरी तरह भरने में आमतौर पर दो दिन का समय लगता है। समुद्री विश्लेषकों के मुताबिक, इनमें से कई जहाज अमेरिकी प्रतिबंधों के दायरे में हैं और तथाकथित 'डार्क फ्लीट' का हिस्सा माने जाते हैं। खार्ग से करीब 300 किलोमीटर दूर स्थित असलुयेह तेल और गैस टर्मिनल से भी तेल निर्यात जारी है।
बता दें कि अमेरिकी सेना ने 13 मार्च को द्वीप पर नौसैनिक खदान भंडारण सुविधाओं, मिसाइल बंकरों और रक्षा बुनियादी ढांचे समेत 90 से अधिक सैन्य ठिकानों पर बड़े पैमाने पर सटीक हवाई हमले किए थे। इसके कुछ दिनों बाद इजरायल ने ईरान के साउथ पार्स गैस क्षेत्र पर भी बमबारी की। राष्ट्रपति ट्रंप ने बार-बार खार्ग द्वीप को अपने कब्जे में लेने या इसे पूरी तरह नष्ट करने की धमकी दी है।
लेखक के बारे में
Devendra Kasyapदेवेन्द्र कश्यप पिछले 13 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। अगस्त 2025 से वह लाइव हिन्दुस्तान (हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप) में चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर के पद पर कार्यरत हैं। संस्थान की होम टीम का वह एक अहम हिस्सा हैं। राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों पर उनकी पैनी नजर रहती है। वायरल कंटेंट के साथ-साथ लीक से हटकर और प्रभावशाली खबरों में उनकी विशेष रुचि है।
देवेन्द्र ने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत वर्ष 2013 में महुआ न्यूज से की। करियर के शुरुआती दौर में उन्होंने बिहार की राजधानी पटना में रिपोर्टिंग की। इस दौरान राजनीति के साथ-साथ क्राइम और शिक्षा बीट पर भी काम किया। इसके बाद उन्होंने जी न्यूज (बिहार-झारखंड) में अपनी सेवाएं दीं। वर्ष 2015 में ईनाडु इंडिया के साथ डिजिटल मीडिया में कदम रखा। इसके बाद राजस्थान पत्रिका, ईटीवी भारत और नवभारत टाइम्स ऑनलाइन जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में कार्य किया।
मूल रूप से बिहार के भोजपुरी बेल्ट रोहतास जिले के रहने वाले देवेन्द्र कश्यप ने अपनी प्रारंभिक और उच्च शिक्षा पटना से प्राप्त की। उन्होंने पटना विश्वविद्यालय से राजनीति विज्ञान में स्नातक की डिग्री हासिल की और MCU भोपाल से पत्रकारिता में डिप्लोमा किया। वर्तमान में वह उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में प्रवास कर रहे हैं।
और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


