हमास के कम्युनिकेशन कमांडर को मार दिया; मिडिल ईस्ट तनाव के बीच इजरायल का दावा
मिडिल ईस्ट में जारी तनाव के बीच इजरायली रक्षा बल (IDF) ने गाजा शहर में हमास की सैन्य क्षमता को और कमजोर करने का दावा किया है। IDF ने हमास की सक्रिय संचार इकाई के कमांडर अहमद अबू खदेरा को मार गिराने का दावा किया है।
मिडिल ईस्ट में जारी तनाव के बीच इजरायली रक्षा बल (IDF) ने गाजा शहर में हमास की सैन्य क्षमता को और कमजोर करने का दावा किया है। IDF ने हमास की सक्रिय संचार इकाई के कमांडर अहमद अबू खदेरा को मार गिराने का दावा किया है। सेना ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जारी एक पोस्ट में बताया कि अबू खदेरा IDF सैनिकों के खिलाफ आसन्न आतंकवादी हमले की योजनाओं में शामिल था और इजरायली बलों के लिए प्रत्यक्ष खतरा बना हुआ था। IDF ने कहा कि इस लक्षित हमले के साथ ही उसी क्षेत्र में अन्य महत्वपूर्ण लक्ष्यों को भी निशाना बनाया गया।
इस अभियान के दौरान IDF की सुरक्षा बलों ने गाजा शहर क्षेत्र में छापा मारा और दो अन्य प्रमुख हमास सदस्यों को भी मार गिराया। मारे गए दोनों व्यक्तियों की पहचान इस्लाम हिशाम रियाद कनिता और महमूद हामेद यूसुफ हमदौना के रूप में हुई है। सेना के अनुसार, दोनों युद्धविराम के दौरान भी हमास की सैन्य क्षमताओं के पुनर्निर्माण और मजबूती के प्रयासों में सक्रिय रूप से लगे हुए थे। IDF ने इन कार्रवाइयों को हमास की कमान व्यवस्था और तकनीकी पुनर्प्राप्ति प्रयासों को निशाना बनाने की अपनी रणनीति का हिस्सा बताया है।
इसके अलावा, द टाइम्स ऑफ इजरायल की रिपोर्ट के मुताबिक, बुधवार को मध्य गाजा पट्टी में IDF ने हमास के सशस्त्र सदस्यों से भरे एक पिकअप ट्रक को भी नष्ट कर दिया। सेना ने दावा किया कि वाहन में सवार आतंकवादी क्षेत्र में तैनात इजरायली सैनिकों के खिलाफ तत्काल हमले की योजना बना रहे थे। खतरे की पहचान होते ही सैनिकों ने कार्रवाई कर सशस्त्र आतंकवादियों को निष्क्रिय कर दिया। द टाइम्स ऑफ इजरायल ने आगे बताया कि ये घटनाएं फिलिस्तीनी मीडिया की उन रिपोर्टों से मेल खाती हैं, जिनमें बुधवार को गाजा शहर में हमास द्वारा संचालित पुलिस वाहन पर हमले के बाद चार लोगों के मारे जाने की खबर दी गई थी।
इजरायली पुलिस ने लगभग 70 फलस्तीनी पुरुषों को कचरा ढोने वाले एक ट्रक के अंदर छिपा हुआ पाया। ये लोग कथित तौर पर काम की तलाश में वेस्ट बैंक से इजरायल में घुसने की कोशिश कर रहे थे। इजरायली पुलिस द्वारा जारी वीडियो में दिख रहा है कि सोमवार देर रात जब ट्रक का पिछला हिस्सा खोला गया तो उसमें कचरे वाले हिस्से में पुरुष ठूंस-ठूंस कर भरे हुए थे। वीडियो में पुलिसकर्मी ट्रक को घेरते हुए दिखायी दे रहे हैं, जिनमें से कुछ ने हथियार ताने हुए थे।
ट्रक के अंदर मौजूद कुछ लोगों ने बाहर निकाले जाने के दौरान हाथ ऊपर उठा लिए और उन्हें एक-एक कर बाहर निकाला गया। इजरायल के रक्षा मंत्रालय ने कहा कि ये लोग मध्य इजराइल में घुसपैठ करने की कोशिश कर रहे थे और उन्हें वेस्ट बैंक की एक जांच चौकी पर रोका गया। स्थानीय पुलिस कमांडर इताल अल्मोग ने बताया कि ये लोग इजराइल के विभिन्न शहरों की ओर जा रहे थे और उन्हें पूछताछ के लिए ले जाया गया है। ट्रक चालक, जो एक इजरायली नागरिक है, वैध लाइसेंस के बिना वाहन चला रहा था और उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
लेखक के बारे में
Devendra Kasyapदेवेन्द्र कश्यप पिछले 13 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। अगस्त 2025 से वह लाइव हिन्दुस्तान (हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप) में चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर के पद पर कार्यरत हैं। संस्थान की होम टीम का वह एक अहम हिस्सा हैं। राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों पर उनकी पैनी नजर रहती है। वायरल कंटेंट के साथ-साथ लीक से हटकर और प्रभावशाली खबरों में उनकी विशेष रुचि है।
देवेन्द्र ने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत वर्ष 2013 में महुआ न्यूज से की। करियर के शुरुआती दौर में उन्होंने बिहार की राजधानी पटना में रिपोर्टिंग की। इस दौरान राजनीति के साथ-साथ क्राइम और शिक्षा बीट पर भी काम किया। इसके बाद उन्होंने जी न्यूज (बिहार-झारखंड) में अपनी सेवाएं दीं। वर्ष 2015 में ईनाडु इंडिया के साथ डिजिटल मीडिया में कदम रखा। इसके बाद राजस्थान पत्रिका, ईटीवी भारत और नवभारत टाइम्स ऑनलाइन जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में कार्य किया।
मूल रूप से बिहार के भोजपुरी बेल्ट रोहतास जिले के रहने वाले देवेन्द्र कश्यप ने अपनी प्रारंभिक और उच्च शिक्षा पटना से प्राप्त की। उन्होंने पटना विश्वविद्यालय से राजनीति विज्ञान में स्नातक की डिग्री हासिल की और MCU भोपाल से पत्रकारिता में डिप्लोमा किया। वर्तमान में वह उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में प्रवास कर रहे हैं।
और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


