युद्ध के बीच चुनावी रण: इजरायल में वोटिंग की तारीख तय, नेतन्याहू की किस्मत का होगा फैसला
इजरायली मीडिया के अनुसार, प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू की सरकार का चार वर्षीय कार्यकाल पूरा होने पर 27 अक्टूबर को देश में आम चुनाव आयोजित किए जाएंगे।

मिडिल ईस्ट में जारी तनाव और युद्ध के बीच इजरायल में चुनाव होंगे। इजरायली मीडिया ने रविवार को खबर दी कि प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू की सरकार का चार वर्ष का कार्यकाल पूरा होने पर 27 अक्टूबर को देश में आम चुनाव होंगे। टाइम्स ऑफ इजरायल की रिपोर्ट के अनुसार, सत्तारूढ़ लिकुड पार्टी के वरिष्ठ नेता ओफिर काट्ज़ ने घोषणा की कि कानून के अनुसार निर्धारित तारीख पर ही अगला चुनाव होगा। मौजूदा नेसेट 17 जुलाई को अपना चार वर्ष का कार्यकाल पूरा कर रहा है।
बता दें कि यह चुनाव इसलिए खास महत्व रखता है क्योंकि 1988 के बाद पहली बार इजरायल में चुनाव तय समय पर ही हो रहे हैं। साथ ही, नेतन्याहू के नेतृत्व वाली यह सरकार 50 वर्षों में पूरे चार वर्ष का कार्यकाल पूरा करने वाली पहली सरकार बन जाएगी। गठबंधन दलों की मांग पर ही चुनाव निर्धारित तिथि पर कराने का फैसला लिया गया है। बताया जा रहा है कि नेसेट 17 जुलाई से चुनावी ब्रेक में चला जाएगा। इजरायली मीडिया के मुताबिक, चुनाव के लिए उम्मीदवारों की सूची 7 सितंबर को बंद हो जाएगी।
सबसे कठिन चुनाव लड़ेंगे नेतन्याहू
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि बेंजामिन नेतन्याहू अपने चार दशक लंबे राजनीतिक करियर में सबसे चुनौतीपूर्ण चुनावी लड़ाई का सामना करेंगे। मतदाता 7 अक्टूबर 2023 के सुरक्षा फ्लॉप, गाजा और लेबनान में जारी युद्धों के प्रबंधन, ईरान के साथ तनाव और अमेरिका के साथ संबंधों में आई दरार को लेकर उनकी सरकार का मूल्यांकन करेंगे। सैन्य अभियानों में नाकामी, बढ़ती मौतें और कोई स्पष्ट जीत न मिल पाने से उनकी 'मजबूत सुरक्षा पुरुष' वाली छवि को गहरा झटका लगा है। भ्रष्टाचार के आरोप और घरेलू राजनीतिक विवाद भी उनकी स्थिति को कमजोर कर रहे हैं। हाल ही में अमेरिका के नेतृत्व में क्षेत्रीय तनाव कम करने की कोशिशों ने भी नेतन्याहू की छवि को और चुनौती दी है।
सर्वे रिपोर्ट में क्या है?
पिछले सप्ताह चैनल 12 के प्रकाशित पोल के अनुसार, नेतन्याहू की लिकुड पार्टी और गादी आइजनकोट की याशर पार्टी दोनों 23-23 सीटों के साथ सबसे बड़ी पार्टियां हैं। चैनल 13 के एक अन्य पोल में अनुमान जताया गया कि आइजनकोट की पार्टी सबसे बड़ी बन सकती है, लेकिन हंग संसद की संभावना भी बनी हुई है, जिसमें कोई भी गुट 120 सदस्यीय नेसेट में 61 सीटों का बहुमत हासिल नहीं कर पाएगा।
इजरायल का चुनावी सिस्टम
इजरायल में पूरे देश में आनुपातिक प्रतिनिधित्व (Proportional Representation) का चुनावी सिस्टम है। मतदाता व्यक्तिगत उम्मीदवारों के बजाय पार्टियों को वोट देते हैं और नेसेट में सीटें वोट शेयर के अनुपात में बांटी जाती हैं। किसी भी पार्टी को नेसेट में प्रवेश के लिए न्यूनतम 3.25 प्रतिशत वोट हासिल करना जरूरी है।
2022 चुनाव की पृष्ठभूमि
याइर लैपिड सरकार के बहुमत खोने के बाद नवंबर 2022 में हुए चुनाव में नेतन्याहू के दक्षिणपंथी गठबंधन ने जीत हासिल की। लिकुड, ओत्जमा येहुदित, नोआम, धार्मिक जायोनी, यूनाइटेड टोरा जूडाइज्म और शास के गठबंधन ने 29 दिसंबर 2022 को शपथ ली। राजनीतिक विश्लेषकों ने इस सरकार को इजरायल के इतिहास की सबसे दक्षिणपंथी और धार्मिक रूप से रूढ़िवादी सरकार बताया था। अब देखना होगा कि युद्ध और सुरक्षा संकट के बीच इजरायली मतदाता नेतन्याहू को कितना समर्थन देते हैं।
लेखक के बारे में
Devendra Kasyapदेवेन्द्र कश्यप पिछले 13 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। अगस्त 2025 से वह लाइव हिन्दुस्तान (हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप) में चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर के पद पर कार्यरत हैं। संस्थान की होम टीम का वह एक अहम हिस्सा हैं। राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों पर उनकी पैनी नजर रहती है। वायरल कंटेंट के साथ-साथ लीक से हटकर और प्रभावशाली खबरों में उनकी विशेष रुचि है।
देवेन्द्र ने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत वर्ष 2013 में महुआ न्यूज से की। करियर के शुरुआती दौर में उन्होंने बिहार की राजधानी पटना में रिपोर्टिंग की। इस दौरान राजनीति के साथ-साथ क्राइम और शिक्षा बीट पर भी काम किया। इसके बाद उन्होंने जी न्यूज (बिहार-झारखंड) में अपनी सेवाएं दीं। वर्ष 2015 में ईनाडु इंडिया के साथ डिजिटल मीडिया में कदम रखा। इसके बाद राजस्थान पत्रिका, ईटीवी भारत और नवभारत टाइम्स ऑनलाइन जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में कार्य किया।
मूल रूप से बिहार के भोजपुरी बेल्ट रोहतास जिले के रहने वाले देवेन्द्र कश्यप ने अपनी प्रारंभिक और उच्च शिक्षा पटना से प्राप्त की। उन्होंने पटना विश्वविद्यालय से राजनीति विज्ञान में स्नातक की डिग्री हासिल की और MCU भोपाल से पत्रकारिता में डिप्लोमा किया। वर्तमान में वह उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में प्रवास कर रहे हैं।
और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


