युद्ध के नियम बदल चुके हैं, देर होने से पहले समझ जाओ; ईरान की अमेरिका को सीधी चेतावनी

लाइव हिन्दुस्तान, तेहरान
Follow us on Google News
share

ईरान ने रविवार को अमेरिका को चेतावनी देते हुए कहा कि वाशिंगटन को यह समझ लेना चाहिए कि तेहरान के खिलाफ युद्ध के नियम अब बदल चुके हैं, और यह समझ बहुत देर होने से पहले आ जानी चाहिए।

iran warns America
ईरान ने अमेरिका को दी चेतावनी

खाड़ी में टैंकरों पर हमले के बाद ईरान ने रविवार को अमेरिका को चेतावनी दी कि तेहरान के खिलाफ युद्ध के नियम अब बदल चुके हैं। ईरान ने कहा कि वाशिंगटन को यह बात 'बहुत देर होने से पहले' समझ लेनी चाहिए, अन्यथा जवाब और भी दर्दनाक होगा। न्यूज एजेंसी रॉयटर्स के अनुसार, यह चेतावनी खाड़ी में कई ईरानी टैंकरों पर कथित अमेरिकी हमले के एक दिन बाद आई। ईरानी संसद के अध्यक्ष मोहम्मद बाघेर गालिबाफ ने अपने टेलीग्राम चैनल पर कहा कि अब से ईरान के हितों और सुरक्षा के खिलाफ किसी भी हमले का कड़ा जवाब दिया जाएगा।

दरअसल, ईरानी सरकारी मीडिया ने रविवार को दावा किया कि एक अमेरिकी पोत होर्मुज स्ट्रेट के प्रतिबंधित क्षेत्र में घुसने की कोशिश कर रहा था और उस पर हमला हुआ। न्यूज एजेंसी एसोसिएटेड प्रेस के अनुसार यह दावा किया गया, लेकिन मध्य पूर्व में अमेरिकी सैन्य अभियानों की देखरेख करने वाली सेंट्रल कमांड (सेंटकॉम) ने इसकी पुष्टि नहीं की और न ही कोई टिप्पणी की। ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट के अनुसार, ईरान ने यह भी कहा कि उसने होर्मुज से अनधिकृत मार्ग का उपयोग कर रहे तीन तेल टैंकरों के साथ-साथ अमेरिका से जुड़े कई जहाजों को निशाना बनाया है।

अमेरिकी ने दी धमकी

इन हमलों के बाद सेंटकॉम ने आईआरजीसी को और आर्थिक नुकसान की चेतावनी दी थी। सेंटकॉम कमांडर एडमिरल ब्रैड कूपर ने कहा कि हम अमेरिकी सेनाओं की रक्षा करने में जरा भी संकोच नहीं करेंगे और यदि आवश्यक हुआ तो ईरान के सीमित और असुरक्षित तेल बेड़े को नष्ट कर देंगे। यह घटना अमेरिकी सेंटकॉम के उस बयान के एक दिन बाद हुई, जिसमें कहा गया था कि इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कोर (IRGC) ने क्षेत्रीय जल में गश्त कर रहे दो अमेरिकी नौसेना युद्धपोतों पर मिसाइल हमले किए। सेंटकॉम के मुताबिक लक्षित युद्धपोतों ने इन हमलों को सफलतापूर्वक विफल कर दिया। अमेरिकी पक्ष ने इन हमलों को 'बिना किसी उकसावे के' बताया और कहा कि कोई अमेरिकी कर्मी घायल नहीं हुआ।

बता दें कि यह संघर्ष 28 फरवरी को अमेरिका और इजरायल द्वारा ईरान पर किए गए हमलों के साथ शुरू हुआ था। इसके बाद वाशिंगटन और तेहरान के बीच युद्धविराम हुआ, लेकिन होर्मुज स्ट्रेट सहित कई विवादित मुद्दों पर समझौता जल्द टूट गया। जलमार्ग में जहाजों को लेकर दोनों पक्षों की ओर से रुक-रुक कर गोलीबारी जारी रही। अमेरिका ने ऑपरेशन 'इकोनॉमिक आउटकास्ट' भी शुरू किया, जिसके तहत ट्रंप प्रशासन ईरानी अर्थव्यवस्था की महत्वपूर्ण वित्तीय जीवन रेखाओं को काटने की कोशिश कर रहा है। जिस कारण दोनों देशों के बीच तनाव बढ़ गया है।

Devendra Kasyap

लेखक के बारे में

Devendra Kasyap

देवेन्द्र कश्यप पिछले 13 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। अगस्त 2025 से वह लाइव हिन्दुस्तान (हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप) में चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर के पद पर कार्यरत हैं। संस्थान की होम टीम का वह एक अहम हिस्सा हैं। राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों पर उनकी पैनी नजर रहती है। वायरल कंटेंट के साथ-साथ लीक से हटकर और प्रभावशाली खबरों में उनकी विशेष रुचि है।

देवेन्द्र ने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत वर्ष 2013 में महुआ न्यूज से की। करियर के शुरुआती दौर में उन्होंने बिहार की राजधानी पटना में रिपोर्टिंग की। इस दौरान राजनीति के साथ-साथ क्राइम और शिक्षा बीट पर भी काम किया। इसके बाद उन्होंने जी न्यूज (बिहार-झारखंड) में अपनी सेवाएं दीं। वर्ष 2015 में ईनाडु इंडिया के साथ डिजिटल मीडिया में कदम रखा। इसके बाद राजस्थान पत्रिका, ईटीवी भारत और नवभारत टाइम्स ऑनलाइन जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में कार्य किया।

मूल रूप से बिहार के भोजपुरी बेल्ट रोहतास जिले के रहने वाले देवेन्द्र कश्यप ने अपनी प्रारंभिक और उच्च शिक्षा पटना से प्राप्त की। उन्होंने पटना विश्वविद्यालय से राजनीति विज्ञान में स्नातक की डिग्री हासिल की और MCU भोपाल से पत्रकारिता में डिप्लोमा किया। वर्तमान में वह उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में प्रवास कर रहे हैं।

और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

Hindi Newsमिडिल ईस्ट न्यूज़युद्ध के नियम बदल चुके हैं, देर होने से पहले समझ जाओ; ईरान की US को चेतावनी