नहीं रहीं 'तेहरान' की मशहूर निर्माता डाना ईडन, एथेंस के होटल में मिलीं मृत; इंडस्ट्री में शोक की लहर

Feb 16, 2026 08:08 pm ISTDevendra Kasyap लाइव हिन्दुस्तान
share

मशहूर ड्रामा सीरीज तेहरान की सह-निर्माता और क्रिएटर डाना ईडन का 52 वर्ष की आयु में निधन हो गया है। उनके निधन से इज़राइल की टीवी इंडस्ट्री में शोक की लहर दौड़ गई है। रिपोर्ट्स के अनुसार, ग्रीस की राजधानी एथेंस के एक होटल में 52 वर्षीय डाना ईडन मृत अवस्था में पाई गईं।

नहीं रहीं 'तेहरान' की मशहूर निर्माता डाना ईडन, एथेंस के होटल में मिलीं मृत; इंडस्ट्री में शोक की लहर

मशहूर ड्रामा सीरीज 'तेहरान' की सह-निर्माता डाना ईडन का 52 वर्ष की आयु में निधन हो गया है। उनके निधन से इजरायल की टीवी इंडस्ट्री में शोक की लहर दौड़ गई है। रिपोर्ट्स के अनुसार, ग्रीस की राजधानी एथेंस के एक होटल में 52 वर्षीय डाना ईडन मृत अवस्था में पाई गईं। ग्रीक पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि शुरुआती संकेतों से लगता है कि उन्होंने आत्महत्या की है और इसमें किसी अपराध या साजिश का कोई संदेह नहीं है। यह जानकारी उन्होंने नाम न छापने की शर्त पर दी गई।

केएएन ने एक बयान जारी कर कहा कि डाना ईडन इज़राइल के टेलीविजन उद्योग की प्रमुख हस्तियों में से एक थीं। उन्होंने निगम के कई सबसे महत्वपूर्ण और प्रभावशाली कार्यक्रमों के निर्माण और नेतृत्व में केंद्रीय भूमिका निभाई। उनके पेशेवर कार्य, अटूट समर्पण और सृजनात्मकता के प्रति प्रेम ने इजरायली पब्लिक ब्रॉडकास्टिंग कॉर्पोरेशन पर गहरी छाप छोड़ी है। केएएन उनके परिवार, मित्रों और सहकर्मियों के गहन दुख में उनके साथ खड़ा है।

ईडन की प्रोडक्शन कंपनी 'डोना एंड शुला प्रोडक्शंस' ने फेसबुक पेज पर बयान जारी कर निर्माता की मौत से जुड़ी हत्या की अफवाहों को सिरे से खारिज किया। कंपनी ने कहा कि प्रोडक्शन कंपनी स्पष्ट करना चाहती है कि आपराधिक या राष्ट्रीय मकसद से मौत की अफवाहें पूरी तरह झूठी और बेबुनियाद हैं। कंपनी ने आगे कहा कि यह परिवार, दोस्तों और सहकर्मियों के लिए बेहद दुखद क्षण है। हम अनुरोध करते हैं कि डाना की गरिमा और उनके प्रियजनों की निजता का सम्मान किया जाए।

इजरायल के संस्कृति और खेल मंत्री मिकी जोहर ने सोशल मीडिया पर पोस्ट में कहा कि डाना ईडन की मौत की खबर सुनकर उन्हें 'बहुत दुख' हुआ है। उन्होंने उन्हें इजरायली टेलीविजन उद्योग की सबसे प्रमुख और प्रभावशाली निर्माताओं में से एक बताया। जोहर ने कहा कि डाना ने इज़रायली रचना पर गहरी छाप छोड़ी और गर्व, प्रतिभा तथा साहस के साथ हमारी कहानियों को अंतरराष्ट्रीय मंचों तक पहुंचाया।

बता दें कि 'तेहरान' का प्रीमियर 2020 में इजरायल और एप्पल टीवी+ पर हुआ था। यह सीरीज तामार राबिन्यान नामक मोसाद की युवा एजेंट की कहानी है, जिसे ईरान के परमाणु रिएक्टर को हैक करके निष्क्रिय करने का मिशन सौंपा जाता है, ताकि इजरायली सेना हवाई हमला कर सके। इस शो को नवंबर 2021 में 49वें अंतरराष्ट्रीय एमी अवॉर्ड्स में सर्वश्रेष्ठ ड्रामा सीरीज का पुरस्कार मिला था।

गौरतलब है कि ईडन ने 1990 के दशक में इजरायल में टीवी प्रोडक्शन में काम शुरू किया था, जिसमें कॉमेडी शो 'योम हेम' और क्राइम ड्रामा 'मैगपाई' जैसे कार्यक्रम शामिल थे। बाद में 'तेहरान' के साथ उन्हें अंतरराष्ट्रीय सफलता मिली। 2018 में उनके शो 'सेविंग द वाइल्डलाइफ' ने इजरायली टेलीविजन अकादमी अवॉर्ड्स में बच्चों और युवाओं के लिए सर्वश्रेष्ठ टीवी पत्रिका का पुरस्कार जीता था।

Devendra Kasyap

लेखक के बारे में

Devendra Kasyap

देवेन्द्र कश्यप पिछले 13 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। अगस्त 2025 से वह लाइव हिन्दुस्तान (हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप) में चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर के पद पर कार्यरत हैं। संस्थान की होम टीम का वह एक अहम हिस्सा हैं। राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों पर उनकी पैनी नजर रहती है। वायरल कंटेंट के साथ-साथ लीक से हटकर और प्रभावशाली खबरों में उनकी विशेष रुचि है।

देवेन्द्र ने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत वर्ष 2013 में महुआ न्यूज से की। करियर के शुरुआती दौर में उन्होंने बिहार की राजधानी पटना में रिपोर्टिंग की। इस दौरान राजनीति के साथ-साथ क्राइम और शिक्षा बीट पर भी काम किया। इसके बाद उन्होंने जी न्यूज (बिहार-झारखंड) में अपनी सेवाएं दीं। वर्ष 2015 में ईनाडु इंडिया के साथ डिजिटल मीडिया में कदम रखा। इसके बाद राजस्थान पत्रिका, ईटीवी भारत और नवभारत टाइम्स ऑनलाइन जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में कार्य किया।

मूल रूप से बिहार के भोजपुरी बेल्ट रोहतास जिले के रहने वाले देवेन्द्र कश्यप ने अपनी प्रारंभिक और उच्च शिक्षा पटना से प्राप्त की। उन्होंने पटना विश्वविद्यालय से राजनीति विज्ञान में स्नातक की डिग्री हासिल की और MCU भोपाल से पत्रकारिता में डिप्लोमा किया। वर्तमान में वह उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में प्रवास कर रहे हैं।

और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।