सऊदी अरब में मिसाइल हमले में 2 की मौत, मरने वालों में एक भारतीय भी शामिल

Mar 09, 2026 12:01 am ISTDevendra Kasyap लाइव हिन्दुस्तान
share

सऊदी अरब के अल-खारज शहर में रविवार को एक रिहायशी इलाके में मिसाइल गिरने से दो लोगों की मौत हो गई और 12 अन्य घायल हो गए। मृतकों में एक भारतीय नागरिक और एक बांग्लादेशी नागरिक शामिल हैं, जबकि सभी 12 घायल बांग्लादेशी निवासी बताए गए हैं।

सऊदी अरब में मिसाइल हमले में 2 की मौत, मरने वालों में एक भारतीय भी शामिल

सऊदी अरब के अल-खारज शहर में रविवार को एक रिहायशी इलाके में मिसाइल गिरने से दो लोगों की मौत हो गई और 12 अन्य घायल हो गए। सऊदी नागरिक सुरक्षा महानिदेशालय ने इस घटना की पुष्टि की है। मृतकों में एक भारतीय नागरिक और एक बांग्लादेशी नागरिक शामिल हैं, जबकि सभी 12 घायल बांग्लादेशी निवासी बताए गए हैं। बताया जा रहा है कि हमला एक रखरखाव एवं सफाई कंपनी के आवासीय परिसर में हुआ, जहां बहुत नुकसान भी हुआ है।

नागरिक सुरक्षा के आधिकारिक प्रवक्ता ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट में कहा कि अल-खारज प्रांत में एक रखरखाव कंपनी से जुड़े आवासीय स्थान पर मिसाइल गिरने की घटना पर तुरंत प्रतिक्रिया दी गई। इस हादसे में भारतीय और बांग्लादेशी राष्ट्रीयता के दो व्यक्तियों की मौत हुई तथा 12 बांग्लादेशी घायल हुए। हालांकि अधिकारियों ने अभी तक मृतकों के नाम और पहचान सार्वजनिक नहीं की है। यह घटना मध्य पूर्व में बढ़ते तनाव के बीच हुई है, जिसमें ईरान द्वारा खाड़ी देशों पर मिसाइल हमलों की खबरें सामने आ रही हैं।

भारतीय दूतावास ने जारी की एडवाइजरी

मध्य पूर्व में बढ़ते संघर्ष को देखते हुए रियाद स्थित भारतीय दूतावास ने सऊदी अरब में रहने वाले भारतीय नागरिकों के लिए सतर्कता बरतने की सलाह जारी की है। दूतावास ने एडवाइजरी में कहा है कि सभी भारतीय नागरिक सतर्क रहें, सऊदी अरब की सुरक्षा दिशानिर्देशों का सख्ती से पालन करें तथा स्थानीय अधिकारियों और दूतावास द्वारा जारी निर्देशों का अनुपालन करें।

दूतावास ने स्पष्ट किया कि रियाद में उसका कार्यालय तथा जेद्दा में भारतीय वाणिज्य दूतावास सामान्य रूप से कार्यरत हैं। वीएफएस के माध्यम से सेवाएं जारी हैं और नियमित कांसुलर शिविरों का आयोजन भी हो रहा है। इसके अलावा, कई एयरलाइंस रियाद, जेद्दा और दम्माम से भारत के विभिन्न शहरों के लिए उड़ानें संचालित कर रही हैं। भारतीय और सऊदी एयरलाइंस ने जेद्दा और मदीना से अपनी निर्धारित उड़ानें बहाल कर दी हैं।

Devendra Kasyap

लेखक के बारे में

Devendra Kasyap

देवेन्द्र कश्यप पिछले 13 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। अगस्त 2025 से वह लाइव हिन्दुस्तान (हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप) में चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर के पद पर कार्यरत हैं। संस्थान की होम टीम का वह एक अहम हिस्सा हैं। राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों पर उनकी पैनी नजर रहती है। वायरल कंटेंट के साथ-साथ लीक से हटकर और प्रभावशाली खबरों में उनकी विशेष रुचि है।

देवेन्द्र ने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत वर्ष 2013 में महुआ न्यूज से की। करियर के शुरुआती दौर में उन्होंने बिहार की राजधानी पटना में रिपोर्टिंग की। इस दौरान राजनीति के साथ-साथ क्राइम और शिक्षा बीट पर भी काम किया। इसके बाद उन्होंने जी न्यूज (बिहार-झारखंड) में अपनी सेवाएं दीं। वर्ष 2015 में ईनाडु इंडिया के साथ डिजिटल मीडिया में कदम रखा। इसके बाद राजस्थान पत्रिका, ईटीवी भारत और नवभारत टाइम्स ऑनलाइन जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में कार्य किया।

मूल रूप से बिहार के भोजपुरी बेल्ट रोहतास जिले के रहने वाले देवेन्द्र कश्यप ने अपनी प्रारंभिक और उच्च शिक्षा पटना से प्राप्त की। उन्होंने पटना विश्वविद्यालय से राजनीति विज्ञान में स्नातक की डिग्री हासिल की और MCU भोपाल से पत्रकारिता में डिप्लोमा किया। वर्तमान में वह उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में प्रवास कर रहे हैं।

और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।