Video: चाचा भागो यहां से... कतर पर ईरानी मिसाइल देख बोला युवक- हमारा रूम उड़ जाएगा

Mar 08, 2026 08:03 pm ISTDevendra Kasyap लाइव हिन्दुस्तान
share

खाड़ी क्षेत्र में जारी युद्ध जैसी स्थिति के बीच सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें कतर में अमेरिकी सैन्य अड्डे अल उदैद पर ईरान के मिसाइल हमले का दावा किया जा रहा है। वीडियो में विस्फोटों की गूंज और रात के आसमान में मिसाइलें उड़ती दिख रही हैं।

Video: चाचा भागो यहां से... कतर पर ईरानी मिसाइल देख बोला युवक- हमारा रूम उड़ जाएगा

खाड़ी क्षेत्र में जारी युद्ध जैसी स्थिति के बीच सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें कतर में अमेरिकी सैन्य अड्डे अल उदैद पर ईरान के मिसाइल हमले का दावा किया जा रहा है। वीडियो में विस्फोटों की गूंज और रात के आसमान में मिसाइलें उड़ती दिख रही हैं। बैकग्राउंड में एक शख्स हिंदी में बोलते हुए सुना जा रहा है, जो डर और घबराहट में चिल्ला रहा है।

वायरल वीडियो में वह व्यक्ति कहता सुनाई दे रहा है कि ये देखो, अभी अमेरिका का बेस है... हम पास में ही रहते हैं... ईरान जो हमला कर रहा है ना, ऐसा मार रहा है कि अगर एक भी इधर गिर गया तो हमारा रूम उड़ जाएगा। वह आगे कहता है कि पूरा रूम हिल रहा है, हमारी जान खतरे में है... पता नहीं बच पाएंगे या नहीं। अंत में वह चिल्लाता है और कहता है कि चाचा इधर ध्यान दे, इधर तो नहीं गिर जाएगा! और अचानक भागो यहां से चाचा... कहकर वीडियो खत्म होता है।

वायरल वीडियो कतर के दोहा इलाके में रहने वाले एक भारतीय या दक्षिण एशियाई मूल के व्यक्ति का बताया जा रहा है, जहां ईरान ने अमेरिकी अड्डे को निशाना बनाया। हालांकि वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन यह सोशल मीडिया पर लाखों बार देखा जा चुका है और क्षेत्र में बढ़ते खतरे की मिसाल बन गया है।

गौरतलब है कि 28 फरवरी 2026 को अमेरिका और इजरायल ने ईरान पर बड़े हमले किए, जिसमें ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत हो गई। इसके जवाब में ईरान ने इजरायल के अलावा खाड़ी देशों पर मिसाइल और ड्रोन हमले किए। कतर में अमेरिका का सबसे बड़ा सैन्य अड्डा अल उदैद मौजूद है, जिसे ईरान ने निशाना बनाया। ईरान ने सऊदी अरब, यूएई, कुवैत, बहरीन, इराक, जॉर्डन और अजरबैजान सहित कई देशों पर हमले किए, जिससे पूरा क्षेत्र युद्ध का मैदान बन गया।

ईरानी राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियन ने शनिवार को पड़ोसी देशों से हमलों के लिए माफी मांगी। उन्होंने कहा कि मुझे अपनी ओर से और ईरान की ओर से उन पड़ोसी देशों से माफी मांगनी चाहिए जिन पर हमला किया गया। उन्होंने स्पष्ट किया कि अब तक ईरान ने 'फायर एट विल' की नीति अपनाई, लेकिन अब निर्देश दिए गए हैं कि पड़ोसी देशों पर हमला नहीं किया जाएगा, जब तक उनसे ईरान पर हमला न हो।

हालांकि, उन्होंने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की 'बिना शर्त आत्मसमर्पण' की मांग को सिरे से खारिज कर दिया। पेजेश्कियन ने जोर देकर कहा कि ईरानी जनता कभी आत्मसमर्पण नहीं करेगी। शत्रुओं को यह इच्छा अपनी कब्र में ले जानी चाहिए।

Devendra Kasyap

लेखक के बारे में

Devendra Kasyap

देवेन्द्र कश्यप पिछले 13 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। अगस्त 2025 से वह लाइव हिन्दुस्तान (हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप) में चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर के पद पर कार्यरत हैं। संस्थान की होम टीम का वह एक अहम हिस्सा हैं। राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों पर उनकी पैनी नजर रहती है। वायरल कंटेंट के साथ-साथ लीक से हटकर और प्रभावशाली खबरों में उनकी विशेष रुचि है।

देवेन्द्र ने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत वर्ष 2013 में महुआ न्यूज से की। करियर के शुरुआती दौर में उन्होंने बिहार की राजधानी पटना में रिपोर्टिंग की। इस दौरान राजनीति के साथ-साथ क्राइम और शिक्षा बीट पर भी काम किया। इसके बाद उन्होंने जी न्यूज (बिहार-झारखंड) में अपनी सेवाएं दीं। वर्ष 2015 में ईनाडु इंडिया के साथ डिजिटल मीडिया में कदम रखा। इसके बाद राजस्थान पत्रिका, ईटीवी भारत और नवभारत टाइम्स ऑनलाइन जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में कार्य किया।

मूल रूप से बिहार के भोजपुरी बेल्ट रोहतास जिले के रहने वाले देवेन्द्र कश्यप ने अपनी प्रारंभिक और उच्च शिक्षा पटना से प्राप्त की। उन्होंने पटना विश्वविद्यालय से राजनीति विज्ञान में स्नातक की डिग्री हासिल की और MCU भोपाल से पत्रकारिता में डिप्लोमा किया। वर्तमान में वह उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में प्रवास कर रहे हैं।

और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।