खेबर, इमाद और गद्र मिसाइलों की बरसात, ईरान का इजरायल पर बड़ा हमला
मध्य पूर्व में जारी संघर्ष के दूसरे सप्ताह में तनाव चरम पर पहुंच गया है। ईरान की इस्लामिक रिवॉल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स ने इजरायल और अमेरिकी ठिकानों पर बैलिस्टिक मिसाइल हमले तेज कर दिए हैं।
मध्य पूर्व में जारी संघर्ष के दूसरे सप्ताह में तनाव चरम पर पहुंच गया है। ईरान की इस्लामिक रिवॉल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) ने इजरायल और अमेरिकी ठिकानों पर बैलिस्टिक मिसाइल हमले तेज कर दिए हैं। आईआरजीसी द्वारा जारी नए वीडियो फुटेज में दावा किया गया है कि 'ऑपरेशन ट्रू प्रॉमिस 4' की 28वीं लहर के तहत खैबर शेकान, इमाद और गद्र मिसाइलों से हमले किए गए। ये हमले ईरान की उस रणनीति की हिस्सा है, जिसमें सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई की हत्या का बदला लेने के लिए अमेरिकी-इजरायली संयुक्त अभियान 'ऑपरेशन एपिक फ्यूरी' के जवाब में लगातार हमले जारी रखे जा रहे हैं।
दरअसल, 28 फरवरी 2026 को खामेनेई की हत्या ने क्षेत्र में नई उथल-पुथल मचा दी, जिससे तेल कंपनियों में चिंता बढ़ गई और वैश्विक ऊर्जा बाजार अस्थिर हो गया। खाड़ी क्षेत्र के आकाश में अभूतपूर्व मिसाइल हमलों की बौछार ने स्थिति को और गंभीर बना दिया है। रिपोर्ट के अनुसार, आज ईरान के बैंक टू बैक हमलों के कारण इजरायल और कतर में हवाई हमले के सायरन बज उठे। अमेरिकी और इजरायली सेनाओं ने भी ईरान पर जवाबी बमबारी जारी रखी, जिससे तेहरान के तेल डिपो पर हमलों के बाद शहर का आसमान घने काले धुएं से ढक गया।
ईरान के पास प्रमुख बैलिस्टिक मिसाइलें
रिपोर्ट के अनुसार, ईरान के पास विविध बैलिस्टिक मिसाइलों का विशाल भंडार है, जो उसे अमेरिका और इजरायल की संयुक्त ताकत के सामने टिके रहने में सक्षम बनाता है। अमेरिकी राष्ट्रीय खुफिया निदेशक कार्यालय के अनुसार, मध्य पूर्व में ईरान का मिसाइल भंडार सबसे बड़ा है। इनमें लंबी दूरी की कई मिसाइलें शामिल हैं, जो इजरायल तक आसानी से पहुंच सकती हैं।
- सेजिल: 2,000 किमी मारक क्षमता
- इमाद: 1,700-1,800 किमी
- गद्र: 2,000 किमी
- शाहब-3: 1,300 किमी
- खोर्रमशहर: 2,000-3,000 किमी
- खैबर शेकान: 1,450 किमी
होवेजेह/हाज कासिम: 1,350-1,400 किमी
पिछले साल ईरानी मीडिया द्वारा जारी ग्राफिक्स के अनुसार, सेजिल 17000 किमी/घंटा से अधिक की गति से उड़ान भर सकती है। ये ठोस ईंधन वाली मिसाइलें तेज लॉन्च और बेहतर सटीकता प्रदान करती हैं।
पड़ोसी देशों पर भी ईरानी हमले
इजरायल के अलावा ईरान ने उन पड़ोसी देशों पर भी हमले तेज किए हैं, जहां अमेरिकी ठिकाने मौजूद हैं। शनिवार सुबह से संयुक्त अरब अमीरात (UAE), बहरीन, कतर, कुवैत और सऊदी अरब में हमलों की रिपोर्टें आई हैं। खाड़ी देशों की रिपोर्टों के अनुसार, कुवैती वायु रक्षा ने पिछले 24 घंटों में कम से कम तीन बैलिस्टिक मिसाइलों को रोक लिया। सऊदी अरब की सेना ने एक भारतीय सहित कम से कम दो लोगों की मौत और 12 घायलों की सूचना दी है।
ईरानी राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियन ने पहले खाड़ी पड़ोसियों के प्रति सुलह का संकेत दिया था, लेकिन अब वे पीछे हटते दिख रहे हैं। पड़ोसियों पर हमलों के लिए माफी मांगने के एक दिन बाद उन्होंने सख्त बयान देते हुए कहा कि तेहरान किसी भी हमले को बिना जवाब दिए नहीं छोड़ेगा, चाहे वह पड़ोसी देशों से ही क्यों न हो।
लेखक के बारे में
Devendra Kasyapदेवेन्द्र कश्यप पिछले 13 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। अगस्त 2025 से वह लाइव हिन्दुस्तान (हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप) में चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर के पद पर कार्यरत हैं। संस्थान की होम टीम का वह एक अहम हिस्सा हैं। राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों पर उनकी पैनी नजर रहती है। वायरल कंटेंट के साथ-साथ लीक से हटकर और प्रभावशाली खबरों में उनकी विशेष रुचि है।
देवेन्द्र ने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत वर्ष 2013 में महुआ न्यूज से की। करियर के शुरुआती दौर में उन्होंने बिहार की राजधानी पटना में रिपोर्टिंग की। इस दौरान राजनीति के साथ-साथ क्राइम और शिक्षा बीट पर भी काम किया। इसके बाद उन्होंने जी न्यूज (बिहार-झारखंड) में अपनी सेवाएं दीं। वर्ष 2015 में ईनाडु इंडिया के साथ डिजिटल मीडिया में कदम रखा। इसके बाद राजस्थान पत्रिका, ईटीवी भारत और नवभारत टाइम्स ऑनलाइन जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में कार्य किया।
मूल रूप से बिहार के भोजपुरी बेल्ट रोहतास जिले के रहने वाले देवेन्द्र कश्यप ने अपनी प्रारंभिक और उच्च शिक्षा पटना से प्राप्त की। उन्होंने पटना विश्वविद्यालय से राजनीति विज्ञान में स्नातक की डिग्री हासिल की और MCU भोपाल से पत्रकारिता में डिप्लोमा किया। वर्तमान में वह उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में प्रवास कर रहे हैं।
और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


