
हमास ने गाजा में बंधकों के शवों की तलाश का दायरा बढ़ाया, मिस्र भी अभियान में शामिल
हमास ने गाजा पट्टी में इजरायली बंधकों के शवों की तलाश का दायरा रविवार को बढ़ा दिया। इससे एक दिन पहले मिस्र ने शवों को निकालने में मदद के लिए विशेषज्ञों की एक टीम और भारी उपकरण तैनात किए थे।
हमास ने गाजा पट्टी में इजरायली बंधकों के शवों की तलाश का दायरा रविवार को बढ़ा दिया। इससे एक दिन पहले मिस्र ने शवों को निकालने में मदद के लिए विशेषज्ञों की एक टीम और भारी उपकरण तैनात किए थे। अमेरिका की मध्यस्थता में 10 अक्टूबर को हुए युद्ध-विराम समझौते के तहत उम्मीद की जा रही है हमास जल्द से जल्द सभी इजरायली बंधकों के शव लौटा देगा। इजरायल ने प्रत्येक बंधक के बदले 15 फिलिस्तीनियों के शव लौटाने पर सहमति जताई है।

इस तरह चल रहा अभियान
इजरायल अब तक 195 फिलिस्तीनियों के शव वापस भेज चुका है, जबकि हमास ने 18 बंधकों के शव लौटा दिए हैं। हालांकि, पिछले पांच दिनों में उसने एक भी शव नहीं लौटाया है। मिस्र के दो अधिकारियों ने नाम न जाहिर करने की शर्त पर बताया कि भारी उपकरण, उत्खनन मशीन और बुलडोजर के साथ मिस्र की एक टीम बंधकों के शवों की तलाश में मदद के लिए शनिवार को गाजा पहुंची। गाजा में हमास के प्रमुख खलील अल-हय्या ने कहा कि फलस्तीनी समूह ने नए इलाकों में उन 13 बंधकों के शवों की तलाश शुरू कर दी है, जो एन्क्लेव में फंसे रह गए थे।
डोनाल्ड ट्रंप ने क्या कहा
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शनिवार को कहा कि वह यह सुनिश्चित करने के लिए बहुत बारीकी से नजर रख रहे हैं कि हमास अगले 48 घंटों के भीतर और शव लौटा दे। उन्होंने ‘ट्रुथ सोशल’ पर लिखा कि कुछ शवों तक पहुंचना मुश्किल है, लेकिन जिन शवों तक उनकी पहुंच संभव है, उन्हें किसी कारण से वे लौटा नहीं रहे हैं।
अल-हय्या हमास का शीर्ष वार्ताकार भी है। उसने पिछले हफ्ते मिस्र के एक मीडिया संगठन को बताया था कि शवों को निकालने में चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है, क्योंकि भारी तबाही के कारण वे जमीन के काफी नीचे दफन हो गए हैं।

लेखक के बारे में
Deepakलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




