युद्धविराम पर संकट! नेतन्याहू का दावा- लेबनान में सीजफायर तोड़ रहा हिजबुल्लाह
इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने रविवार को कहा कि लेबनान में युद्धविराम समझौते को हिजबुल्लाह लगातार तोड़ कर रहा है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि इजरायल अपनी उत्तरी सीमा की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक बलपूर्वक कार्रवाई जारी रखेगा।

इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने रविवार को कहा कि लेबनान में युद्धविराम समझौते को हिजबुल्लाह लगातार तोड़ कर रहा है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि इजरायल अपनी उत्तरी सीमा की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक बलपूर्वक कार्रवाई जारी रखेगा। सरकारी बैठक की शुरुआत में बोलते हुए नेतन्याहू ने कहा कि कई लोगों को लग सकता है कि इजरायल रक्षा बल (IDF) लेबनान में सक्रिय नहीं है, लेकिन यह पूरी तरह सक्रिय है और सख्त कार्रवाई कर रहा है। हिजबुल्लाह युद्धविराम को प्रभावी रूप से तोड़ रहे हैं।
प्रधानमंत्री ने जोर देकर कहा कि इजरायल का सबसे महत्वपूर्ण दायित्व अपने नागरिकों, सैनिकों और उत्तरी सीमा से सटे समुदायों की सुरक्षा करना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इजरायली सेनाएं अमेरिका के साथ तय नियमों और समन्वय के ढांचे के तहत काम कर रही हैं, जिसमें लेबनान भी शामिल है। उन्होंने आगे कहा कि हमारे लिए सबसे बड़ी प्राथमिकता इजरायल की सुरक्षा, हमारे सैनिकों की सुरक्षा और हमारे समुदायों की सुरक्षा है। हम अमेरिका और लेबनान के साथ हुए समझौते के अनुसार सख्ती से कार्रवाई कर रहे हैं। इसका मतलब है कि हम न सिर्फ हमलों का जवाब देंगे, बल्कि तात्कालिक खतरों को विफल करने और उभरते खतरों को बेअसर करने की भी स्वतंत्रता रखते हैं।
नेतन्याहू ने आईडीएफ की उत्तरी कमान के हवाले से बताया कि पिछले दो हफ्तों में इजरायली सेना ने 46 आतंकवादियों को मार गिराया है। उन्होंने कहा कि हम कड़े हाथ से काम करेंगे। हम इस अराजकता को बर्दाश्त नहीं करेंगे। उत्तरी इलाके में सुरक्षा बहाल करने के लिए जो भी जरूरी होगा, हम करेंगे। बता दें कि गुरुवार को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इजरायल और लेबनान के बीच युद्धविराम को तीन सप्ताह के लिए बढ़ाने की घोषणा की थी। ट्रंप ने कहा था कि अमेरिका लेबनान को हिजबुल्लाह से खुद की रक्षा करने में मदद करेगा।
दूसरी ओर हिजबुल्लाह ने नेतन्याहू के आरोपों को ‘बेतुका’ बताते हुए खारिज कर दिया है। समूह ने इजरायल पर ही युद्धविराम का उल्लंघन करने और कुछ क्षेत्रों में सैन्य उपस्थिति बनाए रखने का आरोप लगाया है। हिजबुल्लाह का कहना है कि उसकी कार्रवाइयां इजरायली उल्लंघनों के जवाब में रक्षात्मक हैं। अल जजीरा की रिपोर्ट के अनुसार, दोनों पक्ष एक-दूसरे पर युद्धविराम तोड़ने का आरोप लगा रहे हैं, जबकि क्षेत्र में तनाव अभी भी बरकरार है।
लेखक के बारे में
Devendra Kasyapदेवेन्द्र कश्यप पिछले 13 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। अगस्त 2025 से वह लाइव हिन्दुस्तान (हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप) में चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर के पद पर कार्यरत हैं। संस्थान की होम टीम का वह एक अहम हिस्सा हैं। राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों पर उनकी पैनी नजर रहती है। वायरल कंटेंट के साथ-साथ लीक से हटकर और प्रभावशाली खबरों में उनकी विशेष रुचि है।
देवेन्द्र ने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत वर्ष 2013 में महुआ न्यूज से की। करियर के शुरुआती दौर में उन्होंने बिहार की राजधानी पटना में रिपोर्टिंग की। इस दौरान राजनीति के साथ-साथ क्राइम और शिक्षा बीट पर भी काम किया। इसके बाद उन्होंने जी न्यूज (बिहार-झारखंड) में अपनी सेवाएं दीं। वर्ष 2015 में ईनाडु इंडिया के साथ डिजिटल मीडिया में कदम रखा। इसके बाद राजस्थान पत्रिका, ईटीवी भारत और नवभारत टाइम्स ऑनलाइन जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में कार्य किया।
मूल रूप से बिहार के भोजपुरी बेल्ट रोहतास जिले के रहने वाले देवेन्द्र कश्यप ने अपनी प्रारंभिक और उच्च शिक्षा पटना से प्राप्त की। उन्होंने पटना विश्वविद्यालय से राजनीति विज्ञान में स्नातक की डिग्री हासिल की और MCU भोपाल से पत्रकारिता में डिप्लोमा किया। वर्तमान में वह उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में प्रवास कर रहे हैं।
और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


